शरीर में नजर आने लगें 8 लक्षण, तो हो जाएं सावधान! Fatty Liver का हो सकता है खतरा
फैटी लिवर एक ऐसी परेशानी बन चुकी है जिसके मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। फैटी लिवर का समय पर इलाज न किया जाए तो यह खतरनाक रूप ले सकता है। इसलिए फैटी लिवर के लक्षणों (Fatty Liver Warning Signs) की जल्द से जल्द पहचान करना जरूरी है। यहां हम फैटी लिवर के कुछ ऐसे लक्षण बताने वाले हैं जिन्हें भूलकर भी अनदेखा नहीं करना चाहिए।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। Fatty Liver Warning Signs: फैटी लिवर भारतीयों में एक आम समस्या बनती जा रही है। यह तब होता है जब आपके लीवर में एक्स्ट्रा फैट जमा हो जाता है। शुरुआत में, यह बीमारी बिना किसी लक्षण के हो सकती है, लेकिन समय के साथ यह गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। कई बार समय पर इसका इलाज न होने की वजह से लिवर डैमेज भी हो सकता है। इसलिए फैटी लिवर के लक्षणों को पहचानना बहुत जरूरी है। यहां हम फैटी लिवर के कुछ लक्षण (Fatty Liver Symptoms) बताए हैं, जिनकी मदद से आप इसकी पहचान कर सकते हैं।
इन लक्षणों की न करें अनदेखी
- थकान- फैटी लिवर से पीड़ित लोगों को अक्सर थकान और कमजोरी महसूस होती है। भले ही आप पूरी नींद लें, लेकिन फैटी लिवर के कारण आपको फिर भी थका हुआ महसूस हो सकता है।
- भूख न लगना- फैटी लिवर से पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिसके कारण भूख कम लग सकती है।
- वजन कम होना- अगर आप बिना किसी कारण के वजन कम कर रहे हैं, तो यह फैटी लिवर का संकेत हो सकता है।
- पेट में दर्द- फैटी लिवर के कारण पेट में दर्द, सूजन और बेचैनी हो सकती है।
- पीलिया- कुछ मामलों में, फैटी लिवर के कारण त्वचा और आंखों का रंग पीला हो सकता है। इसे पीलिया या जॉन्डिस कहते हैं।
- मतली और उल्टी- फैटी लिवर से पाचन तंत्र प्रभावित होता है, जिसके कारण मतली और उल्टी हो सकती है।
- मांसपेशियों में दर्द- फैटी लिवर के कारण मांसपेशियों में दर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है।
- पैरों में सूजन- फैटी लिवर के मरीजों के पैरों या हाथों में सूजन भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: फैटी लिवर की समस्या से हैं परेशान, तो शुरु कर दें इन हर्ब्स को खाना, जल्द मिलेगा आराम
फैटी लिवर के कारण क्या हैं?
फैटी लिवर के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें शामिल हैं-
- मोटापा- मोटापा फैटी लिवर का सबसे आम कारण है।
- शराब पीना- शराब पीने से लीवर को नुकसान पहुंचा सकता है और फैटी लिवर का कारण बन सकता है।
- डायबिटीज- डायबिटीज से पीड़ित लोगों में फैटी लिवर होने का खतरा ज्यादा होता है।
- हाई कोलेस्ट्रॉल- हाई कोलेस्ट्रॉल का स्तर भी फैटी लिवर का कारण बन सकता है।
- कुछ दवाएं- कुछ दवाओं के कारण भी फैटी लिवर हो सकता है।
फैटी लिवर से बचाव करने के लिए क्या करें?
- वजन कम करना- अगर आप मोटापे से ग्रस्त हैं, तो वजन कम करना बहुत जरूरी है। वेट लॉस करके आप फैटी लिवर के खतरे को कम कर सकते हैं।
- हेल्दी डाइट- खान-पान में हेल्दी फूड्स को शामिल करना जरूरी है। साथ ही, जंक और प्रोसेस्ड फूड्स खाने से बचें।
- नियमित एक्सरसाइज- रोज कम से कम 30 मिनट एक्सरसाइज करने से लीवर को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है और फैटी लिवर का खतरा कम होता है।
- शराब न पिएं- शराब लिवर का दुश्मन है। इसकी थोड़ी मात्रा भी लिवर के लिए अच्छी नहीं है। इसलिए शराब से बिल्कुल दूरी बना लें।
- डायबिटीज और हाई कोलेस्ट्रॉल मैनेज करें- अगर आपको डायबिटीज या हाई कोलेस्ट्रॉल है, तो इन्हें कंट्रोल करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: आपकी डाइट में शामिल ये 5 चीजें बनाती हैं आपके लिवर को बीमार, आज ही कह दें इन्हें टा-टा बाय!
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।