विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल की स्क्रीन से बच्चों के दिमाग तक पहुंच रही नफरत, वायरल वीडियो से बना रहे दुनिया के बारे में राय

Published: Sun, 22 Nov 2026 04:49 PM (GMT+05:30)

डिजिटल युग में बच्चे मोबाइल स्क्रीन पर वायरल वीडियो से दुनिया के बारे में राय बना रहे हैं, जिससे उनमें विदेशियों के प्रति पूर्वाग्रह बढ़ रहा है।

बच्चों की मानसिकता पर वायरल वीडियो के नकारात्मक असर को दर्शाती एक तस्वीर। (AI जनरेटेड ग्राफिक)

बच्चों की मानसिकता पर वायरल वीडियो के नकारात्मक असर को दर्शाती एक तस्वीर। (AI जनरेटेड ग्राफिक)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज के डिजिटल दौर में बच्चों की दुनिया काफी बदल गई है। वे अब बाहर निकलकर नए लोगों से मिलने और उनकी संस्कृति समझने के बजाय, मोबाइल स्क्रीन पर ही पूरी दुनिया देख रहे हैं। इसका एक बड़ा नुकसान यह हो रहा है कि इंटरनेट पर मौजूद किसी भी भ्रामक वीडियो या फेक न्यूज को बच्चे बिना सोचे-समझे सच मान लेते हैं।

अगर किसी एक वायरल वीडियो में कोई विदेशी व्यक्ति गलत व्यवहार करता दिख जाए, तो बच्चे अक्सर पूरे देश या समुदाय के बारे में वैसी ही नकारात्मक राय बना लेते हैं।

social media algorithms and children

मोबाइल पर कंटेंट देखते हुए सोच में डूबे दो बच्चे। (AI जनरेटेड तस्वीर)

जापान की रिसर्च के चौंकाने वाले आंकड़े

टोक्यो यूनिवर्सिटी के समाज विज्ञान के प्रोफेसर नोरिहिरो नीहेई ने हाल ही में 10 सरकारी स्कूलों के करीब 2,000 बच्चों पर एक सर्वे किया। इसके नतीजे काफी डराने वाले हैं। सर्वे में 41.5% छात्रों का साफ तौर पर मानना था कि विदेशियों की आबादी बढ़ने से उनके समाज को कोई फायदा नहीं होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि साल 2022 में ऐसा सोचने वाले बच्चों की संख्या महज 22.2% थी। यानी सिर्फ तीन साल के भीतर दूसरे देश के लोगों के प्रति पूर्वाग्रह रखने वाले स्कूली बच्चों का आंकड़ा लगभग दोगुना हो गया है।

ब्रेनवॉश के पीछे सोशल मीडिया का हाथ

आखिर बच्चों की सोच में यह बदलाव कहां से आ रहा है? जापान के संचार मंत्रालय के आंकड़े बताते हैं कि वहां 6 से 12 साल के 42% से ज्यादा बच्चे सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। जैसे ही बच्चे 13 साल के होते हैं, यह संख्या छलांग लगाकर 92.9% तक पहुंच जाती है।

कांडा यूनिवर्सिटी ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के लेक्चरर जेफ्री हॉल बताते हैं कि सोशल मीडिया पर विदेशियों के खिलाफ कंटेंट बार-बार सामने आता है, जो बच्चों के दिमाग पर गहरा असर डालता है। इसके उलट, 'इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर द इवैल्यूएशन ऑफ एजुकेशनल अचीवमेंट' का कहना है कि जो स्कूल बच्चों को मिलजुल कर रहना और आपसी विश्वास सिखाते हैं, वहां के छात्र विदेशी प्रवासियों के प्रति कहीं ज्यादा संवेदनशील होते हैं और उनके मन में नफरत कम होती है।

भारत में भी तेजी से बदल रहे हैं हालात

यह परेशानी सिर्फ जापान तक सीमित नहीं है। भारत में भी 14 से 16 साल की उम्र के करीब 90% बच्चों के घर में स्मार्टफोन मौजूद है। इनमें से 76% बच्चे सोशल मीडिया का खूब इस्तेमाल करते हैं। स्क्रीन से चिपके रहने के कारण उनका असली दुनिया में लोगों से आमने-सामने का मिलना-जुलना बहुत कम हो गया है।

फर्जी खबरों के जाल में फंस रहे बच्चे

यूनिसेफ इंडिया के एक ऑनलाइन सेफ्टी सर्वे के मुताबिक, 40% लोगों ने माना कि वे दिन भर में 4 घंटे से ज्यादा समय इंटरनेट पर बिताते हैं। ऐसे में बच्चों को सही 'डिजिटल समझ' देना बहुत जरूरी हो गया है। 'यूथ टाइम जापान' की एक रिपोर्ट बताती है कि हाई स्कूल के लगभग 32% लड़के और 42% लड़कियां इंटरनेट पर झूठी जानकारी का शिकार हो चुके हैं। इनमें से 29% लड़कों और 40% लड़कियों ने यह भी माना कि वे असली और फर्जी खबर में फर्क पहचानने का आत्मविश्वास नहीं रखते।

आज के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जमाने में किसी भी वीडियो या फोटो का सच जानना और भी ज्यादा मुश्किल हो गया है। नस्लभेद विरोधी शिक्षा पर काम कर चुकीं शोधकर्ता मिजुकी नाकाहारा स्पष्ट करती हैं कि आज के समय में स्कूलों के अंदर ऐसी शिक्षा देने की सख्त जरूरत है, जिससे बच्चे इंटरनेट पर विदेशियों के खिलाफ फैलाई जा रही नफरत और झूठ को आसानी से पहचान सकें।

यह भी पढ़ें- जिम, स्पोर्ट्स और डेटिंग की बातें छोड़, क्लब में नॉवेल पढ़ते हैं ये लड़के; बदल रहे मर्दानगी की पुरानी परिभाषा

यह भी पढ़ें- जवानी में फिर से लौटा बचपन! खिलौने खरीदने से लेकर पुरानी हॉबी तक, क्यों बढ़ रहा युवाओं में किडल्टिंग का क्रेज?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।