आज रात आसमान पर नजर डालना न भूलें! दिखेगा Hunter’s Moon का खूबसूरत नजारा, जानिए क्यों पड़ा इस चांद का ऐसा नाम
अक्टूबर में 'हंटर्स मून' अपनी पूरी खूबसूरती के साथ आसमान में छाने वाला है, जो एक शानदार खगोलीय दृश्य होगा।

आसमान में छाएगा 'हंटर्स मून' का जादू (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको रात के सन्नाटे में चमकते हुए बड़े से चांद को निहारना पसंद है? अगर हां, तो तैयार हो जाइए, क्योंकि अक्टूबर का आसमान एक बेहद जादुई नजारे का गवाह बनने जा रहा है।
दरअसल, अब हंटर्स मून (Hunter's Moon 2026) अपनी पूरी खूबसूरती के साथ आसमान में छाने वाला है। बता दें, यह सिर्फ एक आम पूर्णिमा नहीं है, बल्कि एक ऐसा शानदार खगोलीय दृश्य है जो आपको अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी से पल भर का ब्रेक लेकर, बाहर खुले आसमान की ओर देखने पर मजबूर कर देगा।
भारत में हंटर्स मून देखने का समय
भारत में यह फुल मून 26 अक्टूबर को सुबह 9:41 बजे अपने 100% पीक पर होगा। दिन का समय होने के कारण हम इस पल को नहीं देख सकेंगे। हालांकि, इंसानी आंखों को पीक के आसपास दो-तीन रातों तक चांद पूरा ही दिखाई देता है, इसलिए 25 और 26 अक्टूबर की रात में यह बिल्कुल गोल ही नजर आएगा।
नाम के पीछे छिपी है दिलचस्प कहानी
नासा के अनुसार, 'हंटर्स मून' का नाम उत्तरी गोलार्ध की पीढ़ियों पुरानी परंपराओं से जुड़ा है। फसल कटने के बाद खेत खाली हो जाते थे, जिससे तेज चांदनी में शिकारियों के लिए जानवरों को ढूंढना और सर्दियों के लिए खाना जुटाना आसान हो जाता था। मौसम में बदलाव और ठंड की शुरुआत के कारण कुछ मूल समुदाय इसे 'माइग्रेटिंग मून' और 'फ्रीजिंग मून' के नाम से भी पुकारते हैं।
चांद पर क्या आएगा नजर?
इस दौरान सूरज की रोशनी चांद पर बिल्कुल सीधी पड़ती है, जिससे आमतौर पर दिखने वाली गड्ढों की परछाइयां गायब हो जाती हैं। यह समय चांद के गहरे, चिकने ज्वालामुखीय मैदानों और प्राचीन क्षुद्रग्रहों की टक्कर से बनी चमकीली रेखाओं को देखने के लिए एकदम सही होता है।
दुनिया के अन्य हिस्सों में पीक समय
स्पेस.कॉम के अनुसार, यह चांद 12:12 am EDT पर सीधे सूरज के विपरीत चमकते हुए चरम पर होगा। न्यूयॉर्क में यह 26 अक्टूबर को रात 12:11 बजे, सिडनी में 26 अक्टूबर को दोपहर 3:11 बजे, लंदन में सुबह 4:11 बजे, पेरिस में सुबह 5:11 बजे, लॉस एंजिल्स में 25 अक्टूबर को रात 9:11 बजे और अपने पीक पर होगा। नासा के मुताबिक, हैलोवीन के करीब आने तक यह चांद आसमान में बना रहेगा और धीरे-धीरे घटते आकार के साथ अक्टूबर की रातों में हल्की रोशनी बिखेरता रहेगा।
