विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डीजे पर नहीं, ढोल-दमाऊ की थाप पर होता है देवभूमि का ये बाराती नाच, वीर रस से जुड़ी है पौणा नृत्य की परंपरा

Published: Tue, 10 Nov 2026 03:20 PM (IST)

उत्तराखंड का पारंपरिक 'पौणा' लोकनृत्य, भोटिया जनजाति की शादियों और उत्सवों के मौकों पर किया जाता है।

उत्तराखंड का पारंपरिक पौणा लोकनृत्य (Image Source: AI Generated)

उत्तराखंड का पारंपरिक पौणा लोकनृत्य (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने अपने यहां की शादियों में बारातियों को नाचते हुए तो बहुत बार देखा होगा, पर देवभूमि के बाराती नाच की बात ही निराली है। उत्तराखंड में भी शादी के मौके पर दूल्हे की तरफ से आए लोग नाचते-गाते हुए दुल्हन को लेने जाते हैं। पर उनका यह नृत्य केवल अपनी खुशी जताने या मनोरंजन का तरीका नहीं है, यह उनकी परंपरा में गहराई से रचा-बसा हुआ है। 

आइए आज आपको देवभूमि के ऐसे ही एक पारंपरिक पौणा लोकनृत्य के बारे में विस्तार से बताते हैं। 

उत्तराखंड का पारंपरिक पौणा लोकनृत्य 

उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी और अल्मोड़ा जिलों में भोटिया नामक जनजाति निवास करती है। पौणा इसी आदिवासी समुदाय का सदियों पुराना ऊर्जावान लोकनृत्य है, जो खासकर शादी के मौके पर महफिल में जान डाल देता है।  यहां ‘पौणा’ कुमाऊं भाषा का शब्द है जिसका मतलब बाराती या दूल्हे के मेहमान होता है। 

देवभूमि के बारातियों का खास डांस 

कुमाऊं और गढ़वाल के भोटिया जनजातीय क्षेत्रों में जब भी दूल्हे की बारात निकलती है, तब उसके साथ आने वाले मेहमान पौणा नृत्य करते हुए दुल्हन की चौखट तक जाते हैं। इस दौरान ढोल-दमाऊ की थाप, रणसिंघा और हुड़का की गूंज पर बाराती मार्शल आर्ट करते भी नजर आते हैं। इसकी सबसे खास बात यह है कि दूल्हे के मेहमानों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल होते हैं। 

कैसे किया जाता है यह नृत्य? 

पौणा एक बहुत ही व्यवस्थित और लयबद्ध लोकनृत्य है, जिसे करने के लिए महिलाएं और पुरुष बराबर भाग लेते हैं। सभी अपनी पारंपरिक वेशभूषा पहनकर हाथों में रूमाल लेते हैं, फिर लोक वाद्य यंत्रों की धुनों पर कदम से कदम मिलाते हुए नाचना शुरू करते हैं। इसी बीच बार-बार नृत्य की भाव-भंगिमा भी बदलती रहती है, जो देखने में बेहद आकर्षक लगती है। 

पौणा का वीर रस से खास नाता 

जनजातीय क्षेत्रों से संबंध रखने वाला यह नृत्य गढ़वाल के ही दूसरे सरौं और छोलिया लोकनृत्यों से काफी मिलता-जुलता है। इसकी वजह है इसमें वीर रस और शौर्य प्रधान शैली का शामिल होना। इस डांस को करते समय नर्तक हाथ में तलवार लेकर युद्ध कौशल का प्रदर्शन भी करते हैं। वहीं, यह नृत्य शादी-ब्याह के मौकों तक सीमित न होकर अतिथि सत्कार और राज्य सांस्कृतिक विरासत से भी खासतौर से जुड़ा हुआ है। 

यह भी पढ़ें- गढ़वाल का वो नृत्य जब पूरा गांव बन जाता है देसी डांस फ्लोर, बिना DJ और म्यूजिक सिस्टम के यूं जमती है महफिल

यह भी पढ़ें- 'बुंदेले हरबोलों के मुंह...' कविता तो सबने रटी है, लेकिन क्या आप जानते हैं कौन हैं ये हरबोले? दिलचस्प है इतिहास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।