बढ़ते प्रदूषण में जिम या पार्क जाने की नो टेंशन, घर पर ही इन 5 योगासनों से पाएं गजब की फिटनेस
बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण बाहर एक्सरसाइज करना मुश्किल हो सकता है, ऐसे में घर पर ही योग करना एक बेहतरीन ऑप्शन है।

घर के अंदर ही करें ये योगासन (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हवा में प्रदूषण का बढ़ता स्तर हमारी सेहत के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकता है। हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 सांसों के जरिए फेफड़ों तक पहुंचते हैं और वहां से ब्लड में शामिल होकर शरीर के दूसरे अंगों तक भी जा सकते हैं।
इसलिए ऐसे में जरूरी है कि वायु प्रदूषण का स्तर जब ज्यादा हो, उस समय हम घर के अंदर रहें। सुबह और शाम के वक्त प्रदूषण का स्तर और ज्यादा बढ़ जाता है। इसलिए इस समय वर्कआउट के लिए घर से बाहर जाने के बजाय घर के अंदर ही कुछ योगासन कर सकते हैं। आइए जानें कुछ ऐसे योगासन, जो आपको फिट बनाए रखने में मदद करेंगे।
सूर्य नमस्कार
सूर्य नमस्कार में एक योगासन नहीं होता। इसमें 12 स्टेप्स होते हैं और 12 अलग-अलग आसन किए जाते हैं, जो पूरे शरीर की एक्सरसाइज कराते हैं। सुबह की अकड़न दूर करने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए सूर्य नमस्कार काफी फायदेमंद होता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन में भी सुधार होता है और आप दिनभर एक्टिव महसूस करते हैं।
भुजंगासन
भुजंगासन करने से पेट, कमर और पीठ के मसल्स मजबूत होते हैं। घंटों बैठे रहने से अक्सर पीठ दर्द और जकड़न की समस्या हो जाती है, ऐसे में यह आसन काफी फायदेमंद है। यह पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता करता है और शरीर में एनर्जी लेवल बढ़ाता है। सुबह खाली पेट 5-7 बार इसका अभ्यास करें।
पवनमुक्तासन
मौसम बदलने के साथ हमारी फिजिकल एक्टिविटी भी कम होती जाती है। ऐसे में गैस, अपच और पेट भारी रहने की समस्या आम होती है। पवनमुक्तासन इन परेशानियों से राहत दिलाने में मदद करता है। यह पेट की चर्बी कम करने में भी मददगार है और मेटाबॉलिज्म को एक्टिव रखता है। रोज 8-10 बार इस आसन को करने से पेट हल्का महसूस होता है और शरीर फुर्तीला रहता है।
वीरभद्रासन
अगर आप बिना जिम जाए अपनी टांगों और जांघों को मजबूत बनाना चाहते हैं, तो वीरभद्रासन को जरूर ट्राई करें। यह आसन स्टैमिना बढ़ाता है, शरीर का बैलेंस सुधारता है और लोअर बॉडी को टोन करता है।
ताड़ासन
ताड़ासन दिखने में भले ही आसान लगे, लेकिन इसके फायदे बहुत हैं। यह शरीर की मुद्रा सुधारता है, रीढ़ को मजबूत करता है और शरीर में खिंचाव लाकर पूरे शरीर को एक्टिव करता है। सुबह 5-10 मिनट ताड़ासन करने से शरीर हल्का और तरोताजा महसूस होता है।
