ADHD के पीछे 'जीन्स' का है 80% खेल! नई ग्लोबल रिपोर्ट में खुलासा, प्रेग्नेंसी की दवाओं पर भी दूर हुआ कन्फ्यूजन
एक नई ग्लोबल रिपोर्ट ने ADHD के कारणों और फैलाव पर प्रकाश डाला है, जिसमें बताया गया है कि 75-80% जोखिम जीन्स से जुड़ा है।

ADHD के पीछे आखिर असली वजह क्या है? (Image Source: AI-Generated)
HighLights
ADHD के 75-80% जोखिम का कारण जीन्स
गर्भावस्था में पैरासिटामोल, एंटीबायोटिक्स से ADHD खतरा नहीं
नई रिपोर्ट ने ADHD से जुड़ी गलतफहमियां दूर कीं
प्रेट्र, नई दिल्ली। फोकस न कर पाना, हर वक्त बेचैन रहना या बिना सोचे-समझे झट से कोई काम कर देना, ये सब ADHD (अटेंशन डेफिसिट/हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर) से जुड़े लक्षण हैं। अब इसे लेकर दुनिया भर के डॉक्टर्स, रिसर्चर्स और एक्सपर्ट्स ने मिलकर 'इंटरनेशनल कंसेंसस स्टेटमेंट' का नया और अपडेटेड वर्जन जारी किया है।
'न्यूरोसाइंस' जर्नल में छपे इस डॉक्यूमेंट में दुनिया भर में ADHD पर हुई रिसर्च को खंगाला गया है। इसमें इसके कारणों, इसके फैलाव और इलाज से जुड़ी तमाम पक्की और सबूतों पर आधारित जानकारियों का निचोड़ दिया गया है।
आसान भाषा में समझें, आखिर ADHD है क्या?
यह न्यूरो-डेवलपमेंट से जुड़ी एक कंडीशन है। इसमें किसी भी एक चीज पर ध्यान टिकाए रखना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही, इंसान के अंदर काफी बेचैनी रहती है और उसका व्यवहार इम्पल्सिव यानी बिना ज्यादा सोचे-समझे तुरंत एक्शन लेने वाला हो जाता है।
जीन्स हैं सबसे बड़ी वजह, लेकिन ये फैक्टर्स भी बढ़ाते हैं रिस्क
इस ग्लोबल रिव्यू की सबसे बड़ी बात इसके खतरे से जुड़ी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी आबादी में ADHD के रिस्क में जो फर्क देखने को मिलता है, उसके पीछे 75 से 80 प्रतिशत हाथ हमारे जीन्स का होता है।
हालांकि, सारा मामला सिर्फ जीन्स तक ही सीमित नहीं है। रिपोर्ट बताती है कि गरीबी, स्ट्रेस , कोई गहरा ट्रॉमा और प्री-मैच्योर बर्थ जैसे कारण भी इस कंडीशन के खतरे को बढ़ा सकते हैं।
प्रेग्नेंसी में पैरासिटामोल और एंटीबायोटिक्स पर साफ हुई तस्वीर
प्रेग्नेंसी के दौरान ली जाने वाली दवाओं को लेकर भी इस नई रिपोर्ट ने बड़ा सच सामने रखा है। रिसर्चर्स के मुताबिक, जब जीन्स के असर को ध्यान में रखकर देखा जाता है, तो यह साफ होता है कि प्रेग्नेंसी के समय पैरासिटामोल या एंटीबायोटिक दवाओं के संपर्क में आने से ADHD का खतरा नहीं बढ़ता।
आखिर इस नई रिपोर्ट का मकसद क्या है?
इस डॉक्यूमेंट को तैयार करने वाले एक्सपर्ट्स ने साफ किया है कि यह कोई सामान्य 'क्लिनिकल प्रैक्टिस गाइडलाइन' नहीं है। इस इंटरनेशनल स्टेटमेंट का असली मकसद एक ही है, गलतफहमियों और झूठी जानकारी को अलग करना और लोगों के सामने सिर्फ वही बातें रखना, जिनके पीछे ठोस वैज्ञानिक सबूत मौजूद हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।