Health Tips: क्या आपको भी खाने के बाद लगती है बहुत ज्यादा ठंड? तो ये हो सकते हैं इसके प्रमुख कारण
सर्दियों में आपने अक्सर यह गौर किया होगा कि खाना खाने के बाद अचानक भी ज्यादा ठंड महसूस होने लगती है। अगर आपको ऐसा ही महसूस होता है तो हम आपको बताएंगे ...और पढ़ें

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Health Tips: सर्दियों के मौसम ठंड लगना स्वाभाविक है। लेकिन कई बार आपने यह गौर किया होगा कि सर्दियों में खाना खाने के बाद अचानक ही ठंड लगने लगती है। कई बार तो ऐसा भी होता है कि खाना खाने के बाद कंपकंपी तक छूटने लगती है। अक्सर ऐसा होने की वजह से कई बार मन में यह सवाल आता है कि आखिर सर्दियों में खाना खाने के बाद अचानक ही ठंड क्यों लगने लगती है। अगर आपके मन में भी इस तरह के सवाल आते हैं, तो हम आपको बताएंगे इसके कुछ प्रमुख कारणों के बारे में। तो चलिए जानते हैं कि आखिर सर्दियों में क्यों खाना खाने के बाद अचानक ठंड लगने लगती है।
लो कैलोरी
शरीर में मौजूद कैलोरी हमारी बॉडी में एनर्जी के निर्माण और शरीर के तापमान को कंट्रोल करती है। लेकिन अगर कोई व्यक्ति लंबे समय से लगातार लो कैलोरी वाले भोजन का सेवन कर रहा है, तो इससे उसके शरीर का तापमान कम हो सकता है। दरअसल, पर्याप्त मात्रा में कैलोरी का सेवन न करने से शरीर का तापमान कम हो सकता है, जिससे ठंड महसूस होने लगती है।
एनीमिया के कारण
अगर आप एनीमिया के शिकार हैं, तो भी आपको खाने के बाद ठंड की समस्या हो सकती है। एनीमिया होने पर अक्सर शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है, जिसकी वजह से खाना खाने के बाद ऐसे लोगों को ठंड का अहसास होता है।
डायबिटीज और थॉयरॉइड
सर्दियों में खाना खाने के बाद अक्सर डायबिटीज और थॉयरॉइड के मरीजों को ठंड महसूस होती है। दरअसल, जब शरीर में ब्लड शुगर लेवल बढ़ता है, तो इससे किडनी और ब्लड सर्कुलेशन पर बुरा प्रभाव पड़ता है। इस वजह से भी कई बार पैर या कमर के नीचे के हिस्से में ज्यादा ठंड का अहसास होने लगता है। वहीं, अगर आप थायरॉइड के मरीज हैं, तो भी आपको खाने के बाद ठंड लग सकती है, क्योंकि खाना पचाने के लिए ज्यादा एनर्जी की जरूरत होती है, जिसकी वजह से बॉडी का तापमान गिर जाता है।
इंटरमिटेंट फास्टिंग
अगर आप इंटरमिटेंट फास्टिंग कर रहे हैं, तो इससे भी शरीर में ब्लड शुगर लेवल की कमी हो जाती है, जिससे शरीर में तनाव बढ़ने लगता है। शरीर में बढ़े तनाव की वजह तापमान कम हो जाता है, जिससे ठंड लगने लगती है।
ज्यादा मिर्च खाने पर
अगर आपने ज्यादा मिर्च या मसालेदार खाना खाया है, तो इसकी वजह से भी कई बार आपको ठंड लगने लगती है। दरअसल, मिर्च में केप्साइसिन (capsaicin ) नामक कैमिकल पाया जाता है, जिसकी वजह से मिर्च के अधिक सेवन से पसीना निकलने लगता है। इससे शरीर का तापमान गिर जाता है और ठंड लगने लगती है।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।