जानलेवा हो सकते हैं शरीर में छिपे 5 Parasites! जानिए कैसे चुपके से करते हैं शरीर को बीमार
हम अक्सर सोचते हैं कि बीमारी सिर्फ बैक्टीरिया वायरस या फंगस से होती है लेकिन हकीकत यह है कि हमारे आस-पास और यहां तक कि शरीर के अंदर भी कई ऐसे जीव मौजूद होते हैं जो चुपचाप हमारी सेहत को नुकसान पहुंचा रहे होते हैं। इन्हें Parasites कहा जाता है जो इतने सूक्ष्म होते हैं कि खुली आंखों से दिखाई नहीं देते लेकिन इनका असर बेहद गंभीर हो सकता है।

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हमारे शरीर के अंदर ही कुछ ऐसे सूक्ष्म शिकारी छिपे हुए हैं, जो बिना कोई शोर मचाए हमें धीरे-धीरे बीमार करते रहते हैं। जी हां, इन्हें परजीवी यानी Parasites कहा जाता है।
दरअसल, ये बिन बुलाए मेहमान हमारे खाने से लेकर पानी तक हर जगह मौजूद हैं और एक बार शरीर में घुस जाएं तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। ये अदृश्य जीव आपके शरीर के पोषक तत्व चुरा लेते हैं, आपके अंगों को नुकसान पहुंचाते हैं और यहां तक कि जानलेवा बीमारियों का कारण भी बन सकते हैं।
टॉक्सोप्लाज्मा
टॉक्सोप्लाज्मा एक ऐसा परजीवी है जो मुख्य रूप से बिल्ली के मल के जरिये फैलता है। अनुमान है कि दुनिया की 30-50% आबादी इससे संक्रमित हो चुकी है। सामान्य तौर पर इसके लक्षण नहीं दिखते, लेकिन जिनकी रोग-प्रतिरोधक क्षमता कमजोर है या फिर गर्भवती महिलाएं इससे संक्रमित हो जाएं, तो यह बहुत गंभीर हो सकता है। गर्भस्थ शिशु में यह अंधेपन, मिर्गी और ब्रेन डैमेज का कारण बन सकता है।
टेपवर्म और जिआर्डिया
टेपवर्म आमतौर पर अधपका या कच्चा मांस खाने से शरीर में एंट्री लेता है। सूअर के टेपवर्म से संक्रमण होने पर यह ब्रेन और आंखों तक पहुंच सकता है, जिससे मिर्गी और अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याएं हो सकती हैं। दूसरी ओर, जिआर्डिया नामक परजीवी पहाड़ी इलाकों के साफ दिखने वाले पानी में भी मौजूद हो सकता है। यह दस्त, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं पैदा करता है।
पिनवर्म और हुकवर्म
पिनवर्म छोटे बच्चों में बहुत आम है। यह परजीवी रात के समय गुदा के आसपास अंडे देता है, जिससे तेज खुजली होती है और यह आसानी से पूरे परिवार में फैल सकता है। हुकवर्म संक्रमित मिट्टी पर नंगे पैर चलने से शरीर में प्रवेश करता है। यह आंतों में अंडे देकर खून की कमी और लगातार थकान का कारण बन सकता है।
शरीर में कैसे पहुंचते हैं परजीवी?
- गंदे या संक्रमित पानी पीने से
- अधपका मांस और कच्ची सब्जियां खाने से
- संक्रमित कीड़ों के काटने से
- नंगे पैर गंदगी पर चलने से
- असुरक्षित यौन संबंध या पालतू जानवरों के मल के संपर्क से
कैसे करें इनसे बचाव?
- हमेशा खाना खाने से पहले साबुन से हाथ धोएं।
- अधपका मांस या अधपकी सब्जियां न खाएं।
- बाहर जाते समय जूते पहनकर ही चलें।
- पालतू जानवरों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- सुरक्षित और साफ पानी ही पिएं।
यह भी पढ़ें- कभी भी न करें शरीर में दिखने वाले 10 लक्षणों को अनदेखा, जानलेवा साबित हो सकती है आपकी लापरवाही
यह भी पढ़ें- अधपका मांस खाने से शख्स के दिमाग में पहुंच गए कीड़े, जानिए इस इन्फेक्शन के लक्षण और बचाव के तरीके
Source: Cleveland Clinic
- https://my.clevelandclinic.org/health/diseases/24911-parasites
- https://my.clevelandclinic.org/health/diseases/24885-parasitic-infection
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।