घर की लोकेशन से लेकर बच्चों की सेहत तक, सब बदल रहा है प्रदूषण; जानिए कैसे 'हवा खरीदने' को मजबूर है आम आदमी
हवा में घुलते जहर की कौन उठाए जिम्मेदारी, अब तो घर-घर एयर प्यूरीफायर की है तैयारी।

प्रदूषण की कड़वी हकीकत बयां करता व्यंग्य (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
विवेक रंजन अग्निहोत्री, मुंबई। पिछले हफ्ते मेरा जन्मदिन था। सोचा, बचपन के कुछ दोस्तों को बुलाया जाए। बहुत मिन्नतों के बाद जुम्मन मियां भी राजी हुए। कोई बीस साल बाद भोपाल से बाहर निकल रहे थे। मैं उन्हें लेने एयरपोर्ट पहुंचा। आते ही गले लगाकर बोले, 'मियां, तुम तो जन्नत में रहते हो!' मैं अचकचा गया। तीस साल से मुंबई में रह रहा हूं। लाखों लोगों को इसे जहन्नुम कहते सुना है, मगर पहली बार किसी ने इसे जन्नत बताया था।
'वो कैसे, मियां?'
जुम्मन मियां बोले, 'अरे मियां, हम पूरे रास्ते खिड़की से बाहर टकटकी लगाए देखते रहे। मुंबई के बारे में इतना सुना था कि ऊपर से देखो तो स्लम्स ही स्लम्स दिखाई देते हैं। मगर हमें तो कहीं कोई स्लम दिखाई नहीं दिया। बस खूबसूरत बादल ही बादल।'
मैं मुस्कराया। 'जुम्मन मियां, वो बादल नहीं, प्रदूषण था।'
'जो भी हो, क्या फर्क पड़ता है? है तो जन्नत जैसा ख़ूबसूरत!'
'आपको प्रदूषण खूबसूरत लगता है?'
'नज़र-नज़र की बात है मियां। खुद की बेगम को देखो तो हूर लगती हैं। डाक्टर को दिखाओ तो कहेगा बहत्तर प्रतिशत पानी, दस प्रतिशत लोहा, सौ-दो सौ तरह के तत्व और बाकी हड्डियों का पुलिंदा। अब डाक्टर की नजर से बेगम को देखोगे तो शादी कैसे निभेगी?'
मैंने कहा, 'वो अलग बात है। यह प्रदूषण इंसान को मार रहा है। दिल्ली में बच्चों के फेफड़ों पर इसका असर पड़ रहा है। हवा में जहर घुला है। इसमें किसी को क्या ख़ूबसूरती नजर आ सकती है?'
'अरे मियां! आप तो बात ही ऐसी कर रहे हैं जैसे प्रदूषण का कोई फ़ायदा ही न हो। हमसे पूछिए, हम आपको इसके हज़ार फायदे गिना सकते हैं।'
मैं ज़ोर से हंसा। हमारी गाड़ी ट्रैफिक में फंसी थी। चारों तरफ गाड़ियां काला, सफ़ेद, नीला, पीला धुआं उगल रही थीं। 'लीजिए, यह रहा आपका प्रदूषण। बताइए, क्या फायदे हैं इसके?'
जुम्मन मियां ने खिड़की खोली, तंबाकू थूका, एक लंबी सांस ली और बोले, 'सुनोगे, मगर बीच में टोकना मत।'
'फ़रमाइए।'
'सबसे पहला फ़ायदा तो यह है कि अब आदमी को सुबह-सुबह सूरज देखने की ज़हमत नहीं उठानी पड़ती। वरना हमारी बेगम सुबह से पीछे पड़ जाती थीं, मियां, उठिए, सूरज सिर पर चढ़ आया। अब सूरज कब निकला, कब डूबा, किसी को ख़बर ही नहीं। घर में सुकून है। शहर में सुकून है।'
'लेकिन इससे लोगों की सेहत ख़राब हो रही है।'
'मियां, आप हर बात में नुक़सान क्यों ढूंढ़ते हैं? अस्पतालों की आमदनी देखिए। डाक्टरों का कारोबार बढ़ रहा है। आप ही तो कहते हैं कि अच्छे अस्पताल होने चाहिए। अब आमदनी बढ़ेगी तभी तो अस्पताल अच्छे बनेंगे! कोई अर्थव्यवस्था की भी तो सोचे।'
मैंने कहा, 'आप बीमारी को रोज़गार बता रहे हैं?'
