'January Blues' से लेकर 'May-December Romance' तक, महीनों के नाम वाले ये अंग्रेजी मुहावरे हिला देंगे दिमाग!
अंग्रेजी के कई मुहावरे और कहावते हैं, जिनमें महीनों के नाम का इस्तेमाल होता है, जैसे मई-दिसंबर रोमांस।

अंग्रेजी के मुहावरे, जिसमें अंग्रेजी के महीनों का इस्तेमाल (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अंग्रेजी में कई ऐसे वाक्यांश या मुहावरों का इस्तेमाल होता है, जिन्हें सुनकर सिर चकरा जाता है। इस भाषा में महीनों के नाम पर भी फ्रेजेस हैं, जो सुनने में काफी दिलचस्प लगते हैं। क्या आप May-December romance, December of one’s life, या January blues जैसे वाक्यांशो के मतलब जानते हैं?
इनके शाब्दिक मतलब कुछ और होते हैं और इनका असल मतलब कुछ और ही है, जिसे जानकर आप हैरान हो जाएंगे। आइए जानें महीनों के नाम पर बने इन वाक्यांशों का असली मतलब क्या है।
मई-दिसंबर रोमांस
इसका इस्तेमाल किसी ऐसे रोमांटिक रिश्ते के लिए किया जाता है, जिसमें दोनों पार्टनर्स की उम्र में काफी अंतर हो। दरअसल, मई जिंदगी के शुरुआती दौर या युवावस्था को दिखाता है। जबकि दिसंबर ढलती उम्र के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए कोई ऐसा कपल, जिनके बीच उम्र में काफी अंतर हो, उसे मई-दिसंबर रोमांस कहा जाता है।
दिसंबर ऑफ वन्स लाइफ
ये काफी दिलचस्प कहावत है। इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति की जिंदगी के आखिरी पड़ाव को दिखाने के लिए कहा जाता है। जैसे दिसंबर साल का आखिरी महीना होता है और साल के अंत का प्रतीक होता है। इसलिए इस कहावत का इस्तेमाल किसी व्यक्ति के जीवन के आखिरी सालों के लिए किया जाता है।
जनवरी ब्लूज
जनवरी सर्दी का महीना होता है। इस महीने में अक्सर लोगों को मायूसी महसूस होती है। लोगों के मन की इस अवस्था को बताने के लिए जनवरी ब्लूज का इस्तेमाल किया जाता है। छुट्टियों का सीजन खत्म होने, कड़ाके की ठंड और वेकेशन के बाद फिर से काम पर लौटने के कारण लोगों को उदासी महसूस होती है। इसी भावना को बयां करने के लिए जनवरी ब्लूज शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
अगस्त कंपनी
इस शब्द का मतलब होता है ऐसे लोगों के बीच होना, जो काफी इज्जतदार होते हैं और सभ्य समाज से आते हैं। उन लोगों को सम्मान देने या उन्हें सम्मानित तरीके से संबोधित करने के लिए अगस्त कंपनी शब्द का इस्तेमाल किया जाता है।
कोल्ड डे इन जुलाई
इस कहावत को किसी ऐसी घटना के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है, जो नामुमकिन हो। जुलाई बरसात का महीना होता है। इस महीने में ठंड पड़ना बिल्कुल नामुमकिन है या ऐसा है जिस पर यकीन नहीं किया जा सकता। इसलिए कोई ऐसी घटना जो नामुमकिन हो, उसके लिए कोल्ड डे इन जुलाई इस्तेमाल किया जाता है।
