Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बदलते समय के साथ फलों ने भी बदले रूप, कहीं मिर्च जैसे आम तो कहीं मिलते हैं प्याज जितने बड़े अंगूर

    Updated: Sun, 26 May 2024 06:47 AM (IST)

    गर्मियों के मौसम को अगर फलों का सीजन कहा जाए तो यह अतिश्योक्ति नहीं होगी। इस सीजन में कई तरह के फल बाजार में मिलते हैं। फलों को विभिन्न आकार में काटक ...और पढ़ें

    Hero Image
    यहां मिलते हैं अलग-अलग रंगों और आकार के फल (Picture Credit- Freepik)

    नई दिल्ली, आरती तिवारी। गर्मियों के दिन यानी ठंडे-ठंडे तरबूज की फांकें खाना या इसका स्वादिष्ट रस पीना। इस मौसम में शरीर को पानी की सबसे ज्यादा आपूर्ति करने वाला यह फल बेहद फायदेमंद होता है। आकार में गोल-मटोल तरबूज की खेती करने वाले किसानों के लिए सबसे मुश्किल होता है इनको मंडी तक पहुंचाना, क्योंकि ये अपने आकार की वजह से जितनी जगह घेरते हैं, उतने में तो ढेर सारे फल चले जाएं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ये समस्या तब भी आती है जब तरबूज के फल को ठंडा करने के लिए इसे फ्रिज में रखना होता है। ऐसे में दुनिया के एक कोने में मौजूद एक किसान को आइडिया आया और उसने तरबूज का आकार ही बदल डाला। लुढ़कते हुए तरबूज को वर्गाकार बनाकर पेश किया और सबका दिल जीत लिया। मेहनत हुई साकार, क्योंकि बढ़िया दाम में बिकता है तरबूज का यह अनोखा आकार। इसी तरह कुछ अन्य फल हैं जो अपने जैसे दिखने वाले फलों से हटकर नजर आते हैं और खूब नाम कमाते हैं।

    यह भी पढ़ें- गर्मियो के मौसम में घर पर जरूर बनाएं ये 5 ड्रिंक्स, सेहत के साथ मिलेगा स्वाद

    क्या खूब तरबूज

    तरबूज दुनियाभर में सबको प्यारा है। तभी तो जापान में उगाए गए चौकोर तरबूज की मांग कनाडा से लेकर रूस तक है। जापान के सेंबिक्या एग्रीकल्चर स्टोर को ऐसे तरबूज उगाने में महारत हासिल है। यह स्टोर न सिर्फ चौकोर बल्कि दिल के आकार समेत कई अन्य तरह के तरबूज उगाता है। वैसे इन दिनों उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, कौशांबी और फतेहपुर में भी तरबूज की निर्यात योग्य नई संकर किस्म ‘सरस्वती’ चौकोर आकार में उगाई गई है। तरबूज के साथ पहले भी कई तरह के प्रयोग हो चुके हैं। कभी बड़े से बड़ा तरबूज उगाकर तो कभी ढेर सारा तरबूज खाकर लोगों ने विश्व रिकार्ड बनाए हैं। स्वाधीनता से पूर्व 1939 में बिना बीज वाले तरबूज का उत्पादन भी किया जा चुका है।

    खरबूजे ने भी बदला रूप

    खरबूजे को देखकर खरबूजा रंग बदलता है, वाली कहावत तो आपने खूब सुनी होगी, मगर यहां तो खरबूजे अपने आस-पास आकार बदलते तरबूज को देखकर खुद भी आकार बदल रहे हैं। जापान में तरबूज का आकार बदलने की होड़ है, तो वहीं के कुछ किसान वही तरीका अपनाकर खरबूजे को भी कुछ अलग-अलग आकारों में पेश कर रहे हैं। ये खरबूजे गोल नहीं बल्कि चौकोर या आयताकार होकर लोगों को लुभा रहे हैं, दिल के आकार वाले खरबूजे पर तो हरकसी का दिल आ रहा है।

    हां, आकार चाहे जैसा भी हो, इस प्रक्रिया में तरबूज और खरबूजे के स्वाद में कोई अंतर नहीं आता है। तरबूज और खरबूज का आकार बदलने में मजबूत किस्म की प्लास्टिक से तैयार हुए मोल्ड का भी योगदान है, जिनको तैयार होते फलों के साथ जोड़ दिया जाता है और ये गोल-मटोल फल इन्हीं प्लास्टिक के मोल्ड के आकार में ढलकर बड़े हो जाते हैं।

    फलों में उभरा शांति का संदेश

    कई बार होता है कि किसी फल या सब्जी में कुछ अनोखे आकार बन जाते हैं, जिनको डीकोड करने के लिए हमें अपनी कल्पना शक्ति पर जोर देना पड़ता है, मगर चीन के हेक्सिया गांव में एक बगीचा है, जहां नन्हे-नन्हे बुद्ध नाशपाती पर उभरकर तैयार हो रहे हैं। इनकी संख्या एक- दो नहीं, बल्कि हर साल लगभग 10 हजार फल की है। इनकी चीन के अलावा यूरोपीय देशों में खूब मांग है।

    आम है या मिर्च

    गर्मी का तोहफा होता है फलों का राजा आम। इसके स्वाद से लेकर आकार तक सब दिल के एकदम करीब हैं। मगर सोचो अगर आपको आम के पेड़ पर मिर्च जैसा फल नजर आए तो एक बार संदेह में पड़ जाएंगे कि यह आम है या मिर्च। दरअसल, प्यानाबी चिली मैंगो एक प्रकार की ग्राफ्टेड प्रजाति है, जिसमें लाल-पीली मिर्च के आकार के मीठे रसीले फल लगते हैं।

    रंगत पर होता आश्चर्य

    डिब्बे में बंद लाल रंग की स्ट्राबेरी देखकर जी ललचाता है। यही स्ट्राबेरी अगर सफेद रंग की हो तो लगेगा कि फल अभी ठीक से पका नहीं है, मगर जापान के किसानों का कुछ अलग मानना है। यहां उगने वाली सफेद रंग की स्ट्राबेरी तो लक्जरी फलों में से एक है। इन्हें शिरोई हाउसेकी या वाइट ज्वेल कहा जाता है। सफेद गूदे वाली ये स्ट्राबेरी सामान्य फल की तुलना में तीन गुणा बड़ी व अधिक स्वादिष्ट होती है। अनोखे आकार के फल उगाने में जापान को मजा आने लगा है, तभी तो वहां अंगूर भी ऐसे अनोखे आकार के हैं जो प्याज जितने बड़े होते हैं। ये दुनिया के सबसे बड़े आकार के अंगूर हैं। मात्र जापान के इशिकावा में ही तैयार होने वाली इस प्रकार के अंगूर की फसल के एक गुच्छे की कीमत 300 डालर (लगभग 25 हजार रुपये) होती है!

    यह भी पढ़ें- सिर्फ शरबत ही नहीं, गर्मियों में सत्तू का पराठा भी है परफेक्ट ऑप्शन, मिनटों में हो जाता है तैयार