'बिल्कुल! कोई स्माग माप रहा है, कोई मास्क बेच रहा है, कोई एयर प्यूरीफायर बना रहा है, कोई फेफड़े ठीक कर रहा है। कितने नए रोज़गार पैदा हुए हैं। आदमी की सांस भले छोटी हो रही हो, अस्पतालों के बिल लंबे होते जा रहे हैं। इसे कहते हैं रोज़गार!'
मैंने सिर पकड़ लिया।
वो आगे बोले, 'और सबसे बड़ी बात, प्रदूषण ने अमीर-ग़रीब का फ़र्क़ मिटा दिया है। दोनों एक ही हवा में सांस ले रहे हैं।'
मैंने कहा, 'लेकिन अमीर के पास एयर प्यूरीफायर है।'
'तो क्या हुआ? बराबरी का मतलब यह थोड़ी है कि सबको एक जैसी सुविधा मिले। बराबरी का मतलब है कि तकलीफ़ सबको बराबर हो। मियां, तुम्हें एयर प्यूरीफायर में निवेश करना चाहिए। मिडिल क्लास आदमी हो, जरूर एफडी और म्यूचुअल फंड में पैसा लगाते होगे। अब एयर प्यूरीफायर में लगाओ। कम से कम तुम्हारे बाद बच्चे कहेंगे कि अब्बा ने हमारी सांसों में निवेश किया था।'
'बच्चों का क्या? उनके फेफड़ों पर बुरा असर पड़ रहा है। डाक्टर्स बता रहे हैं उनके फेफड़े काले हो गए हैं।' मैंने गंभीरता से पूछा।
'गलत। बच्चों का तो और भी फ़ायदा हुआ है। पहले बच्चे ज़िद करते थे अब्बा, पहाड़ों पर ले चलो, जंगल दिखाओ, नदी दिखाओ। अब बच्चे घर से निकलना ही नहीं चाहते। पेड़-पहाड़ देखने की बजाय उनकी अहमियत समझने लगे हैं। इंटरनेट मीडिया में प्रदूषण के खिलाफ और पेड़ पौधों से मोहब्बत जताते हैं। मियां, अब तो बच्चे घर बैठे ही क़ुदरत की अहमियत समझने लगे हैं। इसे कहते हैं तालीम! इसे कहते हैं विकास।'
मैं अपने ग़ुस्से को रोक नहीं पाया। 'मज़ाक़ छोड़िये, यह सब इसलिए है कि आप जैसे लोग सरकार और प्रशासन से सवाल नहीं पूछते। उन्हें ज़िम्मेदार नहीं ठहराते।'
जुम्मन मियां खिलखिलाकर हंसे।
'मियां, राजनीति की बात छेड़ दी तो सुनिए। प्रदूषण ने तो हमारे मुल्क के सूबों में आपसी भाईचारा बढ़ा दिया है। दिल्ली कहती है पंजाब ज़िम्मेदार है, पंजाब कहता है हरियाणा, हरियाणा कहता है दिल्ली। पूरा मुल्क मिल-जुल कर गुनहगार ढूंढ रहे हैं।'
'लेकिन ज़िम्मेदारी तो किसी को लेनी पड़ेगी।'
'क्यों नहीं! हर सरकार के पास जवाब तैयार है। प्रदूषण हमारे ज़माने में नहीं, पिछली सरकार के ज़माने में शुरू हुआ था।'
'जुम्मन मियां, आप जैसे नेता हों तो विकास 2047 की जगह कल ही आ जाएगा।' मैंने तंज कसा।
वो बोले, 'विकास का तो पूछो ही नहीं मियां। देखो, पहले किसान अनाज उगाता था, अब पराली जलाकर राष्ट्रीय बहस उगाता है। मीडिया को कंटेंट मिलता है, अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। घर ख़रीदने से पहले लोग लोकेशन देखते थे, अब एक्यूआइ देखते हैं। रियल एस्टेट में पहली बार हवा की भी क़ीमत लग रही है।'
'तो आपके हिसाब से प्रदूषण विकास है?'
