चावल में पानी ज्यादा पड़ गया तो बिगड़ेगा नहीं स्वाद, फिर से खिले-खिले करने के लिए अपनाएं ये किचन हैक्स
इन किचन हैक्स से आप गीले चावल की नमी हटाकर उन्हें फिर से खिला-खिला बना सकते हैं।

गीले चावल को फिर से खिला-खिला करने के किचन हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। चावल खाने का मजा ही तब है जब वो खिले-खिले बने, पर कई बार पानी का अंदाजा न लग पाने की वजह से ये ज्यादा ही गीले हो जाते हैं। खासकर कि अगर पुलाव बनाया गया हो, तो गीले चावल खिचड़ी से कम नहीं लगते और सारा मजा किरकिरा हो जाता है।
ऐसे में अगर आप चावल की नमी कम करने या पानी निकालने के लिए कुछ तरीके तलाश रहे हैं, तो आइए इसके किचन हैक्स आपको बताते हैं।
ढक्कन हटाकर पकाएं
चावल पकने के बाद भी कुकर में पानी दिख रहा है, तो इसके लिए ढककर हटाकर उसे धीमी आंच पर पका लें। यह तरीका चावल के अंदर एक्स्ट्रा पानी को भाप में बाहर निकाल देगा। इस बात का ध्यान रखें कि चावल कुकर के तले में चिपक न जाए। दूसरे तरीके में आप ऊपर का पानी निकालकर भी उसे पका सकते हैं।
सूती कपड़े का इस्तेमाल
कुकर में ढक्कन बंद करने से पहले उसपर सूती कपड़ा लगा दें और उसके बाद बंद कर धीमी आंच पर पकाएं। कपड़ा चावल की नमी जल्दी और आसानी से सोख लेगा।
ब्रेड की स्लाइस रखें
पके हुए गीले चावल से नमी गायब करने के लुए 3-4 ब्रेड की स्लाइस लें और उसे चावल के ऊपर रख दें। ब्रेड चावल का सारा पानी और नमी को अवशोषित कर लेगा।
प्लेट में रखकर फैलाएं
कई बार चावल इतने गीले नहीं होते हैं कि उन्हें दोबारा पकाया जाए। ऐसे में आप चावल को प्लेट में अच्छे से फैलाकर पंखे के नीचे कम से कम 10-15 मिनट तक सुखा लें। इस बात का ध्यान रखें कि प्लेट में ज्यादा चावल नहीं होने चाहिए, वरना नमी बीच में फंसी रहेगी।
माइक्रोवेव में सुखाएं
अगर घर में माइक्रोवेव है तो देसी नुस्खा आजमाने के बजाय स्मार्ट तरीके से ओवन का इस्तेमाल करें। कुछ नहीं करना बस गीले चावल को बेकिंग ट्रे में डालकर 3-4 मिनट के लिए हीट दें। इससे सारी नमी भाप बनकर गायब हो जाएगी।
गीले चावल से बनाएं दूसरी रेसिपीज
चावल ज्यादा गीले होने पर अगर उन्हें खाया नहीं जा सकता, तो उन्हें फेंकने के बजाय दूसरा विकल्प ट्राई करें। आप इनसे नाश्ते में थोड़ा आलू मिलाकर कटलेट, बेसन मिलाकर चीला, पनीर मिलाकर टिक्की, मसालेदार राइस बॉल्स और साउथ इंडियन डिश अप्पम बना सकते हैं।
