Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खाते समय पानी या जूस की लेनी पड़ती है मदद, तो हो सकता है ये फूड पाइप से जुड़ी गंभीर समस्या की ओर इशारा

    By Priyanka SinghEdited By:
    Updated: Tue, 09 Feb 2021 08:05 AM (IST)

    आहार नली हमारे पाचन-तंत्र का जरूरी हिस्सा है। कई बार जरा-सी लापरवाही के कारण इससे जुड़ी मामूली समस्याएं भी गंभीर रूप धारण कर लेती हैं। क्यों होता है ऐसा और इससे कैसे करें बचाव जानने के लिए पढ़ें यह लेख।

    Hero Image
    इंटरनल ऑर्गन शो करती हुई ह्यूमन बॉडी की 3D फोटो

    अक्सर कुछ लोग यह शिकायत करते हैं कि उन्हें भोजन निगलने में कठिनाई होती है, इसलिए कुछ भी खाते समय पानी, चाय या जूस जैसे तरल पदार्थों की मदद लेनी पड़ती है। अगर ऐसा हो तो बिना देर किए डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए क्योंकि यह फूड पाइप से जुड़ी किसी गंभीर समस्या का लक्षण हो सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्या है भूमिका

    आहार नली पाचन-तंत्र का प्रमुख हिस्सा है।यह खाद्य पदार्थों को मुंह से पेट तक ले जाती है। महीन मांसपेशियों की दो परतों से बनी फूड पाइप की लंबाई लगभग 25 सेंटीमीटर होती है। इसके शीर्ष पर टिश्यूज़ का एक समूह होता है, जिसे एपिगलॉटिस कहते हैं। दरअसल, एसोफैगस यानी आहार नली संबंधी रोगों के बारे में ज्यादातर लोग शुरुआत में ध्यान ही नहीं देते। धीरे-घीरे यह परेशानी बढ़ने लगती है। आइए जानते हैं इस समस्या और इसके उपचार के बारे में।

    एसोफैगस फंगल इंफेक्शन

    ग्रास नली में यह संक्रमण होने पर भोजन निगलने में दिक्कत और गले में दर्द की शिकायत होती है। इसे एसोफैगस फंगल इंफेक्शन कहा जाता है। आमतौर पर डायबिटीज़ से पीड़ित रोगियों के फूड पाइप में इंफेक्शन होने की आशंका रहती है।

    इसके अलावा उपचार के दौरान जो लोग स्टेरॉयड दवाओं का सेवन करते हैं, उन्हें भी ऐसी समस्या हो सकती है। इसकी जांच बायोप्सी या एंडोस्कोपी द्वारा की जाती है। उपचार के दौरान एंटी-फंगल दवाएं दी जाती हैं, जिससे मरीज को जल्द ही आराम मिल जाता है। इसी तरह एकैल्शिया कार्डिया भी आहार नली से जुड़ी ऐसी समस्या है, जिसमें उसकी मांसपेशियां सख्त हो जाती हैं। आमतौर पर दवाओं और बलून थेरेपी के माध्यम से इसका उपचार किया जाता है। इतना ही नहीं जिन्हें सिगरेट और तंबाकू की लत होती हैं, उनमें एसोफैगल यानि फूड पाइप कैंसर की आशंका बढ़ जाती है।

    कैसे होती है पहचान

    - सीने में जलन

    - चक्कर आना

    - बार-बार हिचकी या डकार आना

    - वॉमिटिंग

    - भूख न लगना

    - सांस लेने में तकलीफ

    - भोजन निगलने में परेशानी

    क्या है उपचार

    अगर सही समय पर इसकी पहचान करके इसका उपचार शुरु किया जाए तो केवल दवाओं की मदद से यह समस्या दूर हो सकती है। अगर दवाओं से राहत नहीं मिलती तो एंडोस्कोपी के जरिए आहार नली की बारीकी से जांच की जाती है, उसकी स्थिति का जायजा लेने के बाद उपचार शुरू किया जाता है। कई बार सिकुड़ चुकी आहार नली को खोलने के लिए भी एंडोस्कोपी और सर्जरी की मदद ली जाती है। यह उपचार की सुरक्षित प्रक्रिया है, इसके बाद मरीज पूर्णतः स्वस्थ हो जाता है। इसलिए अगर भोजन निगलने में अक्सर परेशानी महसूस हो तो इसे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज न करें। बिना देर किए डॉक्टर से सलाह लें।

    (डॉ. सौमित्र रावत, HOD डिपार्टमेंट ऑफ गैस्ट्रोएंडोलॉजी, लिवर ट्रांसप्लांट सर्जन, गंगाराम हॉस्पिटल, दिल्ली से बातचीत पर आधारित)

    Pic credit- freepik

    comedy show banner
    comedy show banner