विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हेल्दी सेल्स से नो छेड़छाड़, सिर्फ कैंसर पर होगा वार! जानिए कैसे काम करेगी नई भारतीय दवा RK-251

Published: Fri, 21 Aug 2026 08:26 AM (GMT+05:30)

भारतीय वैज्ञानिकों ने RK-251 नामक एक स्मार्ट दवा विकसित की है, जो केवल कैंसरग्रस्त कोशिकाओं को निशाना बनाएगी और स्वस्थ कोशिकाओं को नुकसान नहीं पहुंचाएगी। 

कैंसर की नई दवा ईजाद, सिर्फ प्रभावित कोशिकाओं को बनाएगी निशाना (Image Source: AI-Generated)

कैंसर की नई दवा ईजाद, सिर्फ प्रभावित कोशिकाओं को बनाएगी निशाना (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. भारतीय वैज्ञानिकों ने RK-251 नामक स्मार्ट कैंसर दवा विकसित की

  2. यह दवा केवल कैंसरग्रस्त कोशिकाओं को निशाना बनाती है, स्वस्थ कोशिकाएं सुरक्षित

  3. कीमोथेरेपी का विकल्प, अधिक लक्षित और कम हानिकारक कैंसर इलाज

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। भारतीय विज्ञानियों ने कैंसर के इलाज में एक बड़ी उपलब्धि प्राप्त करते हुए आरके-251 नाम की एक स्मार्ट दवा ईजाद की है, जो केवल कैंसरग्रस्त कोशिकाओं को भी निशाना बनाएगी और शरीर की स्वस्थ कोशिकाओं से कोई छेड़छाड़ नहीं करेगी।

इसे कैंसर के अधिक लक्षित और कम नुकसान वाले इलाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण शुरुआती प्रयास माना जा रहा है। साथ ही इस दवा को कीमोथेरेपी का भी विकल्प माना जा रहा है, जिसमें सबसे बड़ी चुनौती यही है कि यह इलाज प्रभावित कोशिकाओं के साथ-साथ कुछ स्वस्थ कोशिकाओं को भी नुकसान पहुंचाती है।

भारतीय वैज्ञानिकों ने बनाई नई 'स्मार्ट' दवा

नई दवा को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि शरीर में घूमते समय यह अपेक्षाकृत निष्क्रिय रहती है और कैंसर कोशिकाओं के खास रासायनिक माहौल में पहुंचने पर सक्रिय हो उठती है। हालांकि, इस दवा को अभी परीक्षणों के कई दौर से गुजरना है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह शोध इंस्टीट्यूट आफ एडवांस्ड स्टडी इन साइंस एंड टेक्नोलाजी (आइएएसएसटी) और आइआइटी गुवाहाटी के विज्ञानियों ने किया है। शोध का नेतृत्व आइएएसएसटी के डॉ. असिस बाला और आइआइटी गुवाहाटी के डॉ. कृष्णा पी. भाबक ने किया है। शोध के नतीजे जर्नल आफ मेडिसिनल केमिस्ट्री में प्रकाशित हुए हैं।

कैंसर कोशिका में ही सक्रिय होगी दवा

आरके-251 को आसान भाषा में एक ऐसे "मालिक्यूलर स्विच" की तरह समझा जा सकता है, जो कैंसर कोशिका के माहौल में पहुंचने के बाद सक्रिय होने के लिए तैयार किया गया है। कई कैंसर कोशिकाओं में रिएक्टिव आक्सीजन स्पीशीज (आरओएस) का स्तर सामान्य कोशिकाओं की तुलना में ज्यादा होता है। विज्ञानियों ने इसी अंतर का फायदा उठाने की कोशिश की है।

आरओएस के संपर्क में आने पर आरके-251 से एनबीडीएचईएक्स नाम का एक्टिव कंपाउंड निकलता है। यह कैंसर कोशिकाओं में मौजूद जीएसटीपी1 जैसे प्रोटीन को निशाना बनाता है, जो कोशिका के जीवित रहने और दवा के प्रति प्रतिरोध में भूमिका निभा सकता है। सरकार के अनुसार, इस तरह की लक्षित दवा की जरूरत इसलिए महसूस हुई क्योंकि पारंपरिक उपचार में स्वस्थ ऊतकों को होने वाले नुकसान से कई दुष्प्रभाव सामने आ सकते हैं। लक्ष्य यह है कि दवा सामान्य ऊतकों में कम सक्रिय रहे और ट्यूमर वाली जगह पर ज्यादा असर करे।

शोधकर्ताओं ने आरके-251 का परीक्षण ट्रिपल-नेगेटिव ब्रेस्ट कैंसर की कोशिकाओं पर किया। यह ब्रेस्ट कैंसर का अपेक्षाकृत आक्रामक प्रकार है। प्रयोगशाला में दवा ने सामान्य कोशिकाओं की तुलना में कैंसर कोशिकाओं पर ज्यादा असर दिखाया।

यह भी पढ़ें- औषधीय पौधा किलमोड़ा ने जगाई ब्लड कैंसर के प्रभावी उपचार की उम्मीद, ICMR देगा क्लीनिकल ट्रायल की अनुमति

यह भी पढ़ें- युवाओं को खामोशी से शिकार बना रहा है फेफड़ों का कैंसर, शुरुआती लक्षणों को अनदेखा करना है सबसे बड़ी गलती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।