विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमीन छोड़, बांस के डंडों पर गोल घेरे में ठुमके लगाते हैं छत्तीसगढ़ के गोंड आदिवासी; कीचड़ से जुड़ा है ये गेंडी नृत्य

Published: Tue, 24 Nov 2026 02:03 PM (IST)

छत्तीसगढ़ के बस्तर में गोंड और मुरिया जनजाति द्वारा किया जाने वाला गेंडी नृत्य एक पारंपरिक लोकनृत्य है।

बस्तर का पारंपरिक लोकनृत्य ‘गेंडी’ (Image Source: AI Generated)

बस्तर का पारंपरिक लोकनृत्य ‘गेंडी’ (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। छत्तीस किलों का गढ़ छत्तीसगढ़ अपनी जनजातीय संस्कृति के लिए जाना जाता है। इस राज्य की लोककलाओं में प्रकृति के साथ जुड़ाव भी है और आदिवासी संस्कृति को जीवंत बनाए रखने की झलक भी। यहां के लगभग सभी जिले संगीत, साहित्य, कला के क्षेत्र अपनी खास जगह रखते हैं। इन्हीं जिलों में से एक है बस्तर, जहां सदियों से जनजातीय लोग एक खास लोकनृत्य गेंडी करते आ रहे हैं। बता दें कि इस नृत्य को मुरिया लोग ‘डिटोंग पाटा्य’ भी कहते हैं। 

बस्तर का पारंपरिक लोकनृत्य ‘गेंडी’ 

‘गेंडी’ जिसे गेड़ी भी कहा जाता है, छत्तीसगढ़ के बस्तर के साथ ही मध्य प्रदेश के डिंडोरी और छिंदवाड़ा आदिवासी क्षेत्रों में किया जाने वाला एक पारंपरिक लोकनृत्य है। दरअसल, इन क्षेत्रों में गोंड नामक जनजाति निवास करती है, और इसी की उपजाति मोरिया भी है। ये लोग प्रकृति प्रेमी हैं और मौसम के बदलने को किसी पर्व की तरह मनाते हैं। यह नृत्य भी प्रकृति से जुड़े इन उत्सवों का हिस्सा है। 

हरेली और नवाखानी पर्व से है नृत्य का खास नाता 

इस नृत्य की शुरुआत सावन मास की हरियाली अमावस्या से होती है, जिसे हरेली पर्व के रूप में मनाया जाता है। यह दिन फसलों की अच्छी पैदावार के लिए कुलदेवता की पूजा से जुड़ा है। आदवासी लोग सावन अमावस्या से भादों की पूर्णिमा यानी नवाखानी तक इस पर्व को मनाते हैं और इस दौरान गेड़ी नृत्य किए जाने की परंपरा है। 

बांस के डंडों पर नाचते हैं आदिवासी लोग 

पुरुष और महिलाएं गेंडी नृत्य को गोल घेरे में करते हैं, जिसमें मुद्राएं अलग-अलग हो सकती हैं पर घेरा एक ही रहता है। जबकि इसकी खास बात यह है कि इसमें लोग जमीन पर नहीं बांस के डंडों पर नाचते हैं, क्योंकि गेंडी का मतलब ही लकड़ी का डंडा या लाठी है। पहले के समय में लोग सावन के महीने में कीचड़ से बचने और धान की फसल लगाते समय गेड़ी का इस्तेमाल किया करते थे, पर समय के साथ यह तरीका नृत्य में बदल गया। 

संतुलन और ताल का अनूठा मेल 

बता दें कि नृत्य में जिस गेड़ी का इस्तेमाल होता है, वो करीब 6-7 फीट ऊंचा होता है। वहीं, इसमें 1-1 फीट की ऊंचाई पर आड़ा बांस या खपच्ची बांधते हैं, जिसे स्थानीय लोग पऊवा के नाम से जानते हैं। एक घेरे में 8-10 लोग होते हैं, जो बांस के डंडों पर खड़े होकर संतुलन बनाने के साथ ही ताल से ताल मिलाते हुए बेहद मुश्किल मुद्राएं करते हैं। इस दौरान महिलाओं को गीत गाते और अन्य लोगों को मांदर, तुडबुडी, ढपला, टिमकी, रमतूला और बांसुरी जैसे वाद्य यंत्रों को बजाते हुए देखा जा सकता है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।