Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    इन 5 बैटल रोप एक्सरसाइजेस की मदद से बहुत ही कम समय में टोन्ड करें अपनी अपर बॉडी

    By Priyanka SinghEdited By:
    Updated: Mon, 01 Feb 2021 08:01 AM (IST)

    कोर मसल्स हों या फिर शोल्डर्स स्ट्रेंथ बढ़ानी हों बैटल रोप एक्सरसाइजेस की मदद से ये सारी चीज़ें पॉसिबल हैं। तो कौन सी एक्सरसाइजेस इसमें रहेंगी फायदेमंद और क्या है इन्हें करने का तरीका आइए जानते हैं इसके बारे में...

    Hero Image
    बीच पर रोप वर्कआउट करती हुई महिला

    हम सभी ने कभी न कभी बचपन में रस्सी कूदने वाला खेल तो जरूर खेला होगा। क्या आपको पता है कि रस्सी की मदद से भी अपनी बॉडी को फिट बनाया जा सकता है? आज हम आपको कुछ ऐसी बैटल रोप एक्सरसाइजेस के बारे में बताएंगे, जिन्हें करके आप काफी कम वक्त में ही टोन्ड अपर बॉडी हासिल कर सकते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जंपिंग जैक विद रोप

    जंपिंग जैक्स एक्सरसाइज तो बहुत से लोग करते होंगे, जिसका फायदा तो होता है पर उतना नहीं जितना वे सोचते हैं। हालांकि, अच्छी बॉडी शेप और मसल्स पाने के लिए आप जंपिंग जैक्स विद रोप एक्सरसाइज कर सकते हैं। इसे करने के लिए अपने दोनों हाथों से रोप्स पकड़ें और जंपिंग जैक्स एक्सरसाइज करें। ध्यान रखें कोहनियों को मोड़ें नहीं और हाथों को टाइट रखें, हाथों को झटका न दें। इससे आपका कोर और ग्लूट मसल्स मजबूत होती है। ऐसा होने पर इंजरी के चांसेज़ को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

    शोल्डर सर्किल्स

    इस एक्सरसाइज से कंधे काफी मजबूत बन जाते हैं। इसे करने के लिए सबसे पहले कंधों की चौड़ाई पर अपने पैरों को फैलाएं और घुटनों को हल्का सा झुकाएं। अब रस्सी को अपनी हथेलियों से पकड़ें। आर्म्स को कंधों के ऊपर उठाएं और उन्हें सर्किल्स में घुमाएं। इसे 30 सेकेंड तक क्लॉकवाइज़ और 30 सेकेंड काउंटर क्लॉकवाइज परफॉर्म करें।

    डबल वेव्स

    किसी भी दूसरी एक्सरसाइज की तरह आप इस एक्सरसाइज को भी बेसिक से शुरू करें। सबसे पहले अपने घुटनों को बेंड करके खड़े हो जाएं और फिर आर्म्स और शोल्डर्स की मदद से रस्सी को वेव्स की तरह मूव कराएं। धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाएं, रोप को जल्दी-जल्दी मूव कराने से आपके शोल्डर, आर्म्स और बैक की मसल्स मजबूत होती है। इस एक्सरसाइज के दौरान आप काफी कैलोरीज बर्न कर पाते हैं और आपका वजन भी तेजी से कम होता है।

    पावर स्लैम

    यह एक्सरसाइज करने के लिए सबसे पहले अपने पैरों को चौड़ा करते हुए घुटनों को मोड़कर स्क्वॉट्स पोजीशन में आ जाएं। अब अपने दोनों हाथों से रोप्स को पकड़ लें और उसको दाएं हाथ से बाएँ और बाएं से दाएं की ओर इस तरह घुमाने की कोशिश करें कि 8 का शेप बने। यह शेप बनाते हुए अब रोप को जोर से जमीन पर पटकें। कोशिश करें कि रोप को जितना ऊपर हो सके उतना उछालें और नीचे मारें। यह एक्सरसाइज आपके कोर और बाईसेप्स मसल्स को टोन करने में मददगार है। आप इसको रोज कम से कम 20-30 मिनट जरूर करें। ध्यान रखें कि इस दौरान आपका बॉडी बैलेंस सही बना रहे।

    शफल वेव्स

    इस एक्सरसाइज को करके शोल्डर और आर्म्स की मसल्स को मजबूत बनाया जा सकता है। इसे करने के लिए सबसे पहले तो अपने दोनों हाथों से रोप्स को पकड़ें और वेव्स बनाते हुए दाएं से बाएं और बाएं से दाएं की तरफ रोप्स को वेव्स की तरह मूव करें। आप इस एक्सरसाइज को 30 मिनट तक कर सकते हैं। यह एक्सरसाइज आपकी पूरी बॉडी को सही शेप में लाने के प्रोसेस में बहुत फायदेमंद साबित होती है।

    Pic credit- freepik