विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ब्रेस्ट की खुजली को एलर्जी समझकर टालना ठीक नहीं, कैंसर के इन दुर्लभ लक्षणों से भी जुड़े हो सकते हैं संकेत

By Dr. Vaishali ZamreEdited By: Shweta Chauhan
Published: Fri, 09 Oct 2026 12:56 PM (IST)

ब्रेस्ट में खुजली कैंसर के दुर्लभ लक्षणों का संकेत हो सकता है, जिसके लिए डॉक्टर से सलाह लेना महत्वपूर्ण है।

ब्रेस्ट कैंसर में खुजली की समस्या को अनदेखा न करें (Image Source: AI Generated)

ब्रेस्ट कैंसर में खुजली की समस्या को अनदेखा न करें (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ब्रेस्ट में खुजली होना एक आम समस्या है जो ड्राई स्किन, एलर्जी, ज्यादा पसीने, जलन और स्किन इन्फेक्शन के चलते हो सकती है। ज्यादातर मामलों में यह चिंता का विषय नहीं है, पर अगर खुजली लंबे समय तक बनी रहे और इसके साथ ही स्किन या निप्पल में बदलाव आए, तो इसे अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए। 

आइए यहां विस्तार से जानते हैं कि ब्रेस्ट में खुजली होना कब एक चिंता की बात है और इसे नजरअंदाज किया जा सकता है। 

ब्रेस्ट कैंसर में खुजली की समस्या कितनी आम? 

खुजली होना अकेले ब्रेस्ट कैंसर का संकेत नहीं है, हालांकि लगातार खुजली के साथ लालिमा, निप्पल में बदलाव, मोटी और पपड़ीदार त्वचा होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की जरूरत है। इसके लिए जरूरी है कि सही समय पर इन संकेतों की पहचान की जा सके। 

हमेशा गांठ के रूप में नहीं होता कैंसर 

इस बात का लोगों में भ्रम है कि ब्रेस्ट कैंसर में स्तनों में गांठ होती है, जबकि इसके और भी कई संकेत होते हैं जिनपर हमारा ध्यान नहीं जाता। इनमें स्तनों के आकार में बदलाव, उसमें गड्ढे पड़ना, त्वचा का संतरे के छिलके के समान टेक्स्चर होना, निप्पल का अंदर की तरफ मुड़ना, निप्पल से डिस्चार्ज, लगातार दर्द और सूजन जैसे लक्षण शामिल हैं। 

इस बात का भी ध्यान रखें कि ये लक्षण कई बार गैर-कैंसर वाले मामलों में भी हो सकते हैं। ऐसे में जरूरी है कि सही जानकारी के लिए डॉक्टर से संपर्क किया जाए। 

ब्रेस्ट कैंसर शुरुआती स्टेज में दिख सकता है आम स्किन प्रॉब्लम  

ब्रेस्ट कैंसर के कुछ दुर्लभ रूप शुरुआती स्टेज में एक सामान्य स्किन प्रॉब्लम जैसे दिख सकते हैं। उदाहरण के लिए ब्रेस्ट का 'पेजेट्स रोग' खुजली, लालिमा, जलन और पपड़ीदार त्वचा की वजह बन सकता है। कई बार ये संकेत एक्जिमा या कोई एलर्जी समझकर अनदेखा कर दिए जाते हैं। 

स्तनों में सूजन एक दुर्लभ पर तेजी से फैलने वाला ब्रेस्ट कैंसर 

'इंफ्लेमेटरी ब्रेस्ट कैंसर' एक तेजी से फैलने वाला पर दुर्लभ कैंसर का प्रकार है, जो सूजन के साथ ही लालिमा और त्वचा के मोटे होने का कारण बन सकता है। इसके अलावा, स्तनों का बाहरी स्वरूप संतरे के छिलके के समान दिख सकता है, ऐसे में जरूरी नहीं कि गांठ ही कैंसर का संकेत हो। ये लक्षण स्किन इन्फेक्शन जैसे दिखाई देते हैं, इसके लिए जरूरी है कि डॉक्टर से सलाह जरूर ली जाए। 

ब्रेस्ट में खुजली हमेशा कैंसर का संकेत नहीं 

इस बात का ध्यान रखे जाने की जरूरत है कि हमेशा स्तनों में खुजली होने का मतलब कैंसर ही है। कई बार त्वचा की ड्राइनेस के चलते भी ऐसा ही होता है, जिसे मॉइश्चराइज करने के साथ ही ठीक किया जा सकता है। हालांकि, अगर इसके बावजूद लंबे समय तक खुजली, लालिमा, दर्द और सूजन बनी रहे, तो सावधानी बरते जाने की जरूरत है। 

यह भी पढ़ें- हर 7 में से 1 टीनएजर है मानसिक बीमारी का शिकार, बच्चों में एंग्जायटी के इन लक्षणों से करें पहचान

यह भी पढ़ें- हर वक्त आंखों में रहती है ड्राईनेस? कहीं शरीर आपको किसी बीमारी का संकेत तो नहीं दे रहा

(डॉ. वैशाली जमरे, एंड्रोमेडा कैंसर हॉस्पिटल में ब्रेस्ट ऑन्कोलॉजी डिपार्टमेंट में सर्जिकल ऑन्कोलॉजी की डायरेक्टर हैं)