सोशल मीडिया पर लाइक्स की गिनती छीन रही टीनएजर्स का सुकून, पेरेंट्स जरूर करें Selfitis के इन संकेतों पर गौर
अगर आपके बच्चे की खुशी सिर्फ सोशल मीडिया लाइक्स पर टिक गई है और इसका असर उसकी नींद और पढ़ाई ...और पढ़ें

टीनएजर्स को पढ़ाई से दूर कर रही है 'सेल्फीटिस' की लत? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आजकल बच्चों के लिए इंटरनेट पर सेल्फी डालना और उस पर आने वाले लाइक्स की गिनती करना एक आम बात हो गई है। जब कोई उनकी तस्वीर पर रिस्पॉन्स नहीं देता, तो वे मायूस हो जाते हैं (Selfitis in Teens)।
अक्सर माता-पिता इसे उम्र का असर मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन कैलाश दीपक अस्पताल की कंसल्टेंट साइकियाट्रिस्ट, डॉ. मेघा अग्रवाल चेतावनी देती हैं कि अगर ये 'लाइक्स और कमेंट्स' आपके बच्चे की नींद, पढ़ाई और उनके बरताव पर हावी होने लगें, तो आपको सावधान हो जाने की जरूरत है।

किताबों के पास बैठकर सेल्फी लेती टीनएजर। (फोटो: एआई)
क्या है यह 'सेल्फीटिस' का चक्कर?
'सेल्फीटिस' असल में कोई मानसिक बीमारी (Psychiatric Diagnosis) नहीं है। इसका सीधा सा मतलब है, खुद की तस्वीरें खींचकर पोस्ट करने की एक ऐसी बेकाबू चाहत, जिसके जरिए बच्चे दूसरों का ध्यान और उनकी तारीफ पाना चाहते हैं। अगर कोई बच्चा शौक के लिए फोटो डाल रहा है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। असली परेशानी तब शुरू होती है जब यह आदत बच्चे के कंट्रोल से बाहर हो जाए और उसकी रोजमर्रा की जिंदगी को डिस्टर्ब करने लगे।
वर्चुअल दुनिया में असली कॉन्फिडेंस की तलाश
टीनएज का समय बेहद नाजुक होता है। इस उम्र में बच्चे अपनी पहचान बना रहे होते हैं और दूसरों की राय उनके लिए बहुत मायने रखती है। सोशल मीडिया पर मिला एक 'लाइक' उन्हें खुशी देता है, लेकिन कोई रिएक्शन न मिलने पर वे उलझन में पड़ जाते हैं कि, "क्या लोग मुझे पसंद नहीं करते?"
इसी डर से बच्चे अपना फोन बार-बार चेक करने लगते हैं, उन पोस्ट्स को डिलीट कर देते हैं जिन पर कम लाइक्स आते हैं और दूसरों से अपनी तुलना करने लगते हैं। धीरे-धीरे उनका पूरा आत्मविश्वास मोबाइल स्क्रीन पर दिखने वाले नंबर्स का गुलाम बन जाता है।
किताबों से दूर, फोन के करीब
डॉ. अग्रवाल की मानें, तो इस लत का सबसे बड़ा खामियाजा बच्चों की पढ़ाई को भुगतना पड़ता है। बच्चा किताब खोलकर बैठता जरूर है, लेकिन उसका हाथ फोन की तरफ ही जाता है। फोन की एक छोटी-सी झलक भी फोकस तोड़ देती है और दोबारा पढ़ाई में मन लगाने में काफी समय बर्बाद हो जाता है।
कई बार तो बच्चे होमवर्क से ज्यादा समय अगली पोस्ट की तैयारी में बिताने लगते हैं। रात-रात भर फोन चलाने से नींद पूरी नहीं होती, जिससे वे क्लास में थके-थके रहते हैं और उनके मार्क्स गिरने लगते हैं। हालांकि, इसके पीछे सिर्फ सोशल मीडिया ही इकलौता कारण नहीं है। पढ़ाई का प्रेशर, घबराहट, उदासी या सीखने की अन्य दिक्कतें भी इसके कारण हो सकती हैं।
भारत में हुई रिसर्च भी इस बात की पुष्टि करती हैं कि छात्रों में 'सेल्फी-सीकिंग' काफी बढ़ा है। हालांकि स्टडीज यह भी कहती हैं कि सही गाइडेंस से इस समस्या को सुलझाया जा सकता है। याद रखें, सेल्फी लेने वाला हर बच्चा फोन का आदी नहीं होता।
पेरेंट्स कैसे संभालें यह सिचुएशन?
- ताने न मारें, बात करें: बच्चों पर अचानक पाबंदी लगाने या उन्हें डांटने-शर्मिंदा करने से बचें। उनके पास बैठें और प्यार से पूछें कि जब उनकी पोस्ट पर कोई ध्यान नहीं देता, तो उन्हें कैसा महसूस होता है।
- डिजिटल डिटॉक्स के नियम: आपसी सहमति से कुछ नियम बनाएं। जैसे- पढ़ाई के समय फोन दूर रखना और सोने से पहले स्क्रीन से पूरी तरह दूरी बनाना।
- असली दुनिया से जोड़ें: बच्चों को स्पोर्ट्स, नए शौक पालने और ऐसे दोस्त बनाने के लिए प्रेरित करें, जो सोशल मीडिया के बाहर उनका आत्मविश्वास बढ़ाएं।
कब लेनी चाहिए एक्सपर्ट की मदद?
अगर आपको लगे कि आपका बच्चा हमेशा परेशान या गुमसुम रहता है, अपने लुक्स को लेकर जरूरत से ज्यादा स्ट्रेस में है और चाहकर भी फोन से दूरी नहीं बना पा रहा है, तो किसी मनोवैज्ञानिक से सलाह लेने में जरा भी देरी न करें। याद रखिए, हमारा मकसद बच्चों की सेल्फी पर बैन लगाना नहीं है। हमारा असली लक्ष्य युवाओं को यह समझाना है कि उनकी कीमत इंटरनेट के लाइक्स और कमेंट्स से कहीं बढ़कर है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।