30 की उम्र के बाद बीपी-शुगर ही नहीं, लिवर की भी करें फिक्र; 7 अचूक उपाय रखेंगे इसका ख्याल
30 की उम्र के बाद लिवर की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह शरीर के 500 से ज्यादा जरूरी काम करता है।

30 के बाद कैसे रखें अपने शरीर के सबसे अहम हिस्से 'लिवर' का ख्याल? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। 30 का पड़ाव पार करते ही अक्सर लोग अपनी सेहत को लेकर थोड़े ज्यादा सतर्क हो जाते हैं। लोग ब्लड प्रेशर नापने लगते हैं, शुगर टेस्ट कराते हैं और हार्ट हेल्थ की भी फिक्र करने लगते हैं।
हालांकि, इन सबके बीच हम अक्सर अपने शरीर के उस अंग को भूल जाते हैं जो हमारे जिंदा रहने के लिए 500 से भी ज्यादा अहम काम करता है, जी हां हमारा लिवर। दुख की बात यह है कि लोग लिवर पर तब तक ध्यान नहीं देते, जब तक कि वह पूरी तरह से खराब न होने लगे।
आपका लिवर सिर्फ खाना ही नहीं पचाता, बल्कि यह शरीर से जहरीले तत्वों को बाहर निकालता है, कोलेस्ट्रॉल संभालता है, जरूरी विटामिन स्टोर करता है और आपकी दिनभर की एनर्जी को बैलेंस रखता है। कुदरत ने लिवर को एक जादुई ताकत दी है। जी हां, यह खुद को दोबारा ठीक कर सकता है, लेकिन यह तभी मुमकिन है, जब हम समय रहते इसे बचाने की पहल करें।

(Image Source: AI-Generated)
सिर्फ शराब पीने वालों की बीमारी नहीं फैटी लिवर
डॉ. पीयूष गुप्ता (सीनियर कंसल्टेंट - गैस्ट्रोएंटरोलॉजी और हेपेटोलॉजी, मैक्स अस्पताल, शालीमार बाग) के मुताबिक, भारत में आजकल हर तीन में से एक वयस्क 'फैटी लिवर' का शिकार है। एक बहुत बड़ा मिथक यह है कि लिवर सिर्फ शराब पीने वालों का खराब होता है। असलियत में, अगर आप दिनभर कुर्सी पर बैठे रहते हैं, आपको मोटापा या डायबिटीज है, कोलेस्ट्रॉल ज्यादा है, आप बहुत ज्यादा स्ट्रेस लेते हैं या आपका खानपान खराब है, तो भी आपके लिवर पर फैट जमा हो सकता है।
अगर इसे यूं ही छोड़ दिया जाए, तो यह सूजन, सिरोसिस और आगे चलकर लिवर कैंसर का रूप भी ले सकता है। 30 की उम्र के बाद शरीर का मेटाबॉलिज्म वैसे भी धीमा हो जाता है, और ऑफिस-परिवार की उलझनों में एक्सरसाइज छूट जाती है। इसलिए अब लिवर के प्रति गंभीर होना जरूरी है।
लिवर को हमेशा जवां रखने के अचूक उपाय
- वजन पर रखें लगाम: कोशिश करें कि आपका बॉडी मास इंडेक्स 23 से नीचे रहे। जिन लोगों को फैटी लिवर की समस्या है, उनके लिए शरीर का मात्र 7 से 10 प्रतिशत वजन घटाना भी एक बड़ा और चमत्कारी बदलाव ला सकता है।
- रोजाना 40 मिनट की एक्टिविटी: हफ्ते में कम से कम 150 मिनट एक्सरसाइज के लिए जरूर निकालें। आप अपनी पसंद के हिसाब से तेज चलना, साइकिल चलाना, स्विमिंग या स्ट्रेंथ ट्रेनिंग कर सकते हैं।
- अपनी थाली में करें बदलाव: शुगरी ड्रिंक्स, प्रोसेस्ड फूड, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट्स और तली-भुनी चीजों से सख्त परहेज करें। इसके बजाय अपनी डाइट में ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, नट्स और लीन प्रोटीन शामिल करें। एक अच्छी खबर यह भी है कि बिना ज्यादा चीनी और मलाई वाली ब्लैक कॉफी आपके लिवर की सेहत के लिए फायदेमंद मानी जाती है।
- शराब से तौबा: शराब पीने की कोई भी 'सुरक्षित सीमा' नहीं होती। अगर आपको पहले से ही मोटापा, शुगर, फैटी लिवर या वायरल हेपेटाइटिस है, तो शराब आपके लिवर को खामोशी से खत्म कर सकती है।
- हेपेटाइटिस से बचाव: हेपेटाइटिस B और C जैसे इन्फेक्शन कई सालों तक बिना कोई लक्षण दिखाए शरीर में छिपे रहते हैं और लिवर को परमानेंट डैमेज कर देते हैं। हेपेटाइटिस B का टीका पूरी तरह सुरक्षित है और हर वयस्क को इसे लगवाना चाहिए। रिस्क वाले लोगों को इसकी जांच भी करानी चाहिए।
- इंटरनेट वाले नुस्खों से बचें: छोटी-मोटी तकलीफ में अपनी मर्जी से पेनकिलर न खाएं। बाजार में लिवर साफ करने का दावा करने वाले बहुत से हर्बल और नेचुरल प्रोडक्ट्स मिलते हैं, जिनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है। फायदे की जगह ये आपके लिवर को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
- समय-समय पर कराएं जांच: अपने रेगुलर चेकअप में डॉक्टर की सलाह से लिवर फंक्शन टेस्ट को जरूर शामिल करें। अगर आप ज्यादा वजन वाले हैं, शुगर के मरीज हैं, शराब पीते हैं या आपके परिवार में किसी को लिवर की बीमारी रही है, तो समय-समय पर अल्ट्रासाउंड और फाइब्रोस्कैन भी करवाएं।
बीमारी के खामोश रहने का खतरा
लिवर की बीमारियां अक्सर बहुत शातिर होती हैं, ये तब तक कोई संकेत नहीं देतीं जब तक कि स्थिति हाथ से न निकल जाए। जब मरीज को पीलिया, शरीर में सूजन या खून बहने जैसे लक्षण दिखाई देने लगते हैं, तब तक लिवर को एक बड़ा नुकसान हो चुका होता है।
इसलिए 30 के बाद लिवर का ख्याल रखने के लिए लक्षणों के सामने आने का इंतजार बिल्कुल न करें। आज ही सही डाइट, एक्सरसाइज और अच्छी आदतों को अपनाएं।
यह भी पढ़ें- हर वक्त स्ट्रेस में रहते हैं, तो संभल जाएं; आपको चुपके से शिकार बना सकती है फैटी लिवर की बीमारी
यह भी पढ़ें- शरीर का 'सिस्टम फेल' कर सकती है लिवर की ये बीमारी, घाव भरने में देरी है पहला बड़ा लक्षण
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।