जोड़ों को आराम भी मिलेगा और शरीर को एक्टिव भी रहेगा! बस उम्र के साथ चुनें सही एक्सरसाइज
घुटनों, कूल्हों और कंधों के जोड़ों को घिसने से बचाने वाला गाढ़ा लिक्विड साइनोवियल फ्लूइड बढ़ती उम्र के साथ कम होता जाता है। सही खानपान के साथ-साथ लो इम्पैक्ट एक्सरसाइज जोड़ों को होने वाले इस नुकसान से बचाने में मदद कर सकती हैं।

उम्र के साथ जोड़ों को स्वस्थ रखने के लिए चुनें सही लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज (Picture Credit- AI Generated)
HighLights
साइनोवियल लिक्विड जोड़ों को चिकनाई देता है, घिसाव कम करता है
लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज जोड़ों पर दबाव कम करती हैं, फायदेमंद हैं
स्विमिंग, साइक्लिंग, योग जोड़ों के लिए बेहतरीन विकल्प हैं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। बढ़ती उम्र के साथ हड्डियों और जोड़ों को ताकत देने के लिए ना सिर्फ सही डाइट बल्कि खास तरह की एक्सरसाइज भी उतनी ही फायदेमंद मानी जाती है। खासकर जोड़ों में मौजूद साइनोवियल लिक्विड की मात्रा को कम होने से बचाने के लिए यह और भी जरूरी है। आइए जानते हैं यह क्या है, इसके कम होने के क्या लक्षण हैं और इसके लिए कौन-सी एक्सरसाइज कारगर हो सकती है।
क्या होता है साइनोवियल लिक्विड?
साइनोवियल हमारे घुटने, कूल्हे और कंधों के जोड़ों को ल्युब्रिकेट करने वाला एक गाढ़ा लिक्विड है। इससे कार्टिलेज और जोड़ों के बीच घिसाव कम होता है और यह कार्टिलेज को जरूरी पोषक तत्व भी पहुंचाने का काम करता है।
साइनोवियल लिक्विड कम होने के लक्षण ऐसे नजर आते हैं
- जोड़ों में दर्द रहता है
- जोड़ों में सूजन हो गई है
- उस हिस्से की स्किन लाल हो गई है या उसका रंग बदल गया है
- छूने पर वो हिस्सा गर्म महसूस होता है
- लो इम्पैक्ट एक्सराइज है फायदेमंद
इस तरह की एक्सरसाइज में आपका कम से कम एक पैर जमीन पर हो या शरीर को किसी ना किसी रूप में सपोर्ट मिल रहा हो। लो इम्पैक्ट एक्सरसाइजेस इस तरह डिजाइन होती हैं जोकि आपके जोड़ों पर ज्यादा वजन और दबाव ना डाले, जो इस प्रकार हैं:
- स्वीमिंग और वॉटर एरोबिक्स: दोनों ही तरह की एक्सरसाइज में पानी का सपोर्ट होता है , जोकि हमारे शरीर के लगभग 90% वजन को संभाल लेता है।
- साइक्लिंग: खासतौर से यह एक्सरसाइज घुटनों के लिए अच्छी मानी जाती है।
- ताई ची: एक्सरसाइज का यह काफी सौम्य-सा रूप है। इसमें हल्के-फुल्के मूवमेंट्स और ब्रीदिंग तकनीक शामिल है। घुटनों में ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या से ग्रस्त लोगों के लिए इसे काफी लाभकारी माना गया है।
- योगा: एक्सरसाइज के इस फॉर्म में आपके जोड़ों के आस-पास की मसल्स में लचीलापन आता है और ताकत बढ़ती है।
- वॉकिंग: वयस्कों में पोश्चर और संतुलन को बेहतर बनाने के लिए वॉकिंग को सबसे असरदार और सुरक्षित फॉर्म माना गया है।
इस तरह करें शुरुआत
- लो-इम्पैक्ट एक्सरसाइज शुरू करने के लिए किसी भारी-भरकम तैयारी की जरूरत नहीं। वॉक करने के लिए घास या रेत जैसे सरफेस चुनें।
- इस तरह की एक्सरसाइज में सेफ्टी सबसे पहले है। आपके आस-पास सपोर्ट के लिए कोई ना कोई चीज होनी चाहिए। जैसे पार्क का बेंच या कोई हैंडल।
- अगर आपके जोड़ों में पहले से कोई समस्या है तो किसी भी प्रकार की एक्सरसाइज शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर बात करें।