विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गणेश, नारायण और भुम्याल... इस पहाड़ी गीत में याद किए जाते हैं कई देवता, मन को शांत कर देते हैं इसके बोल

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:10 PM (IST)

जब भी पहाड़ी घर में कोई मंगल कार्य होता है, तो नरेंद्र सिंह नेगी की आवाज में मशहूर यह गीत अक्सर हमारे कानों तक पहुंच ही जाता है।

उत्तराखंड का मशहूर गीत 'दैणा होयां खोली का गणेशा' (Image Source: AI-Generated)

उत्तराखंड का मशहूर गीत 'दैणा होयां खोली का गणेशा' (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों और वहां की संस्कृति की बात हो और 'दैणा होयां खोली का गणेशा' का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। आपने भी अक्सर मंगल कार्यों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत में या फिर पहाड़ की याद आने पर नरेंद्र सिंह नेगी की जादुई आवाज में यह मशहूर गीत जरूर सुना होगा।

हालांकि, क्या आपने कभी यह सोचा है कि इस गीत में बार-बार इस्तेमाल होने वाले शब्दों 'खोली का गणेश' या 'मोरी का नारैण' का आखिर क्या मतलब है? खासकर उन लोगों के लिए जिनकी पिछली पीढ़ी पहाड़ों से पलायन कर चुकी है, इन शब्दों का असली अर्थ जानना बेहद दिलचस्प होगा। आइए, आज इस सुरीले गीत के शब्दों में छिपे रहस्य को समझते हैं।

शुभ कार्यों की पहली गूंज है यह स्तुति

'दैणा होयां खोली का गणेशा' दरअसल उत्तराखंड की सबसे प्रमुख श्रीगणेश स्तुतियों में से एक है। वहां किसी भी शुभ कार्य, उत्सव, समारोह या फिर सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ इसी वंदना के साथ किया जाता है। इस लोकगीत के जरिए भगवान गणेश, भगवान नारायण और भूमि के देवता 'भुम्याल' आदि की अर्चना की जाती है। उनसे यह प्रार्थना की जाती है कि वे प्रसन्न हों, साक्षात प्रकट हों और हमारे सभी कामों को सफलतापूर्वक संपन्न करें।

दैणा होयां खोली का गणेशा हे, दैणा होयां मोरी का नरैण हे।
दैणा होयां खोली का गणेशा हे, दैणा होयां मोरी का नरैण हे।

दैणा होयां भूमि का भुम्याला हे, दैणा होयां पंचनाम देवा हे।
दैणा होयां भूमि का भुम्याला हे, देंणा होया पंचनाम देवा हे।

दैणा होयां खोली का गणेशा हे, दैणा होयां मोरी का नारैण हे।
दैणा होयां खोली का गणेशा हे, दैणा होयां मोरी का नारैण हे।

दैणा होयां खोली का नाग हे, दैणा होयां नौखंडी नरसिंघा हे।
दैणा होयां खोली का नाग हे, दैणा होयां नौखंडी नरसिंघा हे।

क्या होता है 'खोली' और 'मोरी' का मतलब?

इन खास शब्दों का सीधा संबंध पारंपरिक पहाड़ी शैली के घरों से है। अगर आपने कभी पहाड़ों के वे खूबसूरत घर देखे हैं, जिनमें बड़े-बड़े पत्थरों की पठाल, लकड़ी की तिबरी और शानदार नक्काशी होती है, तो आप इसे आसानी से समझ जाएंगे।

खोली: पहाड़ी घरों के मुख्य द्वार को 'खोली' कहा जाता है। यह वही जगह है जहां से अक्सर ऊपरी मंजिल पर जाने वाली सीढ़ियां भी शुरू होती हैं। इसी मुख्य द्वार (खोली) पर भगवान गणेश विराजमान होते हैं, जिन्हें गीत में 'खोली का गणेश' पुकारा गया है।

मोरी: इन पारंपरिक घरों की खिड़कियों को 'मोरी' कहते हैं। इन खिड़कियों पर भगवान विष्णु यानी नारायण की सुंदर नक्काशी मौजूद होती है। उन्हीं को याद करते हुए वंदना में 'मोरी का नारैण' कहा गया है।

'दैणा होयां' का क्या अर्थ है?

गीत के मुख्य शब्द 'दैणा होयां' का मतलब होता है- ‘आप प्रकट हों और आपकी कृपा दृष्टि हम पर हमेशा बनी रहे।’

इस स्तुति में सिर्फ गणेश और नारायण ही नहीं, बल्कि कई अन्य देवी-देवताओं का भी आह्वान किया जाता है। जैसे- भूमि के रक्षक 'भुम्याला' (भुम्याल), 'पंचनाम देवा', खोली के 'नाग' देवता और 'नौखंडी नरसिंघा'। इन सभी से घर-परिवार पर अपनी कृपा बनाए रखने की विनती की जाती है।

यह भी पढ़ें- डीजे पर नहीं, ढोल-दमाऊ की थाप पर होता है देवभूमि का ये बाराती नाच, वीर रस से जुड़ी है पौणा नृत्य की परंपरा

यह भी पढ़ें- दीवाली के बाद उत्तराखंड में क्यों गाते हैं ‘भैलो रे भैलो’? लोकगीत में छिपी है इगास बग्वाल की सदियों पुरानी परंपरा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।