हर 100 में से 1 बच्चा ऑटिज्म का शिकार! क्या वाकई स्क्रीन टाइम है जिम्मेदार? AIIMS डॉक्टर ने बताया सच
एम्स की डॉ. शेफाली गुलाटी ने स्पष्ट किया है कि स्क्रीन टाइम सीधे तौर पर ऑटिज्म का कारण नहीं बनता, बल्कि यह एक जटिल न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है जिसके कई कारक हैं।

स्क्रीन टाइम नहीं, आनुवंशिक और जैविक कारणों से जुड़ा है आटिज्म (Image Source: AI-Generated)
HighLights
स्क्रीन टाइम सीधे ऑटिज्म का कारण नहीं
ऑटिज्म जटिल न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है
ऑटिज्म के बढ़ते मामले बेहतर पहचान का परिणाम
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। बच्चों में बढ़ते स्क्रीन टाइम को ऑटिज्म से जोड़ने वाले दावों के बीच एम्स नई दिल्ली की वरिष्ठ बाल न्यूरोलाजिस्ट डॉ. शेफाली गुलाटी ने स्पष्ट किया है कि स्क्रीन टाइम सीधे तौर पर ऑटिज्म का कारण नहीं बनता। एम्स की ओर से शुक्रवार को दी गई जानकारी में उन्होंने कहा कि ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसार्डर एक जटिल न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है, जिसके पीछे आनुवंशिक, जैविक और पर्यावरणीय कारकों की संयुक्त भूमिका होती है।
दुनिया में हर 100 में से 1 बच्चा ऑटिज्म से प्रभावित
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनिया में हर 100 बच्चों में एक बच्चा ऑटिज्म से प्रभावित है। विशेषज्ञों का कहना है कि बीते वर्षों में ऑटिज्म के मामलों में बढ़ोतरी का प्रमुख कारण बेहतर पहचान, जागरूकता और स्क्रीनिंग है, न कि केवल कोई एक कारक। डॉ. गुलाटी ने कहा कि ऑटिज्म अब भी चिकित्सा विज्ञान के लिए एक जटिल विषय है। इसमें आनुवंशिक प्रभाव, गर्भावस्था के दौरान मस्तिष्क का विकास और एपिजेनेटिक बदलाव महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्क्रीन टाइम को केवल एक संभावित पर्यावरणीय कारक के रूप में देखा जा रहा है, लेकिन इसे अकेला कारण बताना भ्रामक और वैज्ञानिक रूप से गलत है।
क्या होता है ऑटिज्म?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार ऑटिज्म एक न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है, जिसमें बच्चे को लोगों से घुलने-मिलने, बात समझने-समझाने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने में दिक्कत होती है। इसके लक्षण बचपन में ही दिखाई देने लगते हैं।
क्या आनुवंशिक है ऑटिज्म?
विशेषज्ञों के अनुसार एक जैसे जुड़वां बच्चों में ऑटिज्म की समानता 60 से 90 प्रतिशत तक देखी गई है, जिससे इसके मजबूत आनुवंशिक संबंध का संकेत मिलता है। आजन्म का संबंध फ्रैजाइल एक्स सिंड्रोम, डाउन सिंड्रोम और अन्य न्यूरोलाजिकल स्थितियों से भी पाया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक स्क्रीन एक्सपोजर बच्चों में बोलने में देरी, ध्यान की कमी, नींद में गड़बड़ी और सामाजिक संवाद में कमी जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है, लेकिन यह ऑटिज्म से अलग स्थिति है।
कई बार जिन बच्चों में पहले से ऑटिज्म के शुरुआती लक्षण होते हैं, वे स्क्रीन की ओर अधिक आकर्षित हो सकते हैं क्योंकि स्क्रीन का व्यवहार दोहराव वाला और अनुमानित होता है। विशेषज्ञों ने अभिभावकों से अपील की कि वे इंटरनेट मीडिया पर फैल रही अधूरी और भ्रामक जानकारियों से बचें। बच्चों में आंखों से संपर्क कम होना, नाम पुकारने पर प्रतिक्रिया न देना, बोलने में देरी, सामाजिक मेलजोल से बचना और दोहराव वाले व्यवहार जैसे शुरुआती संकेत दिखने पर तुरंत विशेषज्ञ से परामर्श लेने की सलाह दी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।