गट हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए रोज करें ये 5 काम, दूर हो जाएगी ब्लोटिंग और एसिडिटी की समस्या
अगर पाचन दुरुस्त रहे तो पूरा शरीर हेल्दी रहता है। लेकिन हमारे खान-पान और लाइफस्टाइल के कारण हमारी गट हेल्थ पर बुरा असर पड़ता है और फिर शुरू होती है ब्लोटिंग और एसिडिटी जैसी परेशानियां। हालांकि कुछ टिप्स (Gut Health Tips) की मदद से आप अपनी गट हेल्थ को फिर से दुरुस्त बना सकते हैं।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको भी अक्सर ब्लोटिंग या एसिडिटी जैसी समस्या रहती है? अगर हां, तो ये खराब गट हेल्थ के संकेत हो सकते हैं। अनहेल्दी खान-पान और लाइफस्टाइल की वजह से पेट से जुड़ी समस्याएं आम हो चुकी हैं। इसलिए जरूरी है कि हम अपनी गट हेल्थ को फिर से दुरुस्त करने (Gut Health Reset) के लिए इनमें सुधार करें।
अक्सर हम देर रात को डिनर करते हैं और उसके तुरंत बाद बिस्तर पर लेट जाते हैं। या सुबह का नाश्ता स्किप कर देते हैं, बाहर का तला-भुना खाना खूब खाते हैं ऐसे ही कई कारणों की वजह से हमारी गट हेल्थ बिगड़ने लगती है। ऐसे में गट हेल्थ को दुरुस्त बनाने के लिए कुछ टिप्स (Tips for Healthy Gut) मददगार साबित हो सकते हैं। आइए जानें 5 टिप्स, जो हमारी आंतों को स्वस्थ रखने में मदद करेंगे।
प्रोबायोटिक्स को डाइट में शामिल करें
प्रोबायोटिक्स अच्छे बैक्टीरिया होते हैं, जो आंतों के लिए फायदेमंद होते हैं। ये पाचन को दुरुस्त रखते हैं और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। प्रोबायोटिक्स के लिए डाइट में दही, छाछ, किमची, इडली-डोसा जैसे फर्मेंटेड फूड्स को डाइट में शामिल करना चाहिए। आप चाहें, तो डॉक्टर की सलाह पर प्रोबायोटिक सप्लीमेंट्स को भी अपनी डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सिर्फ डाइजेशन नहीं, आपके मूड और इम्युनिटी से भी है Gut Health का कनेक्शन, डॉक्टर ने समझाया कैसे
फाइबर से भरपूर लें
फाइबर पाचन तंत्र के लिए बेहद जरूरी है। यह आंतों की सफाई करता है और कब्ज से बचाता है। फाइबर दो प्रकार के होते हैं-
- सॉल्युबल फाइबर (ओट्स, सेब, संतरा)- यह पानी में घुलकर पाचन को आसान बनाता है।
- इनसॉल्युबल फाइबर (साबुत अनाज, हरी सब्जियां)- यह मल को नरम बनाकर कब्ज दूर करता है।
इसलिए दोनों तरह के फाइबर को अपनी डाइट में शामिल करें, ताकि पाचन आसानी से हो और आंतों की सफाई भी हो जाए।
खूब पानी पिएं
शरीर में पानी की कमी के कारण डिहाइड्रेशन तो होता ही है। साथ ही, टॉक्सिन्स भी बाहर नहीं निकल पाते, जो आंतों को नुकसान पहुंचाते हैं। पानी पीने से आंतों में मौजूद टॉक्सिन्स बाहर निकलते हैं और पाचन सुधरता है। दिनभर में कम से कम 2-3 लीटर पानी पिएं। सुबह उठकर गुनगुना पानी पीने से कब्ज की समस्या दूर होती है।
नियमित एक्सरसाइज करें
एक्सरसाइज आपकी पूरी सेहत के लिए फायदेमंद है, जिसमें आंतें भी शामिल हैं। रोजाना 30 मिनट की वॉक, योग या कोई भी एक्सरसाइज करें। योगासन जैसे पवनमुक्तासन, भुजंगासन और वज्रासन पाचन के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं।
तनाव कम करें
तनाव का सीधा असर हमारी आंतों पर पड़ता है। गट-ब्रेन कनेक्शन के कारण ज्यादा स्ट्रेस लेने से पेट खराब हो सकता है। इसलिए स्ट्रेस कम करने के लिए मेडिटेशन करें, रोजाना 7-8 घंटे की नींद लें, म्युजिक सुनें या अपनी पसंद की हॉबीज के लिए समय निकालें।
यह भी पढ़ें- खाली पेट रोज 30 दिनों तक खाइए 2 भीगे अंजीर, सेहत में नजर आएंगे 5 जबरदस्त बदलाव
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।