Water Rich Fruits: गर्मी में बॉडी को ठंडा रखने के लिए इन जूसी फलों का करें सेवन
Water Rich Fruits नई दिल्ली की सीनियर डाइटीशियन डा. हर्षमीत अरोड़ा ने बताया कि गर्मी को मात देने के लिए हमें ऐसे फलों का सेवन करना चाहिए जो ऊर्जावान रखें साथ ही जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो...

नई दिल्ली, डा. हर्षमीत अरोड़ा। गर्मी के दिनों में बाजार में बहुतायत में मिलने वाले फलों की खासियत होती है कि ये न केवल पानी की अधिकतम मात्रा से भरपूर होते हैं, बल्कि इनमें सेहत के लिए आवश्यक तमाम तरह के पोषक तत्व जैसे विभिन्न प्रकार के विटामिंस, फाइटोकेमिकल्स, खनिज तत्व, एंटीआक्सीडेंट्स, एसिड्स आदि भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। गर्मी के दिनों में पसीने के साथ शरीर में मौजूद पोषक तत्व बाहर निकल जाते हैं। इसलिए विभिन्न प्रकार के फलों का सेवन सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होता है। कुछ फल तो आसपास के वातावरण में पैदा होते हैं तो वहीं कुछ अन्य स्थानों से आते हैं। आजकल अलग-अलग प्रकार के फलों का सेवन इसलिए भी आवश्यक होता है, क्योंकि इनसे अलग-अलग पोषक तत्वों की पूर्ति होती है। गर्मी में आने वाले फल सेहत के लिए बहुत लाभकारी होते हैं साथ ही ये गर्मी से बचाने में मदद भी करते हैं।
गर्मियों के सबसे अच्छे फलों में से एक है तरबूज। इसमें 92 प्रतिशत पानी होता है साथ ही ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो दर्द को कम करने में मदद करते हैं। यह शरीर को हाइड्रेट रखता है और पसीने के रूप में निकल गए विटामिंस और खनिज तत्वों की पूर्ति करता है। यह विटामिन ए, बी, सी, ई और आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस जैसे खनिजों का अच्छा स्रोत है। इसी प्रकार से आम और लीची सेहत के लिए बहुत लाभकारी हैं, क्योंकि इनमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। स्ट्राबेरी गर्मी के मौसम में होने वाली त्वचा संबंधी समस्याओं से बचाती है। इसमें मौजूद फ्लेवोनोइड्स और फाइटोन्यूट्रिएंट्स सेहत के लिए बहुत लाभदायक होते हैं। आड़ू ब्लड प्रेशर नियंत्रित करता है व हृदय संबंधी अन्य समस्याओं को दूर करता है। यह पसीने के रूप में शरीर से निकले पोषक तत्वों को बहाल करता है। पोटेशियम और विटामिन सी से भरपूर स्टार फल आंखों को आराम देने और सिरदर्द से राहत दिलाने में मदद करता है। गर्मियों के फलों में बेल भी बहुत फायदेमंद होता है। यह नेचरल कोल्ड ड्रिंक है। इसमें एंटीआक्सीडेंट्स और अन्य कई पोषक तत्व होते हैं।
आलूबुखारा: इसे प्लम, प्रून्स और कई अन्य नामों से भी पुकारा जाता है। इसमें विटामिन ए काफी मात्रा में पाया जाता है, जबकि कैलोरी कम मात्रा में। इसमें फाइबर काफी मात्रा में पाया जाता है, जो पाचनतंत्र को मजबूत बनाता है। इसमें काफी मात्रा में पोटेशियम पाया जाता है। इस वजह से यह हृदय के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। इसके सेवन से ब्लड प्रेशर सही रहता है। इसमें पाए जाने वाले विभिन्न एंटीआक्सीडेंट्स सेहत को दुरुस्त रखने में खास भूमिका निभाते हैं। इसमें विटामिन सी, आयरन और मैग्नीशियम भी मौजूद होता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और शरीर में खून की कमी नहीं होने देता है। यह त्वचा को कांतिवान बनाता है।
लीची: यह छोटा सा फल पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिंस, मिनरल्स और एंटीआक्सीडेंट्स मौजूद होते हैैं। यह विटामिन सी व बी 6 का बहुत अच्छा स्रोत है। इसमें पोटेशियम, मैग्नीशियम और आयरन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह विभिन्न रोगों से बचाव करती है। इसमें काफी मात्रा में पालीफेनाल्स भी पाए जाते हैं, जो कैंसर पैदा करने वाले सेल्स को खत्म करने का काम करते हैैं। लीची हृदय रोगों से रक्षा करती हैै साथ ही ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करती है। यह त्वचा के लिए काफी फायदेमंद है और हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करती है। इसके सेवन से एसिडिटी की समस्या खत्म होती है। यह पाचनतंत्र को दुरुस्त रखने के साथ ही एंटी एजिंग का काम करती है।
आड़ू: इसे अडु, आडु, पीच और अन्य नामों से भी जाना जाता है। यह शरीर में पानी की कमी नहीं होने देता है। इसमें लगभग नब्बे प्रतिशत पानी होता है। इसमें विटामिन ए, ई और सी के साथ ही नियासिन और पोटेशियम भी काफी मात्रा में मौजूद होता है। इसके सेवन से विभिन्न प्रकार के हृदय रोगों से शरीर की रक्षा होती है। यह फाइबर का अच्छा स्रोत है। इसलिए यह पेट के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसके सेवन से पाचन संबंधी समस्याएं नहीं पैदा होती हैं। इसमें पाए जाने वाले एंटीआक्सीडेंट्स शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ त्वचा के लिए भी बहुत लाभदायक होते हैं। इसमें सोडियम और कैल्शियम भी पाया जाता है। ये पोषक तत्व मांसपेशियों में होने वाले दर्द से छुटकारा दिलाने में कारगर होते हैं।
खुबानी: इसे जरदालु, उरुमाना, एप्रीकाट आदि नामों से जाना जाता है। इसके सेवन से शरीर में पानी की कमी नहीं हो पाती है। कारण, इसमें सत्तर प्रतिशत से अधिक पानी होता है। इसमें कैलोरी काफी कम मात्रा में पाई जाती है, जबकि पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैैं। इसके सेवन से शरीर के लिए आवश्यक विभिन्न प्रकार के पोषक तत्वों की पूर्ति होती है। इसमें विटामिन ए, बी 6 और सी काफी मात्रा में पाया जाता है। खुबानी में बीटाकैरोटिन भी प्रचुर मात्रा में मौजूद होता है। इसलिए यह आंखों और त्वचा के लिए काफी लाभकारी होता है। यह फाइबर का भी एक अच्छा स्रोत है। इस वजह से यह पाचनतंत्र को दुरुस्त रखने में मदद करता है। इसमें कई प्रकार के एंटीआक्सीडेंट्स भी पाए जाते हैैं, जो हमारी सेहत को सही रखने में काफी मददगार साबित होते हैं।
सीनियर डाइटीशियन डा. हर्षमीत अरोड़ा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।