न बेसन के पकौड़े, न बाजार वाली नमकीन; मसूर दाल और पालक से तैयार कर लें ये क्रिस्पी स्नैक्स, आसान है रेसिपी
शाम की चाय के लिए बिस्किट और नमकीन से हटकर, मसूर दाल-पालक से बने क्रिस्पी और हेल्दी पकौड़े बेहतरीन विकल्प हैं।

मसूर दाल–पालक से बने क्रिस्पी स्नैक्स की रेसिपी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शाम की चाय का समय हर किसी के लिए रिलैक्स करने और परिवार के साथ बैठकर हल्की-फुल्की बातचीत का सबसे अच्छा मौका होता है। अगर इस समय कुछ कुरकुरा, टेस्टी और हेल्दी मिल जाए तो आनन्द दोगुना हो जाता है। डेली वही बिस्किट, नमकीन या रेडीमेड स्नैक्स खाने से बोर हो गए हैं तो इस बार कुछ खास ट्राय करें।
मसूर दाल और पालक से बने पकौड़े स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ध्यान रखते हैं। मसूर दाल प्रोटीन और फाइबर से भरपूर होती है, जबकि पालक आयरन, कैल्शियम और विटामिन्स का खजाना है। इन दोनों से बने पकौड़े शरीर को एनर्जी देते हैं और लंबे समय तक पेट भरा रखते हैं। ऐसे में यहां मसूर दाल और पालक से बनने वाली दो आसान और टेस्टी रेसिपीज की जानकारी दी गई है, जिनसे आपकी शाम की चाय बन जाएगी खास,आइए जानें :
क्लासिक मसूर दाल–पालक क्रिस्पी पकौड़े
यहां क्लासिक मसूर दाल–पालक क्रिस्पी पकौड़े की रेसिपी दी गई है:
इंग्रीडिएंट्स
मसूर दाल – डेढ़ कप (3–4 घंटे भिगोई हुई)
पालक – 1 कप बारीक कटा
प्याज – 1 मीडियम साइज, बारीक कटा
हरी मिर्च – 1–2 बारीक कटी
अदरक – 1 छोटा चम्मच कद्दूकस
जीरा – ½ छोटा चम्मच
अजवाइन – ½ छोटा चम्मच
हल्दी – ¼ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
नमक – स्वादानुसार
चावल का आटा या बेसन – 1–2 बड़ा चम्मच
तेल – तलने के लिए
बनाने की विधि
भीगी मसूर दाल को दरदरा पीस लें।
एक बाउल में दाल का पेस्ट, पालक, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और सभी मसाले मिलाएं।
अब चावल का आटा या बेसन डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
कढ़ाही में तेल गर्म करें और मीडियम फ्लेम पर छोटे-छोटे पकौड़े डालकर सुनहरे और क्रिस्पी होने तक तलें।
टिशू पेपर पर निकाल लें। इन्हें हरी चटनी या टमाटर सॉस के साथ सर्व करें।
हेल्दी पैन-फ्राइड मसूर दाल–पालक पकौड़े
हेल्दी पैन-फ्राइड मसूर दाल–पालक पकौड़े की रेसिपी बहुत आसान है:
इंग्रीडिएंट्स
मसूर दाल – डेढ़ कप (भिगोई और दरदरी पिसी)
पालक – 1 कप बारीक कटा
ओट्स पाउडर या सूजी – 3 बड़ा चम्मच
प्याज – 1 छोटा, बारीक कटा
हरी मिर्च – 1 बारीक कटी
लहसुन – 2 कलियां कद्दूकस
काली मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
ऑलिव ऑयल या सरसों का तेल – 1–2 छोटा चम्मच
बनाने की विधि
सभी इंग्रीडिएंट्स को एक बाउल में मिलाकर गाढ़ा बैटर तैयार करें।
नॉन-स्टिक तवा गरम करें और हल्का सा तेल लगाएं।
चम्मच से छोटे टिक्की जैसे पकौड़े फैलाएं और धीमी आंच पर दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेंक लें।
यह रेसिपी कम तेल में बनती है इसलिए वेट वॉचर्स के लिए बेस्ट ऑप्शन है।