फोन या लैपटॉप ही नहीं, रोजमर्रा की कुछ मामूली आदतें भी पहुंचाती हैं आंखों को नुकसान, समय रहते सावधानी है जरूरी
आंखों को नुकसान सिर्फ फोन या लैपटॉप से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की कुछ मामूली आदतें भी पहुंचाती हैं।

आंखों को नुकसान पहुंचाने वाली आदतें (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आंखों से जुड़ी किसी भी दिक्कत, जैसे दर्द या थकान के लिए अक्सर हम फोन या लैपटॉप की स्क्रीन को ही कसूरवार मानते हैं। हालांकि, ज्यादा स्क्रीन टाइम आंखों के लिए नुकसानदेह है, लेकिन हमारी रोज की कुछ आदतें भी आंखों को नुकसान पहुंचाती हैं।
ये आदतें दिखने में काफी मामूली लगती हैं, लेकिन समय के साथ आंखों की नमी और सेहत को प्रभावित करने लगती हैं। आइए जानें रोजमर्रा की उन गलतियों के बारे में, जिन्हें तुरंत सुधारने की जरूरत है।
कम रोशनी में काम करना या पढ़ना
कम रोशनी में किताब पढ़ना या बिल्कुल अंधेरे में बैठकर तेज ब्राइटनेस में फोन का इस्तेमाल करना आंखों के लिए नुकसानदेह है। इस तरह के तेज कॉन्ट्रास्ट से आंखों की मांसपेशियों को सामान्य से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। इसके कारण आंखों में स्ट्रेस, आंखों में असहजता और सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इसलिए पढ़ते या काम करते समय कमरे में सही रोशनी का ध्यान रखें।
अधूरी नींद और पानी की कमी
देर रात तक जागना, सही से नींद न लेना या नींद का पैटर्न बिगड़ने से आंखें ड्राई और थकी-थकी महसूस होती हैं। सोते समय हमारी आंखों को आराम और रिकवरी का मौका मिलता है, लेकिन ऐसा न होने पर आंखों को आराम नहीं मिल पाता। इसके अलावा, कम पानी पीने से भी आंखों में ड्राइनेस बढ़ जाती है, खासकर उन लोगों में जो लंबे समय तक एसी वाले माहौल में बैठते हैं।
बार-बार आंखें मलना
थकान या खुजली महसूस होने पर आंखों को रगड़ना काफी आम है, लेकिन ज्यादा या जोर से मलने से आंखों की सतह को नुकसान हो सकता है। अगर खुजली बार-बार हो रही है, तो उसकी वजह समझें और डॉक्टर से सपंर्क करें। इसके अलावा, बिना हाथ धोए आंखों को छूना या कॉन्टेक्ट लेंस की सफाई न करना आंखों में इन्फेक्शन का खतरा बढ़ा देती है।
खान-पान और धूप का ध्यान न रखना
खान-पान में पोषण की कमी भी आंखों को प्रभावित करती है। वहीं दूसरी ओर, बिना यूवी प्रोटेक्शन वाले चश्मे के धूप में ज्यादा समय बिताना लंबे समय के लिए नुकसानदेह हो सकता है। धूप से बचाव, भरपूर मात्रा में पानी पीना, पौष्टिक खाना और आंखों की सफाई को ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
इन संकेतों को नजरअंदाज न करें
अगर आपको धुंधला दिखाई दे रहा है, बार-बार सिरदर्द होता है, आंखों में दर्द, रेडनेस, पानी बहना या अचानक देखने में कोई बदलाव महसूस हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर से मिलकर आंखों की जांच करवाएं। हर समस्या के लिए सिर्फ स्क्रीन को जिम्मेदार ठहराना सही नहीं है।
डॉ. महिपाल सचदेव, चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर, सेंटर फॉर साइट ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स
