पुराने कमर दर्द से नहीं मिल रही राहत? दिमाग का 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क' बन सकता है नई उम्मीद
एक नए शोध में सामने आया है कि पुराने कमर दर्द से राहत पाने के लिए दिमाग के 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क' को लक्षित करना एक प्रभावी तरीका हो सकता है।

कमर दर्द में दिमाग के डिफाल्ट मोड को टारगेट करने से आराम (Image Source: AI-Generated)
HighLights
पुराने कमर दर्द के लिए दिमाग का 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क' नया इलाज
यह नेटवर्क स्वयं के विचारों और भावनाओं पर गौर करते ही सक्रिय
शोध 'ब्रिटिश जर्नल ऑफ एनेस्थीसिया' में प्रकाशित, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय द्वारा
प्रेट्र, नई दिल्ली। क्या आप भी कमर के निचले हिस्से के पुराने दर्द से परेशान हैं? कई जगह इलाज कराने और तमाम कोशिशों के बाद भी अगर आपको कोई खास फायदा नहीं हुआ है, तो यह नई रिसर्च आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
हाल ही में हुए एक शोध में यह बात सामने आई है कि कमर के निचले हिस्से के पुराने दर्द से राहत (chronic lower back pain relief) पाने के लिए, दिमाग के 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क' को टारगेट करना एक ज्यादा बेहतर और असरदार तरीका हो सकता है।
क्या है यह 'डिफॉल्ट मोड नेटवर्क'?
दिमाग का यह खास नेटवर्क तब एक्टिव होता है, जब कोई इंसान खुद के बारे में, अपनी पहचान के बारे में सोचता है, या फिर अपने अंदर चल रहे विचारों और भावनाओं पर गहराई से गौर करता है।
रिसर्च के नतीजों में यह देखा गया कि जब कमर दर्द के मरीजों को किसी शारीरिक हरकत की वजह से दर्द महसूस होता है, तो उनके दिमाग का यही हिस्सा एक्टिवेट हो जाता है। इस नई जानकारी से यह बात भी काफी हद तक साफ हो जाती है कि कमर दर्द के वे आम इलाज अक्सर बेअसर क्यों साबित होते हैं, जो सिर्फ बाहरी लक्षणों के आधार पर किए जाते हैं।
कैसे हुआ यह महत्वपूर्ण शोध?
यह दिलचस्प शोध 'ब्रिटिश जर्नल ऑफ एनेस्थीसिया' में प्रकाशित हुआ है। इस स्टडी को 'यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो' के शोधकर्ताओं ने किया है।
टीम ने कमर दर्द से पीड़ित 114 मरीजों पर 'लेग रेज टेस्ट' किया। यह पीठ के दर्द को बढ़ाने का एक आम तरीका है।
इसके साथ ही, शोधकर्ताओं ने एक खास 'फंक्शनल एमआरआई' तकनीक का इस्तेमाल करके इन सभी मरीजों के दिमाग में ब्लड फ्लो को मापा।
इस पूरी प्रक्रिया के बाद टीम ने पाया कि जब क्रोनिक लो बैक पेन वाले मरीजों को किसी भी हरकत की वजह से अचानक दर्द होता है, तो उनके दिमाग का डिफॉल्ट मोड नेटवर्क तुरंत एक्टिवेट हो जाता है।
यह भी पढ़ें- स्क्रीन टाइम और खराब पोस्चर बन रहा बच्चों की रीढ़ का दुश्मन, सिखाएं डिजिटल डिटॉक्स से जुड़ी ये आदतें
यह भी पढ़ें- लेटकर मोबाइल चलाने से सर्वाइकल का खतरा, समस्तीपुर सदर अस्पताल में बढ़ रहे मरीज
