दुनिया के 50 सबसे स्वादिष्ट फ्राइड फूड्स में भारत की 3 डिशेज हुई शामिल, मलाई कोफ्ते ने टॉप-10 में बनाई जगह
दुनिया के मशहूर फूड गाइड TasteAtlas ने 2026 के 50 डीप-फ्राइड डिशेज की लिस्ट जारी की है, जिसमें भारत के तीन व्यंजनों ने अपनी जगह बनाई है।

दुनिया के 50 बेहतरीन फ्राइड फूड्स में शामिल हुए भारत के तीन स्वाद, देखें पूरी लिस्ट (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। तली-भुनी चीजें खाना तो हम सबको पसंद होता है। दोस्तों के साथ पार्टी हो, कोई फिल्म देख रहे हों या फिर दिन भर काम करने के बाद रिलैक्स करना हो, फ्राइड स्नैक्स का मजा अलग ही होता है।
बता दें, अब इस स्वाद को एक नई पहचान मिल गई है। दरअसल, दुनिया के मशहूर फूड गाइड TasteAtlas ने सितं 2026 में दुनिया के 50 सबसे स्वादिष्ट डीप-फ्राइड खाने की एक शानदार लिस्ट जारी की है। खास बात ये है कि इस लिस्ट में भारत के तीन लाजवाब व्यंजनों ने अपनी जगह पक्की कर ली है। आइए आपको बताते हैं इस खास लिस्ट के बारे में।
लिस्ट में नंबर वन कौन?
इस पूरी लिस्ट में दुनिया भर के फ्राइड व्यंजनों को पीछे छोड़ते हुए दक्षिण कोरिया के चिकिन (Chikin) यानी कोरियन फ्राइड चिकन ने पहला स्थान हासिल किया है। इस डिश में चिकन के टुकड़ों को खास बैटर में डुबोकर डीप-फ्राई किया जाता है। पर भारत के स्वाद का जादू भी इस लिस्ट में खूब चला है।

(Image Source: instagram.com/@tasteatlas)
टॉप-10 में शामिल हुआ भारत का मलाई कोफ्ता
इस ग्लोबल लिस्ट में भारत की ओर से सबसे बेहतरीन जगह एक वेजिटेरियन डिश ने हासिल की है। जी हां, हम बात कर रहे हैं सबकी पसंदीदा डिश मलाई कोफ्ता की। मलाई कोफ्ता इस लिस्ट में 10वें स्थान पर है। इसमें आलू और पनीर के तले हुए स्वादिष्ट बॉल्स को काजू के गाढ़े और क्रीमी पेस्ट वाली ग्रेवी में डालकर परोसा जाता है। यह डिश खास मौकों और त्योहारों की शान बढ़ाती है।
32वें नंबर पर चेन्नई का मसालेदार चिकन 65
भारतीय स्वाद का एक और शानदार नमूना चिकन 65 इस लिस्ट में 32वें नंबर पर है। चेन्नई की यह मशहूर डिश अदरक, नींबू, लाल मिर्च और कई चटपटे मसालों से तैयार होती है, जिसमें चिकन को मैरीनेट करके डीप-फ्राई किया जाता है। दिलचस्प बात यह है कि कर्नाटक में इसे परोसते वक्त कद्दूकस किया हुआ नारियल डाला जाता है, वहीं आंध्र प्रदेश में कभी-कभी चिकन को तलने के बजाय पकाया भी जाता है।
40वें नंबर पर है पापड़ी चाट
चाट के बिना तो भारतीय खाने की बात ही अधूरी है। इस लिस्ट में 40वें स्थान पर पापड़ी चाट ने अपनी जगह बनाई है। यह भारत का एक ऐसा स्ट्रीट फूड है जो हर किसी के मुंह में पानी ला देता है। इसमें करारी तली हुई पापड़ी, खट्टी-मीठी इमली की चटनी, तीखी पुदीने की चटनी, काले चने, आलू और दही को एक साथ मिलाकर तैयार किया जाता है। इसके ऊपर से सेव और चाट मसाला डालकर इसका स्वाद और भी मजेदार हो जाता है।
खास मौकों पर बनने वाले मलाई कोफ्ते से लेकर चलते-फिरते खाए जाने वाले पापड़ी चाट तक, भारत के ये डीप-फ्राइड व्यंजन अपने स्वाद के लिए दुनिया भर में पसंद किए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पूरी दुनिया हुई मसाला चाय की दीवानी! जापान-चीन को पछाड़ नंबर-1 बनी भारत की यह देसी ड्रिंक
यह भी पढ़ें- कोलकाता की गलियों से दुनिया के टॉप रैप्स लिस्ट में, काठी रोल को मिली छठा स्थान; यहां पढ़ें रेसिपी
