Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ई-संजीवनी ओपीडी से कैसे पाएं मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं, जानें क्या है तरीका

    By Amit NidhiEdited By:
    Updated: Thu, 07 Apr 2022 02:59 PM (IST)

    ई-संजीवनी ओपीडी सरकार की एक ऐसी ही टेलीमेडिसिन सेवा है जहां आप विशेषज्ञ चिकित्सकों से घर बैठे निश्शुल्क स्वास्थ्य परामर्श ले सकते हैं। आइए आज विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जानें अपने स्वास्थ्य को लेकर कैसे इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है...

    Hero Image
    कैसे पाएं मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं। फोटोः फ्रीपिक

    नई दिल्ली, अमित निधिः देश में कोविड महामारी के दौरान जब लोग घरों से निकलकर अस्पताल नहीं जा पा रहे थे, तो टेलीमेडिसिन सेवाओं से उन्हें काफी मदद मिली। देखा जाए तो आज टेलीमेडिसिन सेवाएं देश में तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। बिना घर से बाहर निकले मोबाइल-पीसी की मदद से देश के बेहतरीन डाक्टरों से स्वास्थ्य परामर्श ले सकते हैं। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय का ई-संजीवनी ओपीडी एक ऐसा ही पोर्टल है, जहां से लोग निश्शुल्क टेली-परामर्श सेवाएं ले सकते हैं। स्वास्थ्य परामर्श के लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ती है, बल्कि आप घर बैठे आनलाइन ओपीडी सेवाएं हासिल कर सकते हैं। आपको बता दें कि आज प्रतिदिन 40,000 से अधिक लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ई-संजीवनी का उपयोग करते हैं। हालांकि यहां पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया, टोकन जेनरेट करने, लागइन, प्रतीक्षा कक्ष, परामर्श प्रक्रिया आदि के बारे में जान लेना आवश्यक है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    क्या है ई-संजीवनी ओपीडी

    ई-संजीवनी ओपीडी से उन लोगों को काफी मदद मिली है, जिन्हें कोरोना महामारी के दौरान डाक्टरों से स्वास्थ्य सलाह लेने में मुश्किलें हो रही थीं। इसे सेंटर फार डेवलपमेंट आफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग द्वारा विकसित किया गया है। ई-संजीवनी ओपीडी का मुख्य उद्देश्य डिजिटलीकरण की मदद से उन व्यक्तियों को स्वास्थ्य सलाह प्रदान करना है, जिनके लिए अस्पतालों का दौरा करना मुश्किल होता है। राष्ट्रीय टेलीमेडिसिन सेवा के तहत लाभार्थियों को टेली परामर्श की पेशकश करने के लिए 1,00,000 से अधिक डाक्टर और चिकित्सा विशेषज्ञ बोर्ड पर हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, ई-संजीवनी सरकार द्वारा शुरू की गई अपनी तरह की पहली टेलीमेडिसिन पहल है, जो ई-संजीवनी आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और ई-संजीवनी ओपीडी के माध्यम से आनलाइन चिकित्सा सेवाएं प्रदान करती है। देशभर में ई-संजीवनी एबी-एचडब्ल्यूसी के माध्यम से अब तक 2.2 करोड़ से ज्यादा लोगों को चिकित्सा परामर्श प्रदान किया जा चुका है। इसके अलावा, करीब 74 लाख लाभार्थियों ने ई-संजीवनी ओपीडी प्लेटफार्म के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया है। ये सुविधाएं एंड्रायड और आइओएस दोनों ही प्लेटफार्म पर उपलब्ध हैं।

    उपलब्ध सुविधाएं

    ई-संजीवनी ओपीडी के तहत आपको कई तरह की सुविधाएं मिलती हैं। इनमें पेशंट रजिस्ट्रेशन, टोकन जेनरेशन, क्यू मैनेजमेंट, डाक्टर के साथ आडियो-वीडियो कंसल्टेशन, ई-प्रिस्क्रिप्शन, एसएमएस/ईमेल के माध्यम से सूचनाएं, राज्य के डाक्टरों द्वारा सर्विस, फ्री सर्विस आदि शामिल हैं।

    कैसे उठा सकते हैं लाभ

    ई-संजीवनी ओपीडी का लाभ उठाने के लिए पहले इस मंच पर रजिस्ट्रेशन या लागइन करना होगा। यह प्रक्रिया आसान है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट https://esanjeevaniopd.in पर जाएं। इसके बाद पेशंट रजिस्ट्रेशन पर जाकर रजिस्टर करना होगा। स्क्रीन पर एक नया वेब पेज प्रदर्शित होगा। वहां अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। नीचे राज्य का विकल्प दिखाई देगा। इसमें जिस राज्य में रह रहे हैं, उसका चयन करें। फिर मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी भेजा जाएगा, जिसे दर्ज करना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन पेज आपकी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा। यहां पर मांगे जाने वाले सभी विवरणों को दर्ज करना होगा। अब आप डाक्टर से परामर्श के लिए टोकन का अनुरोध करें। इसके बिना आगे नहीं बढ़ पाएंगे। यदि आपके पास अपना स्वास्थ्य रिकार्ड है, तो उसे भी अपलोड कर सकते हैं, ताकि डाक्टर को आपके स्वास्थ्य इतिहास के बारे में अधिक जानकारी मिल सके। इसके बाद एसएमएस के माध्यम से पेशंट आइडी और टोकन प्राप्त होगा। अब इसकी मदद से ई-संजीवनी ओपीडी पोर्टल पर पेशंट लागइन टैब में जाकर लागइन करना होगा। लागइन करने के बाद टोकन नंबर के साथ मोबाइल नंबर या पेशंट आइडी भी दर्ज करनी होगी। इसके बाद इस मंच पर लागइन कर पाएंगे। अब आपको डाक्टर से अपाइंटमेंट लेने के लिए चुने गए क्लीनिक का नाम दर्ज करना होगा। यदि आपसे पहले और भी अपाइंटमेंट हैं, तो आपको एक सीरियल नंबर दिया जाएगा। यदि कोई नहीं है, तो फिर आप स्वास्थ्य परामर्श ले पाएंगे।