'बिल्कुल! विकास से प्रदूषण पैदा होता है और प्रदूषण से नया विकास। इसे कहते हैं सर्कुलर इकानमी। पहले लोग हवा मुफ़्त में लेते थे। अब मास्क, आक्सीजन और प्यूरीफायर ख़रीदते हैं। पैसा घूम रहा है मियां! साफ़ हवा में कोई बिज़नेस माडल नहीं है। हवा ख़राब होगी तभी तो उसे साफ़ करने का धंधा चलेगा।'
मैंने कहा, 'तो क्या सरकार को प्रदूषण रोकना ही नहीं चाहिए?'
'सरकार पांच साल के लिए चुनी जाती है मियां। हवा पांच पीढ़ियों के लिए ख़राब की जाती है। इतनी दूरदर्शिता हर किसी में नहीं होती!'
मैंने खिड़की से बाहर देखा। धुएं की मोटी परत में सूरज किसी सरकारी फ़ाइल की तरह अटका हुआ था। मैंने कहा, 'मियां, सच बताइए, आपको वाक़ई लगता है कि यह सब अच्छा है? आख़िर आदमी को साफ़ हवा तो चाहिए।'
जुम्मन मियां कुछ देर ख़ामोश रहे। फिर बोले, 'मियां, आपने एक बात सोची कभी। ज़माने के साथ हर बात बदली बस ज़िंदगी का फ़लसफ़ा वहीं के वहीं अटका है। हज़ारों साल से लोग कहते थे आदमी मिट्टी से बना है और मिट्टी में मिल जाना है। अब आदमी को समझ आ रहा है कि सब हवा से बना है हवा में घुल जाना है।'
मैंने खांसते हुए कहा, 'आपको मज़ाक सूझ रहा है? यह हमारी आने वाली पीढ़ियों की ज़िंदगी का सवाल है।'
उन्होंने मेरी पीठ थपथपाई। 'मियां, तुम बड़े सीधे आदमी हो। दुनिया में सबसे मुश्किल काम सच को पहचानना नहीं, उसे मानना है। सरकारों से सीखो। जब सच बदलना मुश्किल हो जाए तो उसका नाम बदल दो। कोहरे को बादल कह दो, बीमारी को रोज़गार और प्रदूषण को विकास। फिर देखो, चारों तरफ़ कितनी ख़ुशहाली नज़र आती है।'
गाड़ी आगे बढ़ने लगी थी। मैंने शीशा बंद कर दिया। जुम्मन मियां ने आंखें मूंद लीं और बोले, 'वाह! क्या मौसम है। जन्नत का मज़ा आ गया।'
मैंने एयर प्यूरीफायर का आर्डर देने के लिए मोबाइल निकाला।
जुम्मन मियां ने आंख खोली और पूछा, 'क्या कर रहे हो?'
मैंने कहा, 'हवा ख़रीद रहा हूं।'
वो मुस्कराए, 'मुबारक हो मियां। अब तुम भी तरक़्क़ी कर रहे हो! तुम तरक़्क़ी करोगे, देश तरक्की करेगा। इसे ही कहते हैं विकास।'
(राष्ट्रीय पुरस्कार सम्मानित फिल्मकार एवं बेस्टसेलिंग लेखक)
यह भी पढ़ें- उम्र का असर मानकर न टालें सांस फूलने की परेशानी, अंदर ही अंदर फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती है ये साइलेंट बीमारी
यह भी पढ़ें- हर खांसी की वजह सिर्फ 'प्रदूषण' नहीं! जानिए जहरीली हवा के बीच कब है डॉक्टर से मिलने की जरूरत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।