पनीर-आलू नहीं, इस बार डिनर में बनाएं ढाबा स्टाइल 'राजमा मलाई कोफ्ता', मुंह में जाते ही घुलेगा मलाईदार स्वाद
अगर आप रोज के खाने से बोर हो गए हैं, तो इस बार ढाबा स्टाइल राजमा मलाई कोफ्ता ट्राई करें।

घर पर बनाएं ढाबा स्टाइल 'राजमा मलाई कोफ्ता' (Image Source: AI-Generated)
HighLights
राजमा मलाई कोफ्ता एक अनोखी और स्वादिष्ट डिश है
नरम राजमा कोफ्ते काजू और मलाईदार ग्रेवी में घुल जाते हैं
इसे बटर नान या जीरा राइस के साथ परोसें, स्वाद लाजवाब
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रोज-रोज रात के खाने में वही दाल, आलू या पनीर की सब्जी खाकर अगर आप बोर हो गए हैं, तो आज कुछ नया और लजीज ट्राई करने का दिन है। जी हां, रेस्टोरेंट या ढाबे का मसालेदार खाना किसे पसंद नहीं आता? लेकिन कैसा रहे अगर वही शानदार स्वाद आपको अपनी ही रसोई में मिल जाए? आज हम आपके लिए लेकर आए हैं एक बेहद खास और अनोखी रेसिपी- राजमा मलाई कोफ्ता।
मलाई कोफ्ता तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन राजमा से बने इन कोफ्तों का स्वाद एकदम हटकर होता है। राजमा के नरम कोफ्ते जब काजू और मलाई वाली रिच ग्रेवी में डूबते हैं, तो मुंह में जाते ही घुल जाते हैं। यह डिश वीकेंड डिनर या घर आए मेहमानों को इम्प्रेस करने के लिए एकदम परफेक्ट है। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
राजमा मलाई कोफ्ता बनाने के लिए सामग्री
कोफ्ते के लिए:
- 1 कप उबले हुए राजमा (रात भर भीगे और अच्छे से उबले हुए)
- 2 उबले हुए आलू (बाइंडिंग के लिए)
- 1 बारीक कटा हुआ प्याज और 2 हरी मिर्च
- बारीक कटा हरा धनिया
- आधा चम्मच गरम मसाला, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और नमक स्वादानुसार
- तलने के लिए तेल
ढाबा स्टाइल ग्रेवी के लिए:
- 2 बड़े प्याज और 3 टमाटर का पेस्ट
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 8-10 काजू का पेस्ट (रिचनेस के लिए)
- आधा कप ताजी मलाई या क्रीम
- 1-1 चम्मच धनिया पाउडर, हल्दी और कश्मीरी लाल मिर्च
- 1 चम्मच कसूरी मेथी
- 2 चम्मच तेल या मक्खन
राजमा मलाई कोफ्ता बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बर्तन में उबले हुए राजमा को अच्छी तरह मैश कर लें। ध्यान रहे कि राजमा में पानी न हो। अब इसमें उबले हुए आलू, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और सारे सूखे मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस मिश्रण से छोटे-छोटे गोल या अंडाकार कोफ्ते बना लें। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और इन कोफ्तों को सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें। इन्हें एक प्लेट में निकाल कर रख लें।
- अब ग्रेवी बनाने के लिए एक दूसरी कढ़ाई में मक्खन या तेल गरम करें। इसमें थोड़ा सा जीरा और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर भूनें। अब प्याज का पेस्ट डालें और सुनहरा होने तक पकाएं। इसके बाद टमाटर का पेस्ट, हल्दी, धनिया पाउडर और कश्मीरी लाल मिर्च डालकर तब तक भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ने लगे।
- मसाला अच्छे से भुन जाने के बाद इसमें काजू का पेस्ट डालें और 2 मिनट तक पकाएं। अब गैस की आंच धीमी करें और इसमें ताजी मलाई या क्रीम डाल दें। इसे लगातार चलाते रहें ताकि ग्रेवी फटे नहीं। अब इसमें आधा कप पानी और स्वादानुसार नमक डालकर ग्रेवी में एक उबाल आने दें।
- ग्रेवी गाढ़ी होने पर इसमें कसूरी मेथी और थोड़ा-सा हरा धनिया डालें और गैस बंद कर दें। ध्यान रखें कि कोफ्तों को उबलती ग्रेवी में न डालें, वरना वे टूट सकते हैं। जब भी आपको खाना परोसना हो, तो एक सर्विंग बाउल में पहले कोफ्ते रखें और ऊपर से गरमा-गरम मलाईदार ग्रेवी डाल दें।
- लीजिए, आपका ढाबा स्टाइल 'राजमा मलाई कोफ्ता' बिल्कुल तैयार है। इसे गरमागरम बटर नान, लच्छा पराठा या जीरा राइस के साथ सर्व करें। यकीन मानिए, जो भी इसे खाएगा, वह उंगलियां चाटता रह जाएगा और आपसे इसकी रेसिपी जरूर पूछेगा।
यह भी पढ़ें- शाही पनीर छोड़िए! इस बार बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल पनीर कोफ्ता, उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएंगे सब; नोट करें रेसिपी
