Pregnancy Tips: गर्भावस्था के दौरान केवल चलने से मां और बच्चे दोनों को मिलेंगे ये 5 बेहतरीन फायदे
Pregnancy Tips गर्भावस्था के दौरान महिला का शरीर बेहद संवेदनशील होता है। इस दौरान हर काम बेहद सावधानी पूर्वक करना चाहिए। डाइट से लेकर शारीरिक गतिविधि तक हर एक पहलू का असर बच्चे के विकास और मां के स्वास्थ्य पर पड़ता है। इसलिए अगर आप तेज गति वाले कोई व्यायाम नहीं कर सकतीं तो चलना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। आइये जानते हैं गर्भावस्था के दौरान चलने के फायदे।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Pregnancy Tips: गर्भावस्था के नौ महीने किसी भी महिला के जीवन के सबसे खूबसूरत और यादगार पल होते हैं। इस दौरान वह कई तरह के शारीरिक और मानसिक बदलावों से गुजरती है, जिसके लिए उसे अपना विशेष ख्याल रखना पड़ता है। इसीलिए डॉक्टर्स इस दौरान डाइट को लेकर काफी सतर्क रहने की सलाह देते हैं।
हालांकि, प्रेग्नेंसी के दौरान डाइट के अलावा भी कई तरह की बातों का ध्यान रखना पड़ता है, जिससे मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रह सकें। इसके लिए मध्यम गति की कसरत, प्राणायाम और कुछ शारीरिक गतिविधियां भी जरूरी है। उचित पोषण और प्रीनेटल केयर की मदद से गर्भावस्था को स्वस्थ बनाए रखने में काफी मदद मिल सकती है। हालांकि, हर महिला का शरीर और उसका अनुभव अलग होता है। ऐसे में अगर आप कुछ भी नहीं कर पा रही हैं, तो कुछ देर की धीमी वॉक भी आपको काफी मदद कर सकती है। आइये जानते हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान वॉक करने के क्या फायदे हैं।
गर्भावस्था के दौरान पैदल चलने के क्या फायदे हैं?
हार्ट हेल्थ
चलना एक एरोबिक व्यायाम है, जो दिल से जुड़ी फिटनेस को बेहतर बनाने में मदद करता है। नियमित रूप से चलने से हार्ट रेट बढ़ सकती है और आपका दिल और फेफड़े मजबूत हो सकते हैं, जो गर्भावस्था के दौरान समग्र हृदय स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए फायदेमंद है।
एनर्जी बढ़ाए
जैसे-जैसे गर्भावस्था आगे बढ़ती है, थकान कई महिलाओं की चिंता का विषय बन जाती है। ऐसे में चलना आपके लिए फायदेमंद हो सकती है। आप सोच रहे होंगे कि थकान में चलना कैसे फायदेमंद हो सकता है, लेकिन चलने से थकान से निपटने और ऊर्जा के स्तर को बढ़ाने में मदद मिलती है। इससे पूरे शरीर में ऑक्सीजन और रक्त प्रवाह बढ़ता है, जिससे थकान की भावनाओं से निपटने में मदद मिलती है।
मूड सुधारे
चलने से एंडोर्फिन रिलीज को बढ़ावा मिलता है, जिसे 'फील-गुड' हार्मोन के रूप में जाना जाता है। नियमित रूप से टहलने से मूड को बेहतर बनाने, तनाव कम करने और गर्भावस्था के दौरान बेहतर महसूस करने में मदद मिल सकती है।
वेट मैनेज करे
चलना एक हल्का व्यायाम है, जो गर्भावस्था के दौरान बढ़ते वजन को नियंत्रित करने में मदद कर सकता है। यह कैलोरी बर्न करने और स्वस्थ वजन बनाए रखने में मदद करता है, जो गर्भवति महिला के स्वास्थ्यऔर बच्चे के विकास दोनों के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रसव में मददगार
चलना पैल्विक मसल्स को एक्टिव करने और शरीर के निचले हिस्से को मजबूत करने का एक प्राकृतिक तरीका है, जो प्रसव के दौरान फायदेमंद हो सकता है। नियमित रूप से चलने से सहनशक्ति और लचीलेपन में सुधार करने में मदद मिल सकती है, जिससे संभावित रूप से प्रसव प्रक्रिया के दौरान काफी मदद मिल सकती है।
Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।
Picture Courtesy: Freepik
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।