नवरात्र में बिना प्याज-लहसुन के भी बनेगी गाढ़ी और चटाकेदार ग्रेवी, बस सब्जी बनाते समय अपनाएं ये किचन हैक्स
नवरात्र में बिना प्याज-लहसुन के भी स्वादिष्ट और गाढ़ी ग्रेवी बनाने के कई आसान तरीके हैं।

बिना प्याज-लहसुन के ग्रेवी गाढ़ी करने के हैक्स (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई घरों में नवरात्र के दिनों में प्याज-लहसुन से सख्त परहेज किया जाता है, ऐसे में घरवालों की शिकायत रहती है कि खाने में स्वाद नहीं आ रहा। अगर आप भी इन 9 दिनों में इसी समस्या से परेशान रहते हैं, तो ऐसे कई तरीके हैं जिनकी मदद से सब्जी की ग्रेवी बिना प्याज-लहसुन डाले गाढ़ी और स्वादिष्ट की जा सकती है। आइए इन सभी हैक्स के बारे में आपको बताते हैं:
टमाटर प्यूरी
सब्जी में बिना प्याज की ग्रेवी के लिए सबसे सस्ता और आसन उपाय टमाटर प्यूरी है। अगर आप सब्जी में 2 टमाटर डालते हैं, तो इस बार प्याज की जगह 2 टमाटर और बढ़ा दें और उसका रस निकाल लें। आप चाहे टमाटर को काटकर भी पका सकते हैं। ये आसानी से गल जाएंगे और सब्जी में टैंगी टेस्ट देंगे।
बेसन
2 बड़े चम्मच बेसन को पैन में डालकर धीमी आंच पर सबसे पहले भून लेना है। उसमें खुशबू आने लगे तो समझ जाएं कि बेसन तैयार है। सब्जी बनाते समय टमाटर और मसालों के साथ बेसन और थोड़ा पानी मिलाएं।
मूंग दाल और तिल का पेस्ट
मूंग दाल और तिल का पेस्ट दोनों को साथ में पहले कड़ाही में भून लेना है। उसके बाद ठंडा कर इन्हें बारीक पीस लें। इस पेस्ट को पानी थोड़े पानी के साथ सब्जी में मिला लें। इससे सब्जी में गाढ़ा और नटी फ्लेवर आएगा, जो सब्जी का स्वाद दोगुना कर देगा।
दही
सब्जी में ग्रेवी के लिए दही डालने से पहले उसे थोड़ी देर अच्छे से फेंट लें और हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर जैसे मसाले मिलाएं। फिर इसे धीमी आंच पर पकाना है, इस बात का ध्यान रखें कि इस दौरान दही फटे नहीं।
क्रीम या नारियल दूध
सब्जी में क्रीमी स्वाद लाने के लिए बाजार से शुद्ध क्रीम या फिर नारियल दूध दोनों में से किसी का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
आलू
सामान्य सब्जी में उसकी मात्रा के हिसाब से 2-3 मीडियम साइज आलू मैश करके डाले सकते हैं। इससे बिना किसी तामझाम और मेहनत के सब्जी को आसानी से गाढ़ा किया जा सकता है।
काजू और खसखस का पेस्ट
काजू और खसखस का पेस्ट सब्जी को गाढ़ा करने के साथ ही स्वाद बढ़ा सकता है। अगर आप शाही पनीर, मलाई कोफ्ता या कोई मलाईदार सब्जी बना रहे हैं, तो उसमें 10-12 काजू के साथ ही 1 चम्मच खसखस मिलाएं। इसके लिए दोनों को पानी में कम से कम 15 मिनट के लिए रख देना है। इसके बाद बारीक पीकर सब्जी में मिक्स करें।
