मियामी का अनोखा रेस्टोरेंट, जहां बिना माइक्रोवेव और सीड ऑयल के बनता है खाना; कहलाता है ‘क्लीनेस्ट किचन’
मियामी में एक अनोखा रेस्टोरेंट अपनी हेल्दी कुकिंग के लिए मशहूर हो रहा है।

ये किचन कहता है खुद को सबसे साफ किचन (Picture Courtesy: Instagram)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आज के समय में लोग अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं। उनकी प्लेट में क्या परोसा जा रहा है, इसका वो पूरा ध्यान रखते हैं। ऐसे में आज हम आपको एक ऐसे रेस्टोरेंट के बारे में बताने वाले हैं, जो अपने अलग अंदाज से लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच रहा है।
ये रेस्टोरेंट है Avo Miami, जो साल 2021 में खुला था। ये रेस्टोरेंट खुद को मियामी का सबसे साफ किचन कहता है। आइए जानें क्या है इस रेस्टोरेंट की खासियत, जो इसे दूसरी जगहों से अलग बनाती है।
कुकिंग का अलग तरीका
मियामी का ये रेस्टोरेंट इसी मकसद से खोला गया था कि फिटनेस को बढ़ावा दिया जा सके। ये रेस्टोरेंट दावा करता है कि यहां खाना बनाने में सीड ऑयल्स का बिल्कुल इस्तेमाल नहीं किया जाता। रेस्टोरेंट में सिर्फ ऑलिव ऑयल का इस्तेमाल करके खाना बनाया जाता है। इसके अलावा, हैरानी की बात है कि इस पूरी बिल्डिंग में एक भी माइक्रोवेव नहीं है।
पोषण और पारदर्शिता से भरपूर किचन
इस रेस्टोरेंट में ओपन किचन है और उनका दावा है कि यहां फ्रेश और ऑर्गेनिक खानपान को बढ़ावा दिया जाता है। इसलिए यहां खाना बनाने के लिए सबसे बेहतरीन क्वालिटी और पोषक तत्वों से भरपूर सामग्रियों का इस्तेमाल ही किया जाता है।
यहां लोकल मार्केट में मिलने वाली चीजों का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि फ्रेश चीजों का इस्तेमाल हो। इसके अलावा, इस रेस्टोरेंट का पूरा मेनू न्यूट्रिशनिस्ट्स की देख-रेख में तैयार किया जाता है। साथ ही, हर एक डिश को ग्राहकों की आंखों के सामने, ओपन किचन में तैयार किया जाता है, ताकि लोगों को पता चले कि उनकी थाली में क्या परोसा जा रहा है।
इसके मेनू में ग्रास फेड और ऑर्गेनिक मीट, फ्रेश मछलियां और पसंद के मुताबिक प्लांट-बेस्ड डिशेज भी शामिल हैं। इसके अलावा, यहां फ्रेश कोल्ड-प्रेस्ड जूस और हाथ से बनी कॉफी भी मिलती है, जो ऑर्डर मिलने पर बिल्कुल फ्रेश तैयार की जाती है।
न्यूट्रिशन का पूरा ध्यान
इस रेस्टोरेंट की हर डिश को इस तरह तैयार किया जाता है कि उसमें प्रोटीन, फैट और कार्बोहाइड्रेट्स का सही बैलेंस बना रहे। इसका मकसद ग्राहकों को पोषक तत्वों से भरपूर और अच्छी क्वालिटी का खाना देना है।
कहां-कहां हैं ये रेस्टोरेंट?
ये रेस्टोरेंट फिलहाल तीन जगहों पर ही खुला है, मियामी बीच, साउथ मियामी और कोकनट ग्रोव। इसकी टीम में 25 से ज्यादा कर्मचारी हैं।
