बाहर की हवा में घुला है जहर, तो घर को बनाएं अपना जिम; फिटनेस बनाए रखने के लिए रोज करें ये एक्सरसाइज
प्रदूषण के कारण बाहर एक्सरसाइज करना मुश्किल है, लेकिन घर पर भी कई प्रभावी एक्सरसाइज करके फिट रहा जा सकता है।

घर के अंदर ही कर सकते हैं ये एक्सरसाइज (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में प्रदूषण का बढ़ता स्तर सेहत के लिए खतरे की घंटी है, खासकर उन लोगों के लिए जिन्हें हर रोज सुबह खुली हवा में एक्सरसाइज करने और समय बिताने की आदत है। इसके चलते अगर आपने अपने फिटनेस रूटीन पर थोड़े समय के लिए ब्रेक लगा दिया है, तो ऐसा करने की जरूरत नहीं है। दरअसल, ऐसी कई एक्सरसाइज हैं जिन्हें घर की चारदीवारी में भी बड़ी ही आसानी से किया जा सकता है।
चेयर सक्वैट्स
चेयर सक्वैट्स की मदद से ग्लूट्स, क्वाड्स और हैमस्ट्रिंग्स की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। यह एक्सरसाइज बुजुर्गों में ऑस्टियोपोरोसिस के खतरे को भी टालती है। एक मजबूत कुर्सी रखकर उसके सामने खड़े हो जाएं, इसके बाद धीरे-धीरे चेयर पोजिशन में बैठना और खड़े होना है। इसे कम से कम 8-10 बार दोहराएं।
लो-इम्पैक्ट जंपिंग जैक
कैलोरी बर्न करनी हो, जोड़ों को मजबूती देनी हो या शरीर का बेहतर संतुलन बनाना हो, इसके लिए लो-इम्पैक्ट जंपिंग जैक एक असरदार एक्सरसाइज है। यह पारंपरिक जंपिंग जैक का एक आसान विकल्प है, जो हर उम्र के लोगों के लिए सुरक्षित है। सीधे खड़े होकर पैरों को आपस में जोड़ लें। इसके बाद बिना कूदे अपने दाएं पैर को दाईं तरफ ही बाहर निकालें। इसी दौरान अपने दोनों हाथों को ऊपर भी उठाना है। दूसरे पैर के साथ भी यही स्थिति दोहराएं।
स्पॉट मार्चिंग
स्पॉट मार्चिंग मांसपेशियों को मजबूती देने के साथ ही कोर स्ट्रेंथ और संतुलन बेहतर करने और दिल की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें एक जगह खड़े होकर अपने दोनों घुटनों को एक-एक करके ऊपर की तरफ उठाना है। ऐसा करते समय आपके हाथ वॉकिंग पोजिशन की तरह आगे पीछे होते रहने चाहिए।
बॉक्सिंग शैडो
बॉक्सिंग शैडो को बिना किसी उपकरण के घर पर आसानी से किया जा सकता है। यह एक्सरसाइज एक शानदार कार्डियो तो है ही, इसके साथ कंधे, कोर और बाहों शरीर के ऊपरी अंगों की मांसपेशियों को भी मजबूती देती है। इसे करने के लिए सबसे पहले सीधे खड़े हो जाएं, फिर हाथों को सामने की तरफ पंच करने की पोजिशन में ले जाना है। इस बात का ध्यान रखें कि बॉक्सिंग शैडो के समय ज्यादा सांस न फूले और आपका शरीर भी एकदम संतुलित हो।
प्लैंक
प्लैंक की मदद से पेट, पीठ और कंधों की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। इस कोर स्ट्रेंथ एक्सरसाइज को करने के लिए पहले पुश-अप्स की पोजिशन में आ जाएं। अब दोनों कोहनी को जमीन पर रख 90 डिग्री का कोण बनाएं। शरीर को एकदम सीधा रखकर पैरों की उंगलियों पर पूरा वजन रख दें। इस दौरान सामान्य तरीके से सांस लेते हुए 15-30 सेकंड तक बने रहें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।