आंख बंदकर लिए जा रहे हैं चाय की चुस्की, तो हो जाएं सावधान; इन 5 लोगों को हो सकता है भारी नुकसान
चाय भारत में एक लोकप्रिय ड्रिंक है पर कुछ लोगों को इससे बचना चाहिए। कुछ ऐसी समस्याएं हैं जिनसे पीड़ित लोगों को इस ड्रिंक से परहेज करना चाहिए। अगर आप भी उन लोगों में से हैं तो चाय पीने के शौकीन हैं तो एक बार जरूर जान लें कि यह किससे लिए नुकसानदायक है?

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चाय एक ऐसी ड्रिंक है, जो दुनियाभर में सबसे ज्यादा पसंद की जाती है। खासकर अपने देश भारत में लोग बिना समय देखें इसे पी सकते हैं। सुबह हो या शाम, शायद ही कोई ऐसा हो, जिसके मुंह से चाय के लिए न निकलें। खासतौर पर बरसात के दिनों में चाय की चुस्की लेने का अपना अलग मजा होता है।
आमतौर पर यह माना जाता है कि चाय एक ऐसी ड्रिंक है, जिसे कोई भी कभी भी पी सकता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ लोग ऐसे ही हैं, जिन्हें चाय पीने से परहेज करना चाहिए। अक्सर इस बारे में जानकारी न होने की वजह से लोग बेहिसाब इसे पीते जाते हैं और अपनी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में आज इस आर्टिकल में हम आपको बताएंगे किन लोगों के लिए चाय पीना हानिकारक हो सकता है।
हार्ट डिजीज होने पर
इन दिनों हार्ट डिजीज के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं। अगर आप भी दिल के मरीज हैं, तो आपको चाय पीने से परहेज करना चाहिए। दरअसल, चाय में कैफीन मौजूद रहता है, जिससे आपके दिल की धड़कन और ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इसलिए अगर आप दिल से जुड़ी किसी समस्या से परेशान हैं, तो चाय न पीना ही आपके लिए बेहतर है।
नींद से जुड़ी समस्याएं
अक्सर काम के दौरान नींद आने पर लोग चाय पीते हैं, ताकि इसे दूर करने में मदद मिल सके। हालांकि, ऐसा करने की वजह से स्लीप साइकिल डिस्टर्ब होती है। ऐसे में अगर आपको पहले से ही नींद से जुड़ी कोई समस्या है, जो आपको चाय पीने से बचना चाहिए। खासकर रात के समय इसे पीने से बचें, वरना अनिद्रा या नींद से जुड़ी अन्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।
एनीमिया से पीड़ित लोग
अगर आपको एनीमिया या खून की कमी है, तो चाय बिल्कुल भी न पिएं। ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें मौजूद टैनिन्स शरीर के आयरन को अब्जॉर्ब करने की क्षमता को कम कर सकते हैं। ऐसे में एनीमिया होने पर चाय पीना आपकी सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है।
पाचन समस्याओं वाले लोग
अगर आपको अक्सर पाचन से जुड़ी समस्याएं परेशान करती हैं, तो चाय पीने से तौबा पर लीजिए। ऐसा इसलिए क्योंकि चाय में मौजूद कैफीन और कुछ अन्य कंपाउंड पेट की एसिडिटी बढ़ा सकते हैं। इसलिए एसिड रिफ्लक्स, गैस्ट्रिक अल्सर जैसी किसी समस्या से परेशान हैं, तो चाय से दूरी बनाने में भी समझदारी है।
गर्भवती महिलाएं
चाय से दूरी बनाने वालों की लिस्ट में प्रेग्नेंट महिलाओं का भी नाम शामिल हैं। दरअसल, प्रेग्नेंसी के दौरान बहुत ज्यादा चाय पीना हानिकारक हो सकता है। इसमें मौजूद कैफीन से मिसकैरिज या बच्चे का वजन कम होने का खतरा बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें- सुबह उठते ही होंठों से लगा लेते हैं चाय की प्याली, तो जानें एक महीने इसे न पीने से क्या होगा असर
यह भी पढ़ें- लंबी उम्र चाहिए? तो आज ही छोड़ें Milk Tea! 5 हेल्दी चाय से करें दिन की शुरुआत, होगा फायदा ही फायदा
Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो, तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।