Amla Juice Benefits: खाली पेट आंवले का जूस पीने के हैं कई फायदें, इन गंभीर समस्याओं से मिलती है राहत
आंवला हमारी सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। विटामिन सी जैसे कई पोषक तत्वों से भरपूर आंवले का जूस भी हमें काफी लाभ पहुंचाता है। रोजाना खाली पेट इसका सेवन आपको कई तरह की समस्याओं से छुटकारा दिला सकता है।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Amla Juice Benefits: विटामिन सी से भरपूर आंवला हमारे स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। औषधीय गुणों से भरपूर आंवले में विटामिन सी, आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन्हीं तत्वों की मदद से यह हमारी सेहत को काफी फायदा पहुंचाता है। पाचन तंत्र के लिए लाभकारी आंवला कई गंभीर बीमारियों को दूर करने में भी काफी सहायक है। ऐसे में अगर आप रोज सुबह खाली पेट आंवले के जूस का सेवन करते हैं, तो आपको इसके काफी फायदे मिलते हैं। तो चलिए जानते हैं खाली पेट आंवले के जूस का सेवन करने से होने वाले फायदों के बारे में-
बॉडी डिटॉक्स करने में सहायक
अगर आप नियमित रूप से रोजाना खाली पेट आंवले का जूस पी रहे हैं, तो इससे आपकी बॉडी डिटॉक्स होती है। आंवले का जूस शरीर में विषाक्त पदार्थों में बाहर निकालने में काफी सहायक होता है। साथ ही इसके सेवन से लिवर के काम करने की क्षमता में भी सुधार होता है। अगर आप किडनी स्टोन और यूरिन इंफेक्शन की समस्या से परेशान हैं, तो आंवले का जूस पीना लाभकारी होगा।
वजन घटाने में कारगर
सुबह खाली पेट आंवले का जूस पीने से आपको वजन घटाने में भी काफी मदद मिलती है। आंवले में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र में सुधार करने के साथ ही आपका भूख को भी काफी नियंत्रण में रखता है। इसके अलावा रोज सुबह खाली पेट आंवले का जूस पीने से मेटाबॉलिज्म भी बेहतर होता है, जिससे वजन कम करने में मदद मिलती है।
आंखों के लिए फायदेमंद
विटामिन सी से भरपूर आंवले के यूं तो कई फायदे हैं, लेकिन यह आपकी आंखों के लिए भी काफी गुणकारी है। ऐसे में रोजाना आंवले का जूस पीने से आंखों की रोशनी बढ़ाने में मदद मिलती है। इसमें मौजूद विटामिन ए, सी और एंटीऑक्सीडेंट्स आपकी आंखों के लिए काफी लाभकारी है। रोजाना इसके जूस को पीने से मोतियाबिंद और आंखों की जलन जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलता है।
ब्लड शुगर करें कंट्रोल
अगर आप डायबिटीज की समस्या से जूझ रहे हैं, तो इसके लिए आंवले के जूस काफी गुणकारी माना गया है। रोज सुबह खाली पेट आंवले के जूस को पीने से ब्लड में शुगर लेवल नियंत्रित रहता है और यह फ्री रेडिकल्स से लड़ने में भी काफी सहायक है। नियमित रूप से इसे पीने से अचानक ब्लड शुगर बढ़ने की समस्या से भी निजात मिलती है।
पाचन तंत्र को करे मजबूत
आंवले के जूस का सेवन हमारे पाचन तंत्र के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। इसमें भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे में रोज सुबह खाली पेट आंवले के जूस को पीने से कब्ज, अपच और इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम की समस्या से राहत मिलती है।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।