शाही पनीर छोड़िए! इस बार बनाएं रेस्टोरेंट स्टाइल पनीर कोफ्ता, उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएंगे सब; नोट करें रेसिपी
इस बार डिनर में बनाएं मुंह में घुल जाने वाला स्वादिष्ट पनीर कोफ्ता, जो आपको बार-बार बनाने पर मजबूर कर देगा।

पनीर कोफ्ता रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आपने मटर पनीर, पनीर बटर मसाला, शाही पनीर और पालक पनीर का स्वाद बहुत बार चखा होगा, पर क्या कभी पनीर कोफ्ता ट्राई किया है? अगर नहीं तो इस बार यह स्वादिष्ट सब्जी डिनर में बनाएं, मुंह में घुल जाने वाला इसका स्वाद आपको बार-बार बनाने को मजबूर कर देगा।
पनीर कोफ्ता रेसिपी
पनीर कोफ्ता को बनाने के लिए पहले मलाईदार और मसालेदार करी तैयार की जाती है, उसके बाद पनीर बॉल्स को इसमें डालकर सब्जी बनती है। आइए जानते हैं इसकी खास रेसिपी:
सामग्री
1 कप कसा हुआ पनीर
1 कप मैश किए आलू
1/4 कप बेसन
1/2 चम्मच लाल मिर्च
5-6 काजू
1/4 चम्मच हल्दी
1/2 चम्मच गरम मसाला
3 बड़े चम्मच कॉर्न फ्लोर
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए जरूरत अनुसार तेल
करी के लिए सामग्री
1 कप दही
1/4 कप काजू पेस्ट
3 छोटे चम्मच तेल
1 तेज पत्ता
1 इंच दालचीनी
1 बड़ी इलायची
1 छोटा चम्मच जीरा
1 बारीक कटी प्याज
2 मीडियम साइज टमाटर का पल्प
1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी पेस्ट
1/4 चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च
1 चम्मच जीरा
1/2 चम्मच धनिया पाउडर
1/2 चम्मच गरम मसाला
विधि
सबसे पहले एक बड़े कटोरे में 1 कप कद्दूकस पनीर और 1 कप उबला आलू लेकर मिक्स कर लें।
फिर इसमें बेसन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, काजू और स्वादानुसार नमक डालें।
इन सबको मिलकर आपको एक चिकनी और नरम बॉल्स तैयार कर लेनी है।
इन तैयार की गई बॉल्स पर कॉर्न फ्लोर का आटा भी लगाएं। इससे कोफ्ता कुरकुरा हो जाएगा।
इसके बाद कड़ाही में तेल डालकर गर्म करें और उसमें बॉल्स सुनहरे हो जाने तक फ्राई कर लें। इन्हें अलग प्लेट में निकालकर रख लें।
दूसरी तरफ करी बनाने की तैयारी करनी है, इसके लिए कड़ाही में तेल डालकर उसमें तेज पत्ता, इलायची, जीरा भूनें।
फिर अदरक और लहसुन के पेस्ट के साथ प्याज डालकर भी भून लेना है।
इसमें टमाटर का पल्प डालकर 2-3 मिनट तक पकाना है। जब चिकना पेस्ट तैयार हो जाए तो इसमें हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला, धनिया पाउडर और स्वादानुसार नमक डालें।
इस मिश्रण को 5 मिनट तक पकाएं, जब तेल से मसाला अलग होने तो समझ जाएं कि वह पक गया है।
इसमें दही और काजू का पेस्ट डालकर अच्छे से मिला लेना है। आप चाहे तो उसमें दूध भी थोड़ी मात्रा में मिला सकते हैं।
आपकी करी तैयार है, इसमें पनीर बॉल्स को डालकर मिक्स कर लें। पनीर कोफ्ता की सब्जी तैयार है, इसे डिनर में परोसें।
