विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाजार से ₹500 वाला डिब्बा क्यों खरीदना? 1 किलो आंवले से घर पर बनाएं 100% शुद्ध च्यवनप्राश, नहीं छुएगी सर्दी-खांसी

Published: Wed, 04 Nov 2026 11:25 AM (IST)

आइए जानते हैं कि कैसे आप सिर्फ 1 किलो ताजे आंवले से घर पर ही दादी-नानी के जमाने वाला शुद्ध च्यवनप्राश बना सकते हैं।

न कोई प्रिजर्वेटिव, न रिफाइंड शुगर! घर पर बनाएं दादी-नानी के नुस्खे वाला असली च्यवनप्राश (Image Source: AI-Generated)

न कोई प्रिजर्वेटिव, न रिफाइंड शुगर! घर पर बनाएं दादी-नानी के नुस्खे वाला असली च्यवनप्राश (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. बाजार के च्यवनप्राश में चीनी, प्रिजर्वेटिव्स होते हैं

  2. घर पर आंवले और गुड़ से शुद्ध च्यवनप्राश बनाएं

  3. सर्दियों में सर्दी-खांसी, वायरल बीमारियों से बचाव

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। सर्दियों की हल्की-हल्की ठंड शुरू होते ही हर घर में सर्दी, जुकाम और खांसी की चिंता सताने लगती है। ऐसे में, हम सबसे पहला काम यही करते हैं कि बाजार जाकर 400-500 रुपये का च्यवनप्राश का डिब्बा ले आते हैं।

लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार के च्यवनप्राश में भारी मात्रा में चीनी और प्रिजर्वेटिव्स मिले होते हैं? इस बार क्यों न पैसों की बचत की जाए और घर पर ही एकदम असली च्यवनप्राश बनाया जाए। आइए, बिना देर किए जान लीजिए इसकी आसान रेसिपी।

homemade chyawanprash recipe

(Image Source: AI-Generated)

च्यवनप्राश बनाने के लिए सामग्री

घर पर च्यवनप्राश बनाना कोई बहुत मुश्किल काम नहीं है। इसके लिए आपको बाजार से बस 1 किलो ताजे और बड़े आंवले लाने हैं। आंवले के साथ मिठास के लिए चीनी की जगह 750 ग्राम अच्छी क्वालिटी का गुड़ लें, जो सर्दियों में शरीर को गर्माहट देता है। इसके अलावा 3-4 बड़े चम्मच शुद्ध देसी घी और रसोई के कुछ आम मसाले चाहिए, जैसे- एक चम्मच सोंठ, 10-12 छोटी इलायची, 1 चम्मच काली मिर्च, 10-15 लौंग और 2-3 दालचीनी के छोटे टुकड़े।

च्यवनप्राश बनाने की विधि

  • इसे बनाने का तरीका बेहद आसान है। सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धो लें और कुकर में थोड़ा-सा पानी डालकर 2 सीटी आने तक उबाल लें। जब आंवले ठंडे हो जाएं, तो उनके बीज निकालकर अलग कर दें। अब बचे हुए आंवले के गूदे को मिक्सी में पीसकर एक गाढ़ा और चिकना पेस्ट बना लें। दूसरी तरफ, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी और इलायची को मिक्सी में पीसकर बारीक पाउडर तैयार कर लें।
  • अब गैस पर एक भारी तले वाली कड़ाही रखें और उसमें देसी घी डालें। घी के गर्म होते ही आंवले का पेस्ट डाल दें और धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक भूनें। जब आंवले का रंग हल्का बदलने लगे और पानी सूखने लगे, तो उसमें गुड़ डाल दें। गुड़ पिघलने लगेगा और मिश्रण पतला हो जाएगा। इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक यह फिर से गाढ़ा न होने लगे।
  • आखिर में, जब मिश्रण कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे और इसमें एक अच्छी चमक आ जाए, तो इसमें तैयार किया हुआ मसालों का पाउडर और सोंठ डाल दें। इसे 2 मिनट और पकाएं और गैस बंद कर दें। आपका 100% शुद्ध, बिना किसी मिलावट का होममेड च्यवनप्राश एकदम तैयार है।
  • इसे पूरी तरह ठंडा होने दें और एक साफ, सूखे कांच के जार में भरकर रख लें। रोज सुबह बच्चों को आधा चम्मच और बड़ों को एक चम्मच च्यवनप्राश खिलाएं। अगर ऊपर से हल्का गर्म दूध पी लिया जाए, तो इसका फायदा दोगुना हो जाता है। यकीन मानिए, इस शुद्ध च्यवनप्राश को खाने के बाद पूरी सर्दी आपके परिवार को सर्दी-खांसी और वायरल बीमारियां छू भी नहीं पाएंगी।

यह भी पढ़ें- दिखने में गोल-मटोल, खाने में लाजवाब! कर्नाटक की इस देसी डिश के दीवाने हैं लोग, कैल्शियम का भी है खजाना

यह भी पढ़ें- जिस ज्वार से बनती है रोटी, उसी से तैयार करें ऐसा उपमा कि भूल जाएंगे सूजी का स्वाद; नोट करें रेसिपी

डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है, इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह न मानें। कोई भी घरेलू नुस्खा अपनाने या स्वास्थ्य समस्या होने पर हमेशा अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।