विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न शिमला में जन्मी, न मिर्च जैसी तीखी… फिर भी क्यों कहलाती है शिमला मिर्च? इस सब्जी का इतिहास है बड़ा दिलचस्प

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:06 PM (IST)

शिमला मिर्च का नाम शिमला से जुड़ा है क्योंकि अंग्रेजों ने पहली बार वहीं उगाया था, जबकि इसका मूल दक्षिण अमेरिका में है।

अमेरिका से मंगाए थे शिमला मिर्च के बीज (Image Source: AI Generated)

अमेरिका से मंगाए थे शिमला मिर्च के बीज (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जिस तरह नामी हस्तियों का इतिहास है, उसी तरह हमारे किचन में आसानी से उपलब्ध होने वाली सब्जियों का भी अपना एक इतिहास रहा है। इससे पहले हमने आलू के इतिहास पर विस्तार से बात की थी, जिसने एक समय में यूरोप में बैन भी झेला और आज हम बात करने वाले हैं शिमला मिर्च की। कभी आपने सोचा है एक मिर्च का नाम शिमला मिर्च कैसे पड़ा? 

क्या इसका हिमाचल के शिमला से कोई कनेक्शन है या फिर इसे शिमला मिर्च कहे जाने की अपनी कोई कहानी है? आइए इसके बारे में जानते हैं। 

कहां से हुई शिमला मिर्च की शुरुआत? 

हमने इतिहास की किताबों में क्रिस्टोफर कोलंबस के बारे में तो पढ़ा होगा, कहते हैं कोलंबस ने ही दुनिया को कैप्सिकम के बारे में बताया था। दरअसल, जब कोलंबस भारत की खोज में धोखे से दक्षिण अमेरिका पहुंचा तो उसे लगा कि यहां के लोग खाने में जिस मिर्च का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह एक तरह की काली मिर्च ही है। इसी वजह से भ्रम के चलते इसका नाम अंग्रेजी में ‘Pepper’ रखा गया।

इसके बाद 1493 में स्पेन में भी इसकी खेती शुरू हो गई और दुनिया ने इस सब्जी के बारे में जाना। पर इतिहास में यह बात दर्ज है कि शिमला मिर्च 7500 ईसा पूर्व से ही दक्षिण और मध्य अमेरिका के देशों जैसे- बोलीविया, पेरू मेक्सिको के खाने में शामिल थी। 

वास्को डी गामा भारत लेकर आए 

ऐसा माना जाता है कि भारत की खोज करने वाले वास्को डी गामा ने शिमला मिर्च को भारत तक पहुंचाया था। कहते हैं कि गोवा ही वो जगह थी जहां पहली बार कैप्सिकम उगाई गई। फिर धीरे-धीरे करके पूरे भारत में इसकी खेती की जाने लगी और आज भारत इसके उत्पादन में दुनियाभर में चौथे स्थान पर है। पर यहां ध्यान देने वाली है कि पुर्तगाली द्वारा लाई गई यह मिर्च तीखी थी। 

शिमला मिर्च क्यों रखा गया इसका नाम? 

भारत में बिना तीखेपन वाली कैप्सिकम लाने का श्रेय अंग्रेजों को जाता है और औपनिवेशिक शासन के दौरान इसे पहले बार देश में लाया गया। अंग्रेजों ने शिमला मिर्च के बीज अमेरिका से मंगवाए थे और इसे पहली बार गर्मियों की राजधानी शिमला में उगाया गया था। ऐसे में शिमला ही वो जगह थी जहां इस सब्जी को सबसे पहले उगाया गया और इसका नाम तब से ही शिमला मिर्च ही पड़ गया।