‘साडी गली आ तैनू कुत्ते पवावांगे..’ पंजाबी शादियों में सिठणियों से होती है समधियों की खातिरदारी, तीखा है अंदाज
पंजाबी शादियों में भांगड़ा-गिद्दा के अलावा 'सिठणियां' लोकगीत मनोरंजन का एक खास तरीका है।

पंजाबी शादी की सिठणियां हैं लाइव कॉमेडी शो (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तड़कते-भड़कते लोकगीतों पर भांगड़ा और गिद्दा के बिना पंजाबी शादियों की कल्पना ही नहीं की जा सकती, लेकिन इसके अलावा भी यहां मनोरंजन का एक और तरीका है जिन्हें सिठणियां कहते हैं। हो सकता है आपने यह नाम पहली बार सुना हो, पर इससे जुड़े लोकगीत इतने मजेदार होते हैं कि कोई भी सुने तो हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाए।
इन्हीं में से एक लोकगीत ‘साडी गली आ महिया' पर आज हम विस्तार से बात करेंगे और साथ में सिठणियों का मतलब भी जानेंगे, ताकि आपको भी हंसने-खिलखिलाने का मौका मिल सके।
पंजाबी शादी की सिठणियां हैं लाइव कॉमेडी शो
हर राज्य के अपने पारंपरिक लोकगीत हैं जिनका रस्मों के हिसाब से नाम भी अलग-अलग है। इसी तरह से पंजाब की शादियों में गाई जाने वाली सिठणियां हैं। इन गीतों में हंसी-मजाक और बारातियों को चिढ़ाने का अनोखा अंदाज देखने को मिलता है।
महिलाएं अपने समधियों की जिस स्टाइल में चुटकी लेती हैं, उसे यूपी-बिहार जैसे राज्यों में गारी गीत कहा जाता है। बस फर्क इतना है कि इसमें टप्पे वाली शैली यानी कम शब्दों में ज्यादा बात कह जाने और हाजिरजवाबी का तड़का भी होता है।
पूरी बारात की होती है टांग खिंचाई
इन्हीं सिठणियों में पंजाब का एक बड़ा ही मशहूर लोकगीत है ‘साडी गली आ माहिया….’ जिसके बोल कुछ इस तरह हैं कि “बड़ा स्वाद आया मक्के दी रोटी दा, बड़ा अफसोस होया महिए दी सोटी दा, साडी गली आ माहिया तैनू कुत्ते पवावांगे, कल दी आ सोटी दा तैनू मजा चखावांगे।”
यहां शुरुआत तो मक्के की रोटी के स्वाद से हो रही है, लेकिन उसके बाद बात माहिया को मजा चखाने के लिए उसके पीछे कुत्ते लगाने तक आ जाती है। गीत में प्रेमी ने पहले प्रेमिका को छड़ी से डराया-dhमकाया, उसी का बदला लेते हुए प्रेमिका मजा चखाने का जिक्र करती है। गीत के बोल थोड़े चुटीले हैं, पर वही इसे सुनने का मजा दोगुना कर देते हैं।
परिवार और रिश्तेदारों को भी नहीं छोड़ती महिलाएं
लोकगीत की अगली लाइन आपको सोचने पर मजबूर कर देगी कि भला ऐसा भी कहा जा सकता है, क्योंकि बोल ही कुछ ऐसे हैं: “गड्डियां वालयो गड्डियां नू वेच के, नवा व्याह कर लो अम्मा नू बेच के, अम्मा नई विकदी ओ बुड्ढी ठेरी ए, तैनू वेचांगा तू नई नवेरी ए।” इसी तरह कभी बहन तो कभी भाभी जैसे किरदारों को जोड़कर गीत को आगे बढ़ाकर माहौल को हल्का किया जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।