बिना तंदूर के कुकर में भी बना सकते हैं तंदूरी रोटी, ढाबे जैसा स्वाद पाने का ये है सबसे आसान जुगाड़
बिना तंदूर के प्रेशर कुकर में घर पर ही स्वादिष्ट तंदूरी रोटी बनाई जा सकती है, जिसका स्वाद बिल्कुल ढाबे जैसा ही लगता है।

प्रेशर कुकर में तंदूरी रोटी बनाएं (AI Generated Image)
HighLights
प्रेशर कुकर का उपयोग कर घर पर तंदूरी रोटी बनाएं
आसानी से घर बैठे ढाबे जैसा स्वाद मिलेगा
नरम और क्रिस्पी रोटी बनाने का आसान तरीका
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई बार मन करता है कि खाने में आज तंदूरी रोटी मिल जाती, तो मजा आ जाता। हालांकि, हर दूसरे दिन ढाबे पर जाना मुमकिन नहीं होता, लेकिन क्या आप जानते हैं बिना तंदूर के भी आप घर पर ही तंदूरी रोटी बना सकते हैं? जी हां, रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाले प्रेशर कुकर की मदद से मिनटों में आप तंदूरी रोटी बना सकते हैं।
दरअसल, कुकर के अंदर बनने वाली गर्मी तंदूर जैसा इफेक्ट देती है, जिससे रोटी बाहर से हल्की क्रिस्पी और अंदर से बिल्कुल नरम बनती है। आइए जानें इसे बनाने का आसान तरीका।
सामग्री
- गेहूं का आटा- 2 कप
- दही- 2 बड़े चम्मच
- बेकिंग पाउडर या बेकिंग सोडा- एक चुटकी
- चीनी- आधा छोटा चम्मच
- नमक- स्वादानुसार
- पानी- आवश्यकतानुसार
- मक्खन- लगाने के लिए
आटा गूंथने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा, नमक, चीनी, बेकिंग पाउडर और दही डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें और इसे ढककर 30 मिनट के लिए सेट होने के लिए छोड़ दें।
- अब एक भारी तले वाला प्रेशर कुकर लें और उसे अंदर से अच्छी तरह पोंछ ले, ताकि पानी बिल्कुल न रहे और कुकर के ढक्कन से रबर और सीटी निकाल दें।
- इसके बाद कुकर को मध्यम से तेज आंच पर रखकर 5-7 मिनट के लिए गर्म कर लें। इसे सिर्फ इतना गर्म करना है कि रोटी इसमें आसानी से चिपक सके।
- अब आटे से मीडियम आकार की लोई तोड़ें और सूखा आटा लगाकर इसे सामान्य रोटी से थोड़ा मोटा और लंबा बेल लें।
- इस बेली हुई रोटी के एक तरफ हल्का पानी लगा दें, ताकि ये हिस्सा कुकर की साइड पर आसानी से चिपक जाए।
- अब सावधानी से रोटी को उठाएं और पानी वाले हिस्से को कुकर के अंदर की दीवार पर हल्के हाथ से चिपका दें।
- इस दौरान आंच को मध्यम रखें और एक से डेढ़ मिनट में रोटी पर बुलबुले उठने लगेंगे और नीचे से सिकने लगेगी।
- इसके बाद कुकर को सावधानी से उठाकर उल्टा करें और रोटी के ऊपर के हिस्से को आंच पर 20-30 सेकंड तक सेक लें।
- अब चिमटे की मदद से रोटी को धीरे से बाहर निकाल लें और बटर लगाकर परोसें।