विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न चकला चाहिए, न बेलन... पानी वाले हाथों से थपकी देने पर तैयार होती है लाजवाब रोटी, नोट कर लें देसी रेसिपी

Published: Wed, 07 Oct 2026 01:07 PM (IST)

इस आर्टिकल में आप 'पानी वाली रोटी' बनाने की पारंपरिक विधि जानेंगे, जिसे बिना चकला-बेलन के गीले हाथों से थपकी देकर तैयार किया जाता है।

बिना चकला-बेलन ऐसे बनाएं 'पानी वाली रोटी' (Image Source: AI-Generated)

बिना चकला-बेलन ऐसे बनाएं 'पानी वाली रोटी' (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. बिना चकला-बेलन के हाथों से बनती है यह पारंपरिक रोटी

  2. पानी लगे हाथों से थपकी देकर इसे बड़ा किया जाता है

  3. गरमागरम रोटी पर देसी घी लगाकर साग या चटनी संग परोसें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आपको भी अपनी दादी-नानी के हाथों की बनी वह सोंधी-सोंधी रोटी याद है? आजकल हम रसोई में झटपट काम निपटाने के लिए चकला और बेलन का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हमारे गांव-देहात में आज भी एक ऐसी देसी रोटी बनाई जाती है, जिसके लिए इन दोनों चीजों की कोई जरूरत नहीं होती। इसे 'पानी की रोटी' या 'हाथ की रोटी' भी कहा जाता है।

इस रोटी का असली स्वाद इसके बनाने के खास तरीके में छिपा है। इसे बेलन से दबाकर नहीं, बल्कि पानी लगे हाथों की प्यार भरी थपकी से बड़ा किया जाता है। जब यह लोहे के तवे या मिट्टी के चूल्हे पर सिंकती है, तो इसकी खुशबू पूरे घर में फैल जाती है। अगर आप भी रोज की साधारण रोटी खाकर बोर हो गए हैं, तो आइए जानते हैं इस पारंपरिक रोटी को बनाने की आसान देसी रेसिपी।

जरूरी सामग्री

  • गेहूं का आटा (अगर आटा थोड़ा मोटा पिसा हो, तो रोटी ज्यादा स्वादिष्ट बनती है)
  • गुनगुना पानी (आटा गूंथने के लिए)
  • एक कटोरी में साफ पानी (हाथों में लगाने के लिए)
  • थोड़ा-सा नमक (स्वादानुसार)
  • देसी घी (रोटी पर लगाने के लिए)

बनाने की विधि

  • सबसे पहले एक बर्तन में आटा लें और उसमें चुटकी भर नमक मिला लें। अब गुनगुने पानी की मदद से आटा गूंथ लें। ध्यान रहे कि इस रोटी के लिए आटा न तो पूड़ी की तरह सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा गीला। इसे गूंथने के बाद लगभग 10 से 15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि आटा अच्छे से सेट हो जाए।
  • अब गैस पर तवा गरम होने के लिए रख दें। आटे की एक लोई तोड़ें। ध्यान रखें कि इस रोटी की लोई, चकला-बेलन वाली सामान्य रोटी की लोई से थोड़ी सी बड़ी होती है। इसे हाथों से गोल कर लें।
  • अब आता है इस रेसिपी का सबसे मजेदार हिस्सा। अपने दोनों हाथों की हथेलियों पर कटोरी वाला साफ पानी हल्का सा लगा लें। लोई को दोनों हाथों के बीच रखें और उंगलियों व हथेलियों की मदद से धीरे-धीरे थपकी देते हुए रोटी को किनारों से बड़ा करें। पानी की वजह से आटा हाथों में बिल्कुल नहीं चिपकेगा और रोटी आसानी से गोल आकार में फैल जाएगी।
  • जब रोटी मनचाहे आकार की हो जाए, तो इसे बहुत ही सावधानी से गरम तवे पर डाल दें। जब रोटी एक तरफ से हल्की सिंक जाए और उसका रंग थोड़ा बदल जाए, तो उसे पलट दें। दूसरी तरफ से भी उसे अच्छे से सिंकने दें।
  • जब रोटी दोनों तरफ से तवे पर सिक जाए, तो तवा हटाकर रोटी को सीधे गैस की आंच पर चिमटे की मदद से घुमा-घुमा कर सेंक लें। आप देखेंगे कि यह एकदम गुब्बारे की तरह फूल जाएगी और इस पर सुनहरे रंग के चित्ते आ जाएंगे।
  • बस फिर, तैयार हो जाएगी आपकी गरमागरम पानी वाली रोटी। इसे आंच से उतारते ही इस पर ढेर सारा देसी घी लगाएं। इस लाजवाब देसी रोटी को आप सरसों के साग, लहसुन की चटपटी चटनी या अपनी किसी भी मनपसंद दाल और सब्जी के साथ परोस सकते हैं।

यह भी पढ़ें- सुबह की भागदौड़ में नाश्ते का नहीं है समय? सिर्फ 10 मिनट में बनाएं प्रोटीन से भरपूर 'मूंग दाल-बेसन चीला'

यह भी पढ़ें- पनीर-आलू नहीं, इस बार डिनर में बनाएं ढाबा स्टाइल 'राजमा मलाई कोफ्ता', मुंह में जाते ही घुलेगा मलाईदार स्वाद