'हजमा रे धीरे-धीरे कटिहे' मुंडन का वो मजेदार मैथिली लोकगीत, जिसमें नाई के सामने होती है मौसी की टांग खिंचाई
बिहार में बच्चे के मुंडन संस्कार में कई लोकगीत गाए जाते हैं, जिनमें हजाम से विनती की जाती है कि वो बच्चे के बाल आराम से काटे।

बच्चे के मुंडन संस्कार में महिलाएं गाती हैं लोकगीत (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार के लोक संगीत की खासियत है कि हर मौके के लिए खास गीत मिल जाते हैं। हालांकि, अक्सर लोग इन्हें सिर्फ पवन सिंह के गाए गानों तक ही सीमित समझते हैं, लेकिन असल में बिहार की लोक संस्कृति में एक से बढ़कर एक लोकगीत मिलते हैं।
ऐसा ही एक लोकगीत है हजमा रे धीरे धीरे कटिहे बऊआ के केसिया। ये गाना बच्चे के मुंडन पर गाया जाता है और मिथिलांचल क्षेत्र में काफी मशहूर है। आइए जानें क्या कहता है ये गीत और मुंडन गीतों की खासियत क्या होती है।
बच्चे के मुंडन पर गाया जाता है ये गीत
इस गीत में बच्चे के मुंडन पर हजाम यानी नाई से विनती की जा रही है कि वो बच्चे के बाल बहुत आराम से काटे। ये बच्चा बड़ा दुलारा है और इसके बदले उसे ढेर सारे तोहफे दिए जाएंगे। इस गीत में हजाम को देने के लिए तरह-तरह के नेग का जिक्र हुआ है, जैसे धोती-कुर्ता, कान की बालियां आदि, ताकि हजाम बच्चे के बाल बहुत आराम-आराम से काटे।
गीत में बच्चे की नानी, दादी, मौसी और मामी का जिक्र है। नानी उपहार देगी, दादी गांव में मिठाई बंटवाएगी जैसी बातें बच्चे के मुंडन की खुशी को बयां करते हैं। वहीं, इस लोकगीत में हल्का-फुल्का हंसी-मजाक भी देखने को मिलता है। मजाक में कहा जा रहा है कि हजाम बच्चे के बाल प्यार से काटो, तो इसकी मौसी और मामी, दोनों तुम्हें दे दूंगी।
क्या है मुंडन गीतों की खासियत?
बिहार में बच्चे का मुंडन बहुत बड़ा संस्कार माना जाता है। इसलिए इस दौरान कई तरह के गीत गाए जाते हैं, जिन्हें मुंडन गीत कहा जाता है। ये गीत मुंडन के माहौल को और भी मजेदार बना देते हैं। मुंडन संस्कार में बच्चे के बाल काटे जाते हैं, जिसके लिए हजाम को बुलाया जाता है और बच्चे की बुआ, दीदी, मौसी आदि लापर लेती हैं।
इन गीतों में बच्चे के लिए प्यार सुनने को मिलता है और साथ ही, घरवालों पर व्यंग्य भी सुनने को मिलता है, खासकर बुआ, मौसी और मामी पर। इन गीतों में मुंडन पर हजाम को दिए जाने वाले तोहफे का खुलकर जिक्र किया जाता है और इसी में मस्ती-मजाक करते हुए परिवार के सदस्यों की टांग खिंचाई भी की जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।