गढ़वाली और कुमाऊंनी को आपस में जोड़ता है उत्तराखंड का ये लोकगीत, बजते ही थिरकने लगते हैं पहाड़ी लोग
'बेडू पाको बारामासा' उत्तराखंड का एक ऐसा लोकगीत है जो गढ़वाल और कुमाऊं की संस्कृतियों को जोड़ता है।

गढ़वाल और कुमाऊं की दूरियां खत्म करता है 'बेडू पाको बारामासा' लोकगीत (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। देवभूमि में भी गढ़वाल और कुमाऊं क्षेत्रों में संस्कृति, खानपान और बोली का बड़ा फर्क देखने को मिल सकता है, लेकिन एक लोकगीत ऐसा है जो इन दोनों ही क्षेत्रों की दूरियां मिटा देता है। हम बात कर रहे हैं 'बेडू पाको बारामासा' की, यह गीत शादी-ब्याह, खास अवसरों की जान और पहाड़ी संस्कृति की पहचान है। वहीं, इसकी धुन ऐसी है कि गढ़वाली और कुमाऊंनी लोग इसपर थिरके बिना रह ही नहीं पाएंगे।
भाषा कुमाऊंनी पर भावनाएं उत्तराखंडी
'बेडू पाको बारामासा' लोकगीत कुमाऊंनी भाषा में है, जिसके बोल स्व. बृजेन्द्र लाल साह ने लिखे थे और इसे आवाज देने का श्रेय लोकगायक मोहन उप्रेती को जाता है। इस लोकगीत के बोल किसी क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की खूबसूरती का बखान करते हैं।
उत्तराखंड की एकता और साझा पहचान
'बेडू पाको बारामासा' को देवभूमि की पहचान का प्रतीक कहे जाने में कोई दो राय नहीं। इस गीत की पहली पंक्ति में पहाड़ी फलों के बारे में जानने को मिलता है : ‘बेडू पाको बारो मासा, नरैण काफल पाको चैत मेरी छैला, यानी बेडू जंगली अंजीर साल के बारह महीने पकता है और काफल चैत के महीने का फल है।
इसके बाद रुणा भूणा दिन आया, नरैण को जा मेरी मैता, मेरी छैला पंक्ति के सहारे पहाड़ी लोगों के जीवन के बारे में बताया गया है। अंजीर का सालभर पकना जिंदगी के चलते रहने का प्रतीक है, तो चैत का महीना मायके से मिलन की बात करता है। दरअसल, यह वही मास है जब गढ़वाल और कुमाऊं में भिटोली यानी बेटियों को मायके भेजने का पर्व मनाया जाता है।
देवभूमि की आस्था की झलक
‘अल्मोड़े की नंदा देवी, नरैण फुल चढूनी पाती, मेरी छैला’ गीत के ये बोल देवभूमि की अपने ईश्वर के प्रति गहरी आस्था दिखाते हैं। यहां अल्मोड़ा की मां नंदा देवी का जिक्र किया गया है जिन्हें गढ़वाल और कुमाऊं इलाकों में कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। फिर दोबारा झीलों की नगरी नैनीताल की नंदा देवी को याद किया जाता है, गीत के माध्यम से इसमें पहाड़ी लोगों की मां नंदा देवी को लेकर अटूट श्रद्धा का पता चलता है।
उत्तराखंड के लाल बाजार का जिक्र
शायद आपको पता न हो पर अल्मोड़ा कुमाऊं की सांस्कृतिक राजधानी कहलाती है, कभी इस शहर में कत्यूरी और चंद्र वंश का शासन हुआ करता था। ऐसे में लोकगीत में अल्मोड़ा और उसके ऐतिहासिक लाल बाजार का नाम सुनने को न मिले ऐसा कैसे हो सकता है। इसके बोल कुछ इस तरह हैं: ‘अल्मोड़े की लाल बजारा, नरैण पाथरे की सीणी मेरी छैला’ यह लाइन बाजार के पहाड़ी ढलान पर बसने और सीढ़ीनुमा पत्थर से वास्तुकला का बखान करती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।