दीवाली पर ज्यादा तला-भुना खाने से हो गई है एसिडिटी और गैस? तुरंत राहत दिलाएंगे ये 5 आसान घरेलू नुस्खे
दीवाली पर ज्यादा तला-भुना खाने से हुई एसिडिटी और गैस से राहत पाने के लिए कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाएं।

दीवाली पर हो गई है गैस और एसिडिटी? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली का त्योहार सिर्फ रोशनी से ही नहीं, बल्कि खाने-पीने से भी भरपूर होता है। इस त्योहार पर एक से बढ़कर एक पकवान बनाए जाते हैं। मिठाइयां, नमकीन, कचौड़ी, समोसे और डीप-फ्राइज स्नैक्स दीवाली पार्टी की रौनक होते हैं। ऐसे में हम खुद को कितना भी कंट्रोल करना चाहें, लेकिन खुद को रोक नहीं पाते हैं।
त्योहार के उत्साह में हम दिल भरकर तला-भुना खा तो लेते हैं, लेकिन ये पेट के लिए परेशानी बन जाता है। ज्यादा तला-भुना खाना खाने से पेट में जलन, एसिडिटी और इनडाइजेशन की समस्या होने लगती है। अगर ज्यादा तला-भुना खाने की वजह से आपके पेट में भी एसिडिटी या अपच की समस्या हो गई है, तो कुछ घरेलू नुस्खे इनसे राहत दिलाने में मददगार साबित हो सकते हैं। आइए जानें इन नुस्खों के बारे में।
अजवाइन और काला नमक
पेट में गैस और भारीपन दूर करने के लिए अजवाइन और काला नमक सबसे बेहतरीन नुस्खों में से एक है। अगर ज्यादा खाने की वजह से आपका पेट बहुत हैवी महसूस हो रहा है, तो एक चम्मच अजवाइन में थोड़ा-सा काला नमक मिलाकर अच्छी तरह चबाकर खाएं और इसके बाद गुनगुना पानी पी लें। अजवाइन डाइजेशन में मदद करता है, जिससे पेट का भारीपन कम होता है और गैस से भी राहत मिलती है।
अदरक और नींबू का रस
अगर ज्यादा तला-भुना खाने की वजह से पेट में ब्लोटिंग या गैस बन गई है, तो अदरक और नींबू का रस फायदेमंद हो सकता है। अदरक का एक छोटा टुकड़ा लें और उसका रस निकाल लें। इसमें आधा चम्मच नींबू का रस और एक चुटकी काला नमक या सेंधा नमक मिलाएं। इसे चाटने से पेट की जलन शांत होती है और मितली या भारीपन से राहत मिलती है।
जीरा और हींग की चाय
जीरा और हींग दोनों ही पेट की कई समस्याओं को दूर करने में असरदार हैं। जीरा मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जबकि हींग गैस निकालने में मदद करती है। एक गिलास पानी में आधा चम्मच जीरा और एक चुटकी हींग डालकर अच्छी तरह उबाल लें और जब ये हल्का ठंडा हो जाए, तब इसे पिएं। इससे बदहजमी और गैस से राहत मिलेगी।
सौंफ और मिश्री
सौंफ और मिश्री पाचन को बेहतर बनाते हैं। सौंफ और मिश्री ठंडी तासीर के होते हैं। इसलिए इसे खाने से सीने की जलन कम होती है और एसिडिटी से भी राहत मिलती है। एक चम्मच सौंफ और मिश्री साथ मिलाकर खा सकते हैं या इसके अलावा, पानी में सौंफ मिलाकर काढ़ा बनाकर भी पी सकते हैं।
छाछ में भुना जीरा
अगर आपने बहुत तला-भुना खा लिया है और पेट में जलन हो रही है, तो पेट को ठंडक देने के लिए छाछ में आधा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर मिलाकर पिएं। छाछ पेट को ठंडक देता है और इससे इनडाइजेशन से भी राहत मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।