    चिकित्सक से परामर्श की प्रक्रिया

    जब आप वीडियो काल से डाक्टर से बात करते हैं, तो डाक्टर के पास आपके पिछले स्वास्थ्य रिकार्ड को एक्सेस करने की सुविधा होती है। अगर आपने पहले से कोई रिकार्ड अपलोड कर रखा है, तो डाक्टर इलेक्ट्रानिक प्रिस्क्रिप्शन भी तैयार करेंगे। परामर्श समाप्त करने पर डाक्टर आपको ई-प्रिस्क्रिप्शन भेजेंगे। आप इस ई-प्रिस्क्रिप्शन को प्रिंट करने के लिए सुरक्षित रख सकते हैं। अपना परामर्श पूरा होने के बाद मंच से लागआउट कर जाएं। ई-संजीवनी ओपीडी पेशंट को ई-प्रिस्क्रिप्शन डाउनलोड करने के लिए लिंक के साथ एक एसएमएस नोटिफिकेशन भी भेजता है।

    कैसे देखें पेशंट प्रोफाइल

    आपको अपना पेशंट प्रोफाइल देखने के लिए पहले स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की आधिकारिक वेबसाइट https://esanjeevaniopd.in पर जाना होगा। आपके सामने होम पेज खुलेगा। होमपेज पर आपको पेशंट प्रोफाइल पर क्लिक करना होगा। वहां अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद सेंड ओटीपी पर क्लिक करना होगा। ओटोपी दर्ज करने के बाद पेशंट की प्रोफाइल सामने प्रदर्शित की जाएगी। यहां से ई-प्रिस्क्रिप्शन भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, परिवार के सदस्यों को जोड़ने या संपादित करने की सुविधा भी मिलती है।

    ओपीडी का समय

    अपने राज्य में ओपीडी का समय देखने के लिए ई-संजीवनी की वेबसाइट पर जाएं। होम पेज पर ही टाइमिंग का विकल्प दिखाई देगा। उस पर क्लिक करने के बाद एक नये पेज पर पहुंच जाएंगे, जहां आपको सभी राज्यों की सूची दिखाई देगी। अपने राज्य से संबंधित लिंक पर क्लिक करना है। यहां पर ओपीडी टाइमिंग से जुड़ी पूरी जानकारी कंप्यूटर-मोबाइल स्क्रीन पर दिखाई देगी। आप गूगल प्ले स्टोर या फिर एपल के एप स्टोर से ई-संजीवनी ओपीडी एप डाउनलोड कर सकते हैं। यहां पर रजिस्ट्रेशन करने के लिए आपको वेबसाइट की तरह ही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का पालन करना होगा।

    ये टेलीमेडिसिन सेवा भी हैं उपयोगी

    टेलीमेडिसिन के क्षेत्र में बहुत सारी प्राइवेट कंपनियां भी मौजूद हैं। हालांकि इन पर स्वास्थ्य सेवाएं मुफ्त नहीं हैं, लेकिन यह फायदा जरूर है कि आप घर बैठे अच्छे डाक्टरों से स्वास्थ्य परामर्श हासिल कर सकते हैं :

    प्रैक्टो : टेलीमेडिसिन सेवा के लिए प्रैक्टो की मदद ले सकते हैं। यहां पर डाक्टरों के प्रोफाइल को चेक कर उनसे कंसल्ट कर सकते हैं। हालांकि इसके लिए कंसल्टेशन फीस जमा करनी होती है। यूजर डाक्टरों से प्राइवेटली चैट कर स्वास्थ्य से संबंधित परेशानियों को साझा कर सकते हैं।

    टाटा हेल्थ-आनलाइन डाक्टर कंसल्ट लैब और क्लिनिक : यहां न सिर्फ डाक्टर से परामर्श कर पाएंगे, बल्कि लैब टेस्ट के लिए आनलाइन बुकिंग भी करवा सकते हें। डाक्टरों से अपनी सुविधा के हिसाब से वीडियो काल, चैट आदि के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है।

    एमफाइन-कंसल्ट डाक्टर्स आनलाइन : यहां भी विशेषज्ञ डाक्टरों से चैट, आडियो और वीडियो काल के जरिए सलाह ली जा सकती है। यहां हिंदी के अलावा अंग्रेजी और तेलुगु में बात करने वाले डाक्टर भी मिल जाएंगे।

    आनलाइन कैसे ले सकते हैं डाक्टर से परामर्श

    ई-संजीवनी ओपीडी मंच पर डाक्टर से अपाइंटमेंट लेने के लिए लागइन करना होगा। जब पोर्टल पर लागइन कर लेते हैं, तो फिर अपने क्लीनिक की खोज करें। इसके बाद आपको एक सीरियल नंबर दिया जाएगा। सीरियल नंबर आने पर ई-संजीवनी ओपीडी आपके लिए एक डाक्टर को नियुक्त करती है। अब आपका ‘काल नाउ’ बटन सक्रिय हो जाएगा, मगर आपको ध्यान रखना होगा कि 60 सेकंड के भीतर अपने डाक्टर को काल करना होगा। इसके लिए काल नाउ बटन पर टैप करें। यदि बटन पर सफलतापूर्वक क्लिक करते हैं, तो डाक्टर से अपने स्वास्थ्य के बारे में परामर्श ले सकते हैं।