विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोमोज और थुकपा से आगे बढ़िए! पहली बाइट में ही दिल जीत लेगी नॉर्थ-ईस्ट की यह डिश, भाप पर होती है तैयार

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:52 AM (IST)

नॉर्थ-ईस्ट का खाना अपने आप में एक अलग दुनिया है और 'पाकनम' उसी दुनिया का एक बेहद खास हिस्सा है।

एक बार जरूर चखिए मणिपुर का 'पाकनम' (Image Source: AI-Generated)

एक बार जरूर चखिए मणिपुर का 'पाकनम' (Image Source: AI-Generated)

HighLights

  1. पाकनम मणिपुर की एक पारंपरिक और स्वादिष्ट नॉनवेज डिश है

  2. यह एनगरी फिश, सूखे मशरूम और झींगा से तैयार होती है

  3. हल्दी-केले के पत्तों में पैक कर भाप पर पकाया जाता है

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप नॉनवेज के पक्के शौकीन हैं और कुछ बिल्कुल नया और हटकर चखना चाहते हैं, तो आपको नॉर्थ-ईस्ट के जायके की तरफ रुख करना चाहिए। जी हां, आज हम बात कर रहे हैं मणिपुर की बेहद फेमस डिश 'पाकनम' की।

इसका स्वाद जितना लाजवाब है, इसे पकाने का देसी और पारंपरिक तरीका इसे उतना ही खास बना देता है। एनगरी फिश और सूखे मशरूम के मेल से बनने वाली यह डिश आपके स्वाद का नजरिया बदल सकती है। आइए जानते हैं कि इस मणिपुरी डिश को आप अपनी रसोई में कैसे तैयार कर सकते हैं।

पाकनम बनाने के लिए जरूरी सामग्री

इस डिश का असली जादू इसके चुनिंदा मसालों और सब्जियों में छिपा है। इसे बनाने के लिए आपको चाहिए:

  • सूखे मशरूम: आधा कप
  • सूखी झींगा मछली: 100 ग्राम
  • मरोई नापाकपी (हूकर चिव्स): 1 कप
  • बारीक कटा प्याज: आधा कप
  • फर्मेंटेड एनगरी फिश (स्टीम की हुई): 7 से 8 टुकड़े
  • अदरक: 1 छोटा चम्मच
  • बेसन: 2 छोटे चम्मच
  • हल्दी पाउडर: आधा छोटा चम्मच (अगर आप चाहें तो)
  • नमक: आपके स्वाद के मुताबिक
  • पैक करने के लिए: 4-5 हल्दी के पत्ते और कुछ केले के पत्ते
  • तीखेपन के लिए: हरी और लाल मिर्च (जरूरत के अनुसार)

पाकनम बनाने का तरीका

  • इस रेसिपी की शुरुआत होती है सूखे मशरूम से। इन्हें इस्तेमाल करने से पहले करीब आधे घंटे के लिए पानी में भिगोकर छोड़ दें। जब ये नरम पड़ जाएं, तो इन्हें 3-4 बार साफ पानी से धोएं ताकि सारी मिट्टी या गंदगी निकल जाए। इसके बाद इन्हें प्रेशर कुकर में डालें और 3 से 4 सीटी आने तक उबाल लें। कुकर का प्रेशर अपने आप खत्म होने दें। मशरूम ठंडे हो जाएं, तो उन्हें हाथों से अच्छी तरह निचोड़ लें ताकि सारा पानी निकल जाए।
  • अब एक बड़ा बर्तन लें। इसमें उबले हुए मशरूम, स्टीम की गई एनगरी फिश, मरोई नापाकपी और कुछ हरी मिर्च डालें। इन सभी को हाथों या मैशर की मदद से अच्छे से कुचल कर मिला लें। अब इस पेस्ट में अपना कटा हुआ प्याज, सूखी झींगा, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, थोड़ा सा अदरक और बेसन डाल दें। हल्का-सा पानी छिड़कें और एक गाढ़ा, शानदार मिश्रण तैयार कर लें।
  • यहीं से इस डिश में वो खास महक आती है। तैयार किए गए इस चटपटे मिश्रण को हल्दी के पत्तों के बीच में रखें। आप इसे अपनी पसंद के हिसाब से गोल या चौकोर शेप दे सकते हैं। इसे हल्दी के पत्तों में अच्छे से बंद करने के बाद, इसके ऊपर केले के पत्तों की एक और परत चढ़ाकर बढ़िया से पैक कर दें।
  • अब गैस पर एक कड़ाही रखें और इस पत्तों वाले पैकेट को उसमें रख दें। इसे धीमी आंच पर धीरे-धीरे सिकने दें। इस पूरी प्रक्रिया में आराम से 40 से 45 मिनट का समय लगता है, जिससे अंदर का मिश्रण सुनहरा और खुशबूदार हो जाता है।
  • तय समय के बाद कड़ाही से पैकेट को निकालें और हल्का ठंडा होने का इंतजार करें। जब आप पत्ते खोलेंगे, तो जो खुशबू उड़ेगी, वो सीधे आपकी भूख बढ़ा देगी। इसे अपने मनपसंद आकार में काटें और गरमागरम सर्व करें। आपका स्वादिष्ट मणिपुरी 'पाकनम' बिल्कुल तैयार है।

यह भी पढ़ें- टमाटर-कॉर्न नहीं, इस सर्दी ट्राई करें कैल्शियम से भरपूर रागी सूप; शरीर को अंदर से रखेगा गर्म

यह भी पढ़ें- कभी खाए हैं बर्फ वाले बोन-बोन गोलगप्पे? एक बाइट में मुंह में फूटेगा पटाखा, एकदम लाजवाब है ये फ्यूजन रेसिपी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।