Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुरुषों से ज्यादा महिलाओं में होती है खून की कमी, ये 7 लक्षण बताते हैं कि कम हो गया है हीमोग्लोबिन

    Updated: Wed, 11 Jun 2025 12:52 PM (IST)

    शरीर में खून की कमी (Anemia) होना कई समस्याओं की वजह बन सकता है। हीमोग्लोबिन कम होने की वजह से यह समस्या होती है। हालांकि कुछ लक्षणों (Signs of Low Hemoglobin) की मदद से इसकी पहचान की जा सकती है। आइए जानें शरीर में खून की कमी होने पर क्या लक्षण नजर आते हैं।

    Hero Image
    हीमोग्लोबिन कम होने पर दिखते हैं ये लक्षण (Picture Courtesy: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप जल्दी थक जाते हैं या आराम करने के बाद भी शरीर में फुर्ती महसूस नहीं होती? अगर हां, तो हो सकता है कि आपने खून की कमी हो गई है। यह समस्या पुरुषों से ज्यादा महिलाओं (Anemia in Women) में देखने को मिलती है। दरअसल, शरीर में आयरन की कमी होने की वजह से हीमोग्लोबिन कम (Signs of Low Hemoglobin) हो जाता है, जिसे एनीमिया कहा जाता है। इसी कंडिशन को आम भाषा में खून की कमी कहते हैं। हीमोग्लोबिन रेड ब्लड सेल्स में मौजूद एक प्रोटीन होता है, जो फेफड़ों से ऑक्सीजन लेकर शरीर के दूसरे हिस्सों तक पहुंचाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हालांकि, जब शरीर में हीमोग्लोबिन का लेवल सामान्य से कम हो जाता है, तो शरीर को भरपूर ऑक्सीजन नहीं मिल पाता, जिसके कारण कई परेशानियां होने लगती हैं। हालांकि, कुछ लक्षणों (Low Hemoglobin Symptoms) की मदद से इसकी वक्त रहते पहचान की जा सकती है। आइए जानें शरीर में हीमोग्लोबिन कम होने पर क्या लक्षण नजर आते हैं।

    यह भी पढ़ें: शरीर में हो गई है खून की कमी, तो चुपचाप खाना शुरू कर दें 5 चीजें; तेजी से बढ़ेगा Hemoglobin का लेवल

    हीमोग्लोबिन कम होने के लक्षण

    • थकान और कमजोरी- हीमोग्लोबिन की कमी होने पर शरीर में मौजूद सेल्स को भरपूर ऑक्सीजन नहीं मिल पाता है, जिससे व्यक्ति को बहुत जल्दी थकान महसूस होती है। इस वजह से थोड़ा-बहुत काम करके भी कमजोरी महसूस होने लग जाती है।
    • सांस लेने में तकलीफ- ऑक्सीजन की कमी के कारण सांस फूलने की समस्या हो सकती है, खासकर सीढ़ियां चढ़ने या थोड़ा भी फिजिकल वर्क करने पर। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि शरीर में ऑक्सीजन की पूर्ति करने के लिए फेफड़ों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।
    • त्वचा का पीला पड़ना- हीमोग्लोबिन की कमी से त्वचा, नाखून और आंखों के अंदर का हिस्सा पीला दिखाई देने लगता है। दरअसल, हीमोग्लोबिन ही खून को लाल रंग देता है। लेकिन इसकी कमी के कारण स्किन और नाखुन पीले नजर आने लगते हैं।
    • चक्कर आना या सिरदर्द- दिमाग तक भरपूर ऑक्सीजन न पहुंचने के कारण चक्कर आना, सिरदर्द या बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए अगर आपको अक्सर सिरदर्द होता है या चक्कर आते हैं, तो यह हीमोग्लोबिन की कमी का संकेत हो सकता है।
    • दिल की धड़कन तेज होना- शरीर में ऑक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए फेफड़ों के साथ-साथ दिल को भी ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके कारण हार्ट बीट (Heart Rate) बढ़ जाती है।
    • हाथ-पैर ठंडे पड़ना- शरीर में ब्लड सर्कुलेशन ठीक से न होने के कारण हाथ-पैर ठंडे रहते हैं और उनमें झनझनाहट महसूस हो सकती है। अगर आपके हाथ-पैर भी हमेशा ठंडे रहते हैं, तो यह समस्या का संकेत हो सकता है।
    • बाल झड़ना और नाखूनों का कमजोर होना- शरीर में आयरन की कमी से बालों का झड़ना और नाखूनों का टूटना या पतला होना सबसे आम समस्या है। इसलिए अगर आपके बाल भी नॉर्मल से ज्यादा टूट रहे हैं, तो यह भी हीमोग्लोबिन कम होने का एक लक्षण हो सकता है।

    यह भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी के दौरान बढ़ जाता है Anemia का खतरा, इन लक्षणों से करें इसकी शुरुआती स्टेज में पहचान

    Source: 

    Cleveland Clinic: https://my.clevelandclinic.org/health/diseases/3929-anemia