क्या आपका गेंदे का पौधा भी मुरझा रहा है? फूलों से लद जाएगी हर एक डाली, अगर 3 बातों का रखेंगे ध्यान
गेंदे के पौधे को मुरझाने से बचाने और ढेर सारे फूल पाने के लिए कुछ बेसिक बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

ऐसे करें गेंदे के पौधे की सही देखभाल (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दियों का मौसम हो या त्योहारों का समय, गेंदे के बिना हर घर का बगीचा अधूरा-सा लगता है। इसके चमकीले पीले और नारंगी फूल न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि मन को भी खुश कर देते हैं।
हालांकि, कई बार हम बड़े चाव से गेंदे का पौधा लाते हैं और कुछ ही दिनों में वह मुरझाने लगता है या उसमें फूल आना बंद हो जाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। बस अपने पौधे की देखभाल में इन तीन आसान बातों का ध्यान रखें और फिर देखिए कैसे आपका पौधा फूलों से भर जाता है।

(Image Source: AI-Generated)
ओवरवॉटरिंग से बचें
गेंदे के पौधे के मुरझाने का सबसे बड़ा कारण है- जरूरत से ज्यादा पानी देना। हम अक्सर पौधे को हरा-भरा रखने के चक्कर में हर दिन पानी डाल देते हैं, जिससे इसकी जड़ें गलने लगती हैं और पौधा मुरझा जाता है। गेंदे को बहुत ज्यादा नमी पसंद नहीं है। पानी तभी दें जब गमले की ऊपरी एक-दो इंच मिट्टी पूरी तरह से सूखी लगे। इसके अलावा, हमेशा ध्यान रखें कि आपके गमले से एक्स्ट्रा पानी बाहर निकलने की अच्छी व्यवस्था हो।
भरपूर धूप है जरूरी
गेंदा धूप से प्यार करने वाला पौधा है। अगर आपने इसे किसी ऐसी जगह रखा है जहां छाया रहती है, तो पौधा लंबा तो हो जाएगा लेकिन उसमें फूल नहीं आएंगे। गेंदे के पौधे को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे की सीधी और तेज धूप मिलनी चाहिए। जितनी अच्छी धूप मिलेगी, पौधे की डालियां उतनी ही मजबूत होंगी और कलियों का आकार भी उतना ही बड़ा होगा।
सूखे फूलों की छंटाई
यह गेंदे से ढेरों फूल पाने का सबसे असरदार तरीका है। जब भी पौधे पर कोई फूल खिलकर सूखने या मुरझाने लगे, तो उसे तने के पास से तोड़कर हटा दें। अगर आप सूखे फूल को पौधे पर ही छोड़ देंगे, तो पौधा अपनी सारी ऊर्जा बीज बनाने में लगाने लगेगा और नई कलियां आना बंद हो जाएंगी। सूखे फूलों को हटाने से पौधे को नई शाखाएं और कलियां बनाने का सिग्नल मिलता है, जिससे पौधा घना होता है।
इन तीन तरीकों के साथ, महीने में एक बार पौधे की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करके उसमें थोड़ी-सी गोबर की खाद या केंचुए की खाद मिला दें। बस इतनी-सी देखभाल आपके गेंदे के पौधे में नई जान फूंक देगी और जल्द ही उसकी हर एक डाली खूबसूरत फूलों से लद जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।