विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 28, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सामाजिक संबंधों और एक-दूसरे के संपर्क में आने से 'गुड बैक्टीरिया' का होता है प्रसार, शोध में हुआ खुलासा

By Jagran NewsEdited By: Sanjay Pokhriyal
Published: Mon, 28 Nov 2022 03:58 PM (IST)

आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और अध्ययन के सह-लेखक डा. फिलिप बर्नेट ने कहा कि सामाजिक जुड़ाव से शरीर में सकारात्मक ...और पढ़ें

अच्छी दोस्ती से स्वस्थ रहेंगे आंत माइक्रोबायोम
अच्छी दोस्ती से स्वस्थ रहेंगे आंत माइक्रोबायोम

वाशिंगटन, एएनआइ : अगर आप दोस्तों, सहकर्मियों और स्वजन के साथ खुशहाल समय बिताना पसंद करते हैं तो सामाजिक जुड़ाव के साथ ही यह आपके स्वास्थ्य को भी लाभ पहुंचा सकता है। एक नए अध्ययन में विज्ञानियों ने पता लगाया है कि अच्छी दोस्ती से आंत माइक्रोबायोम पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। सामाजिक संबंधों और एक-दूसरे के संपर्क से गुड बैक्टीरिया का भी संचार होता है। फ्रंटियर इन माइक्रोबायोलाजी में इसी विषय पर एक नया शोध प्रकाशित हुआ है, जिसमें यह बताया गया है कि सामाजिक जुड़ाव आंत माइक्रोबायोम की संरचना और विविधता में कैसे योगदान करता है?

एक्सपेरिमेंटल साइकोलाजी विभाग और आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के मनोचिकित्सा विभाग के शोधकर्ता और इस अध्ययन के प्रमुख लेखक डा. कैटरीना जानसन ने कहा कि सामाजिक जुड़ाव से आंत माइक्रोबायोम पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव को समझने के लिए विज्ञानियों के एक दल ने बंदरों पर शोध किया। यह पाया गया कि अधिक मिलनसार बंदरों की आंत में गुड बैक्टीरिया की अधिक मात्रा होती है और रोग पैदा करने वाले बैक्टीरिया बहुत ही कम। इस तथ्य की पुष्टि के लिए विज्ञानियों ने प्यूर्टो रिको के पूर्वी तट से दूर केयो सैंटियागो द्वीप पर रीसस मकाक प्रजाति के बंदरों के समूह (22 नर और 16 मादा) पर शोध किया।

मकाक मूल रूप से केवल उत्तरी अफ्रीका और एशिया में पाए जाते थे। लेकिन 1938 में 409 मकाक की आबादी को भारत से कायो सैंटियागो में स्थानांतरित कर दिया गया था। आज, 15.2 हेक्टेयर द्वीप पर 1,000 से अधिक मकाक प्रजाति के बंदर रहते हैं, जो कई सामाजिक समूहों में विभाजित हैं। वे स्वतंत्र रूप से एक से दूसरे समूहों में आवाजाही करते हैं। शोधकर्ता हर साल बंदरों के स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव पर अध्ययन करते हैं। वर्ष 2012 और 2013 के बीच विज्ञानियों ने बंदरों के सामाजिक समूह से कुल 50 मल नमूने एकत्र किए। सामाजिक जुड़ाव की प्रवृत्ति को समझने के लिए विज्ञानियों ने उनके दैनिक जीवनचर्या का सूक्ष्म अध्ययन किया। इस शोध से जुड़े कोलोराडो बोल्डर विश्वविद्यालय में संज्ञानात्मक विज्ञान संस्थान के डा. कार्ली वाटसन ने बताया कि मकाक प्रजाति के बंदर अत्यधिक सामाजिक प्राणी हैं और संबंध बनाने और बनाए रखने का उनका अपना अलग तरीका है। प्रमुख दोनों विज्ञानी जानसन और वाटसन ने आंत के बैक्टीरिया की संरचना और विविधता को मापने के लिए मल के नमूनों से डीएनए अनुक्रम डाटा का विश्लेषण किया और सामाजिक संबंधों को देखा। पाया गया कि मिलनसार बंदरों में अधिक गुड बैक्टीरिया होते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।