डायलिसिस सिर्फ बुजुर्गों के लिए नहीं: डायबिटीज और मोटापे के कारण आज युवाओं को भी पड़ रही है इसकी जरूरत
किडनी की बीमारी और डायलिसिस से जुड़े कई मिथक समाज में प्रचलित हैं, जो मरीजों को भ्रमित करते हैं। डॉ. साक्षी जैन ने ऐसे ही 5 आम मिथकों को दूर करते हुए सही जानकारी दी है, जिससे मरीजों को सही इलाज और समझ मिल सके।

किडनी डायलिसिस से जुड़े 5 बड़े मिथक, जानें क्या है सच्चाई (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
हर किडनी मरीज को डायलिसिस की जरूरत नहीं होती
डायलिसिस हमेशा के लिए नहीं होता, कारण पर निर्भर
डायलिसिस के साथ भी सामान्य जीवन संभव है
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। किडनी हमारे शरीर के जरूरी अंगों में से एक है, जो जीवन जीने के लिए जरूरी काम करती है। इसका काम शरीर में मौजूद गंदगी को बाहर निकालना होता है, ताकि शरीर की अंदर से सफाई हो सके और जब किडनी अपना यह काम सही से नहीं कर पाती, तो दिक्कत शुरू हो जाती है और किडनी की बीमारी का कारण बनती है।
किडनी की बीमारी को "साइलेंट डिजीज" भी कहा जाता है, क्योंकि इसके लक्षण अक्सर काफी देरी से सामने आते हैं। जब तक इसके लक्षण पकड़ में आते हैं, तब तक किडनी को काफी नुकसान पहुंच चुका होता है। इस बीमारी के इलाज में सबसे बड़ी बाधा यह है कि आज भी लोगों के मन में इसे लेकर कई तरह की गलत धारणाएं मौजूद हैं। ऐसे में डॉ. साक्षी जैन (कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट, नेफ्रोप्लस) से जानते हैं इस बीमारी से जुड़े ऐसे ही कुछ मिथकों के बारे में-
मिथक 1: किडनी की बीमारी में डायलिसिस ही कराना पड़ता है
सच: यह लोगों की गलतफहमी है कि हर किडनी के मरीज को डायलिसिस कराना पड़ता है। अगर इस बीमारी का पता शुरुआत में ही चल जाए, तो दवाइयों, सही खानपान, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज को कंट्रोल में रखकर और लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करके इसे काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। समय से इलाज शुरू करने से बीमारी की रफ्तार कम हो सकती है और कई मामलों में डायलिसिस से बचा जा सकता है।
मिथक 2: एक बार डायलिसिस शुरू हुआ, तो जिंदगीभर कराना ही पड़ेगा
सच: यह हर बार सही नहीं होता। डायलिसिस कब तक चलेगा, यह पूरी तरह इस बात पर निर्भर करता है कि किडनी किस वजह से खराब हुई है। अगर इन्फेक्शन, शरीर में पानी की कमी, कुछ दवाइयों या किसी कारण से किडनी ने काम करना बंद किया है, तो ऐसे मामलों में कुछ समय के लिए ही डायलिसिस की जरूरत पड़ती है। जैसे ही किडनी दोबारा काम करने लगती है, तो डायलिसिस बंद भी हो सकता है।
मिथक 3: डायलिसिस कराने पर किडनी पहले ही तरह काम करती है
सच: यह सच है कि डायलिसिस जान बचाने में मदद करता है, लेकिन यह सच नहीं है कि यह स्वस्थ किडनी की तरह ही काम करता है। डायलिसिस कराने पर किडनी सामान्य काम का सिर्फ 20 से 25 प्रतिशत ही कर पाती है। डायलिसिस कराने वाले लोगों को खानपान, दवाइयों का ध्यान देना चाहिए और नियमित जांच कराते रहना चाहिए।
मिथक 4: सिर्फ बुजुर्गों को कराना पड़ता है डायलिसिस
सच: यह इस बीमारी से जुड़ी सबसे बड़ी गलतफहमी है। किडनी की बीमारी किसी भी व्यक्ति को हो सकती है और जरूरत पड़ने पर किसी को भी डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है। आजकल डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, मोटापा, ऑटोइम्यून बीमारियां और अन्य जेनेटिक समस्याओं के चलते अक्सर लोग इसकी चपेट में आ जाते हैं। ऐसे में किसी भी वजह से किसी भी उम्र के व्यक्ति को डायलिसिस की जरूरत पड़ सकती है।
मिथक 5: डायलिसिस का मतलब जिंदगी खत्म हो गई
सच: यह इस बीमारी से जुड़ी एक ऐसी गलतफहमी है, जो सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है। यह बिल्कुल सच नहीं है कि डायलिसिस करा रहा व्यक्ति सामान्य जीवन नहीं जी पाता। डायलिसिस करा रहे कई लोग नौकरी करते हैं, पढ़ाई करते हैं, घूमते-फिरते हैं, अपने शौक पूरे करते हैं और परिवार व दोस्तों के साथ सामान्य जीवन जीते हैं। डायलिसिस मतलब जिंदगी खत्म होना नहीं है, बल्कि एक तरीका है शरीर को सही तरह से काम करने में मदद करने का।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।